Source :- LIVE HINDUSTAN
Motorola Signature 27 का ग्लोबल लॉन्च 5 नवंबर को होगा। फोन में Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 प्रोसेसर, 12GB रैम और Android 17 मिलने की उम्मीद है।
टेक कंपनी Motorola अपने नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन Motorola Signature 27 को जल्द लॉन्च करने जा रहा है। कंपनी ने इसके ग्लोबल लॉन्च की तारीख का ऐलान कर दिया है। यह फोन 5 नवंबर को पेश किया जाएगा। लॉन्च से पहले स्मार्टफोन को Geekbench बेंचमार्क प्लेटफॉर्म पर भी देखा गया है, जहां इसके प्रोसेसर, रैम और ऑपरेटिंग सिस्टम से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आई हैं। फोन में Qualcomm का नया Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 प्रोसेसर मिलेगा। इसके अलावा इसमें 200 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा भी दिया जाएगा।
Motorola ने कन्फर्म किया है कि Signature 27 को 5 नवंबर 2026 को ग्लोबल मार्केट में लॉन्च किया जाएगा। कंपनी ने अपने आधिकारिक X अकाउंट के जरिए इसकी जानकारी दी है। इससे पहले कंपनी ने फोन को सितंबर में Snapdragon Summit 2026 के दौरान पेश किया था। इसके बाद अक्टूबर में इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2026 में भी इसकी झलक दिखाई गई थी।
भारत में भी इस स्मार्टफोन का लॉन्च नवंबर में होने की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि, भारतीय मार्केट के लिए अभी तक लॉन्च डेट और कीमत का खुलासा नहीं किया गया है। Motorola की भारतीय वेबसाइट पर फोन की माइक्रोसाइट भी लाइव हो चुका है।
Geekbench पर दिखी फोन की ताकत
लॉन्च से पहले Motorola Signature 27 को Geekbench 7 बेंचमार्क प्लेटफॉर्म पर देखा गया है। यहां स्मार्टफोन ने सिंगल-कोर टेस्ट में 3313 पॉइंट और मल्टी-कोर टेस्ट में 11088 पॉइंट हासिल किए हैं।
लिस्टिंग के मुताबिक, फोन में Qualcomm का SM8975 चिपसेट दिया गया है, जो Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 प्रोसेसर से मेल खाता है। इसमें Adreno 850 GPU भी मिलेगा। बेंचमार्क लिस्टिंग में फोन को 12GB रैम के साथ देखा गया है। यह Android 17 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करेगा। हालांकि, Geekbench के ये नतीजे प्री-लॉन्च यूनिट के हैं और रिटेल डिवाइस का परफॉर्मेंस अलग हो सकता है।
200MP कैमरा और 7 साल तक अपडेट
Motorola Signature 27 में फोटोग्राफी के लिए 50 मेगापिक्सल का Sony LYTIA 910 प्राइमरी कैमरा दिया जाएगा। इसके साथ 200 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा मिलेगा। यह 100X डिजिटल जूम सपोर्ट करेगा। फोन में क्वॉड रियर कैमरा सेटअप मिलेगा।
स्मार्टफोन में बेहतर टेंपरेचर कंट्रोल करने के लिए ArcticMesh कूलिंग सिस्टम दिया जाएगा। इसमें डायमंड-इन्फ्यूज्ड थर्मल जेल, लिक्विड मेटल, कॉपर मेश और बड़ा 3D वेपर चैंबर शामिल है। कंपनी के मुताबिक, इसका वेपर चैंबर पिछली जेनरेशन के मुकाबले 40 प्रतिशत बड़ा है।
फोन में Bang & Olufsen (B&O) का ऑडियो सिस्टम भी मिलेगा। कंपनी इस स्मार्टफोन के लिए सात साल तक OS अपडेट देने का वादा कर रही है। डिजाइन की बात करें तो यह Pantone Coal Smoke और Pantone Capulet Green कलर में आएगा। फिलहाल इसकी भारतीय कीमत और सेल की डेट का इंतजार है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




