Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- आईटी कंपनी इंफोसिस का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में मुनाफा 6.2 प्रतिशत बढ़कर 7,823 करोड़ रुपये रहा
- तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व बढ़कर 49,244 करोड़ रुपये हो गया
Infosys Q2 Result: देश की दिग्गज आईटी कंपनी इंफोसिस ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 7,823 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले की तुलना में 6.2 प्रतिशत अधिक है। वहीं, दूसरी तिमाही में इंफोसिस का राजस्व 10.7 फीसदी की वृद्धि के साथ 49,244 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। तिमाही में डॉलर में कंपनी का राजस्व 1.3 फीसदी सालाना बढ़कर 514.5 करोड़ डॉलर हो गया। इस दौरान मुनाफा घटकर 81.7 करोड़ डॉलर रहा। यह एक साल पहले के 83.9 करोड़ डॉलर से 2.5 प्रतिशत कम है।
राजस्व में उत्तरी अमेरिका की हिस्सेदारी कम
कंपनी के राजस्व में उत्तरी अमेरिका की हिस्सेदारी एक साल में 56.3 प्रतिशत से घटकर 54.6 प्रतिशत रह गई। यूरोप की हिस्सेदारी 31.7 फीसदी से बढ़कर 32.5 फीसदी और भारत की 3.1 फीसदी से घटकर 2.8 फीसदी हो गई। कंपनी की मुख्य आय (28 फीसदी) फाइनेंशियल सर्विसेज के वर्टिकल से रही। मैन्युफैक्चरिंग वर्टिकल से 16 फीसदी, एनर्जी, यूटिलिटी, सर्विसेज के वर्टिकल से 14.2 फीसदी और रिटेल वर्टिकल से 11.5 फीसदी आय कंपनी को हुई। इसके अलावा, कम्युनिकेशन वर्टिकल का योगदान 12.5 फीसदी रहा। कंपनी का एआई राजस्व 10.5 प्रतिशत रहा और इसमें तिमाही-दर-तिमाही 29 प्रतिशत की वृद्धि हुई। जैसे-जैसे कंपनियां बड़े पैमाने पर एआई को अपना रही हैं, एआई राजस्व में यह मजबूत ग्रोथ बाजार में कंपनी की विशेष स्थिति और क्लाइंट के भरोसे को दिखाती है।
एक साल में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 3,31,991 से बढ़कर 3,32,542 हो गई। इसमें सॉफ्टवेयर पेशेवरों की संख्या महज आठ बढ़कर 3,14,508 हुई। इंफोसिस ने तिमाही के दौरान 8,898 करोड़ रुपये का फ्री कैश फ्लो दर्ज किया, जो साल-दर-साल आधार पर 8.1% कम है। सितंबर के अंत में, कंपनी का कुल कैश और निवेश 45,232 करोड़ रुपये था।
इंफोसिस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सलिल पारेख ने कहा कि दूसरी तिमाही में कंपनी को 5.2 अरब डॉलर के बड़े और मजबूत डील मिले। इसमें दो अरब डॉलर से अधिक का एक मेगा डील भी शामिल है।
शेयर पर रहेगी नजर
बाजार में बिकवाली के बीच शुक्रवार को इंफोसिस के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। एनएसई पर शेयर की क्लोजिंग 1,153.80 रुपये पर हुई। कंपनी ने तिमाही नतीजे मार्केट क्लोजिंग के बाद जारी किए हैं। ऐसे में अब निवेशकों की नजर सोमवार को इंफोसिस के शेयर पर होगी। बता दें कि इंफोसिस के शेयर के 52 हफ्ते का हाई 1,728 रुपये और 52 हफ्ते का लो 980.40 रुपये है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




