Home खेल समाचार इंडिया मैच में दिखाया गया पाकिस्तान का गलत झंडा, FIH ने मांगी...

इंडिया मैच में दिखाया गया पाकिस्तान का गलत झंडा, FIH ने मांगी माफी; आखिर क्या हुई चूक?

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने इंडिया के खिलाफ प्रो लीग मैच में पाकिस्तान का झंडा गलत दिखाए जाने पर माफी मांगी है। यह मैच लंदन में आयोजित हुआ, जिसमें भारतीय टीम ने जीत दर्ज की।

भारत के खिलाफ एफआईएच प्रो लीग के मैच के दौरान राष्ट्रगान के समय पाकिस्तान का झंडा गलत दिखाए जाने पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने माफी मांगी है। भारत ने मंगलवार को लंदन में यह मुकाबला 4-3 से जीता। मैच से पूर्व राष्ट्रगान के समय पाकिस्तान का गलत झंडा मैदान पर था। पाकिस्तान के राष्ट्रीय झंडे में एक हरा मैदान है जिसके बीच में एक सफेद अर्धचंद्र और पांच नुकीले तारे हैं, साथ ही ऊपर की तरफ एक सीधी सफेद पट्टी है लेकिन इसमें सफेद पट्टी गायब थी।

FIH ने PHF से भी लिखित माफी मांगी

सोशल मीडिया पर इसे लेकर विवाद होने के बाद एफआईएच ने एक बयान में कहा, ”लंदन में एफआईएच हॉकी प्रो लीग मैच के दौरान पाकिस्तान का झंडा गलत तरीके से दिखाए जाने के बाद एफआईएच इस गलती के लिए बिना शर्त माफी मांगना चाहता है।” इसमें कहा गया, ”हॉकी की विश्व संचालन ईकाई समझती है कि टीम का झंडा पहचान, गर्व और प्रतिनिधित्व का एक जरूरी चिन्ह है और पाकिस्तानी टीम, प्रशंसकों, लोगों और राष्ट्रीय महासंघ को इससे हुई किसी भी ठेस के लिए उसे बहुत अफसोस है।” इसमें कहा गया कि एफआईएच इस गलती की पूरी जिम्मेदारी लेता है और अपनी प्रक्रिया की समीक्षा करेगा ताकि आइंदा ऐसी गलतियां नहीं हो। एफआईएच ने पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) से भी लिखित में माफी मांगी है।

तो भारत का जीत का अंतर बेहतर होता

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ पिछले एक दशक का अपराजेय अभियान जारी रखते हुए एफआईएच प्रो लीग के लंदन चरण का आगाज जीत के साथ किया, हालांकि आखिरी क्वार्टर में दो गोल नहीं गंवाए होते तो जीत का अंतर बेहतर होता। प्रो लीग की तालिका में आखिरी स्थान पर काबिज पाकिस्तान ने आठवें मिनट में ही नदीम अहमद के गोल के दम पर बढत बना ली। भारत के लिए दूसरे क्वार्टर में 22वें मिनट में अभिषेक ने फील्ड गोल करके बराबरी दिलाई और 24वें मिनट में नीलाकांता शर्मा ने पेनल्टी कॉर्नर तब्दील करके बढत दिला दी। हाफटाइम तक भारत 2-1 से आगे था।

भारतीय टीम की अब इंग्लैंड से टक्कर

तीसरे क्वार्टर में सुखजीत सिंह ने 40वें मिनट में फील्ड गोल करके बढ़त 3-1 की कर दी। चौथे क्वार्टर में 52वें मिनट में राजिंदर सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर भारत का चौथा गोल किया तो बड़े अंतर से जीत तय लग रही थी। लेकिन आखिरी क्षणों में गोल गंवाने और डिफेंस के चरमराने की कमजोरी फिर उजागर हुई और पाकिस्तान के लिये महमूद अबू (53वां मिनट) और शकील मोईन (60वां) ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत की जीत का अंतर कम कर दिया। भारत को अब शुक्रवार को मेजबान इंग्लैंड से खेलना है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN