Home rss business hindi इस कंपनी का कम हुआ घाटा, शेयर में 11% से ज्यादा की...

इस कंपनी का कम हुआ घाटा, शेयर में 11% से ज्यादा की तेजी

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे हैं
  • दूसरी तिमाही में केमप्लास्ट सनमार का घाटा घटकर सिर्फ 5 करोड़ रुपये रह गया
  • पिछले साल की सितंबर तिमाही में कंपनी को 51 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था
  • वहीं, जून तिमाही में कंपनी का घाटा 176 करोड़ रुपये था

Chemplast Sanmar Share: शेयर बाजार में केमप्लास्ट सनमार (Chemplast Sanmar) के शेयरों में सोमवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर 11.44% उछलकर 237 रुपये पर पहुंच गया। शेयर में तेजी के साथ ट्रेडिंग वॉल्यूम में भी बड़ा उछाल देखने को मिला। सोमवार को BSE और NSE दोनों एक्सचेंज पर कंपनी के करीब 1.65 करोड़ शेयरों में कारोबार हुआ। कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे हैं। दूसरी तिमाही में केमप्लास्ट सनमार का घाटा घटकर सिर्फ 5 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल की सितंबर तिमाही में कंपनी को 51 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। वहीं, जून तिमाही में कंपनी का घाटा 176 करोड़ रुपये था। इसके बाद से ही शेयर में खरीदारी बढ़ी है। शेयर मई के बाद अपने सबसे हाई लेवल पर पहुंच गया था।

कंपनी की कमाई में 28% की बढ़त

केमप्लास्ट सनमार ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 28% बढ़कर 1,323 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 1,033 करोड़ रुपये था। वहीं, पहली तिमाही के 1,125 करोड़ रुपये के मुकाबले भी कंपनी की कमाई में 17.6% की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी के ऑपरेटिंग परफॉर्मेस में भी अच्छा सुधार देखने को मिला। दूसरी तिमाही में एबिटा बढ़कर 111 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 43 करोड़ रुपये था। यानी कंपनी के एबिटा में 158% की बढ़ोतरी हुई है। सबसे खास बात यह है कि पिछली तिमाही में कंपनी को 115 करोड़ रुपये का एबिटा घाटा हुआ था, जो अब मुनाफे में बदल गया है।

कंपनी का घाटा हुआ कम

सितंबर तिमाही में कंपनी का घाटा घटकर सिर्फ 5 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल की सितंबर तिमाही में कंपनी को 51 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। वहीं, जून तिमाही में कंपनी का घाटा 176 करोड़ रुपये था। इस तरह जून तिमाही के मुकाबले सितंबर तिमाही में कंपनी ने काफी अच्छी रिकवरी की है। रेवेन्यू बढ़ने और एबिटा में सुधार होने का असर कंपनी के नतीजों पर साफ दिखाई दिया है।

पहली छमाही के नतीजे

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 14.8% बढ़कर 2,448 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की इसी अवधि में यह 2,133 करोड़ रुपये था। हालांकि, पहली छमाही में कंपनी की ऑपरेटिंग स्थिति अभी भी दबाव में रही। इस दौरान कंपनी को 3 करोड़ रुपये का एबिटा घाटा हुआ, जबकि पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने 60 करोड़ रुपये का एबिटा दर्ज किया था। वहीं, पहली छमाही में कंपनी का नेट लॉस बढ़कर 181 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 115 करोड़ रुपये था।

स्पेशियलिटी केमिकल्स बिजनेस से सबसे ज्यादा ग्रोथ

केमप्लास्ट सनमार के स्पेशियलिटी केमिकल्स बिजनेस ने दूसरी तिमाही में अच्छा परफॉर्म किया। इस सेगमेंट का रेवेन्यू सालाना आधार पर 31.2% बढ़कर 488 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की इसी तिमाही में यह 372 करोड़ रुपये था। जून तिमाही के 427 करोड़ रुपये के मुकाबले भी इसमें अच्छी बढ़त दर्ज की गई। कंपनी के लिए यह सेगमेंट ग्रोथ का एक बड़ा जरिया बना हुआ है। दूसरी तिमाही में इस बिजनेस से कंपनी को अच्छी कमाई हुई, जिससे कुल रेवेन्यू बढ़ाने में मदद मिली। इसके अलावा, कंपनी के सस्पेंशन PVC सेगमेंट ने भी दूसरी तिमाही में शानदार परफॉर्म किया। इस सेगमेंट का रेवेन्यू सालाना आधार पर 36.9% बढ़कर 715 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल सितंबर तिमाही में यह 523 करोड़ रुपये था। वहीं, जून तिमाही के 569 करोड़ रुपये के मुकाबले इसमें 25.7% की बढ़ोतरी हुई।

वैल्यू-एडेड केमिकल्स बिजनेस में गिरावट

जहां कंपनी के दूसरे दो सेगमेंट ने अच्छा परफॉर्म किया, वहीं वैल्यू-एडेड केमिकल्स बिजनेस में कमजोरी देखने को मिली। इस सेगमेंट का रेवेन्यू सालाना आधार पर 13% गिरकर 120 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल की सितंबर तिमाही में यह 138 करोड़ रुपये था। वहीं, जून तिमाही में कंपनी ने इस सेगमेंट से 129 करोड़ रुपये का रेवेन्यू कमाया था। इस तरह कंपनी के तीनों सेगमेंट को मिलाकर सितंबर तिमाही में कुल रेवेन्यू 1,323 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 1,033 करोड़ रुपये था।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN