Home rss business hindi इस कंपनी के शेयर में 6% की जोरदार तेजी, बोनस शेयर की...

इस कंपनी के शेयर में 6% की जोरदार तेजी, बोनस शेयर की खबर से मचा हड़कंप

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

फार्मा कंपनी कॉनकॉर्ड बायोटेक (Concord Biotech) के शेयरों में सोमवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी की ओर से बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर विचार किए जाने की खबर सामने आने के बाद स्टॉक करीब 6% तक चढ़ गया। निवेशकों की नजर अब 23 सितंबर 2026 को होने वाली बोर्ड बैठक पर है, जिसमें बोनस इक्विटी शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी। अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो यह कंपनी का पहला बोनस इश्यू होगा। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

बोनस शेयर देने के प्रस्ताव पर विचार

कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसके निदेशक मंडल की बैठक बुधवार 23 सितंबर 2026 को होगी। इस बैठक में मौजूदा इक्विटी शेयरधारकों को बोनस शेयर देने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। हालांकि, प्रस्ताव लागू नियमों के अधीन होगा और इसके लिए कंपनी के शेयरधारकों की मंजूरी भी जरूरी होगी। फिलहाल, कंपनी ने बोनस इश्यू का अनुपात यानी कितने मौजूदा शेयरों पर कितने बोनस शेयर मिलेंगे, इसकी जानकारी नहीं दी है।

रिकॉर्ड डेट भी अभी घोषित नहीं

बोनस शेयर के लिए रिकॉर्ड डेट भी अभी घोषित नहीं की गई है। रिकॉर्ड डेट वह तारीख होती है, जिसके आधार पर यह तय किया जाता है कि किन शेयरधारकों को बोनस शेयर का लाभ मिलेगा। कंपनी की ओर से रिकॉर्ड डेट और बोनस अनुपात की जानकारी बाद में दी जा सकती है। इसलिए निवेशकों के लिए बोर्ड बैठक के बाद आने वाले आधिकारिक अपडेट महत्वपूर्ण रहेंगे।

कॉनकॉर्ड बायोटेक के शेयर में तेजी

बोनस इश्यू की खबर के बीच सोमवार को कॉनकॉर्ड बायोटेक (Concord Biotech) के शेयर में तेजी रही। BSE पर दोपहर 3:29 बजे कंपनी का शेयर 5.23% बढ़कर ₹1,572.05 पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान स्टॉक ने ₹1,592.05 का इंट्राडे हाई और ₹1,512.70 का लो बनाया। इस स्तर पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब ₹16,446 करोड़ था।

शेयर प्रदर्शन

शेयर के पिछले प्रदर्शन की बात करें तो कॉनकॉर्ड बायोटेक (Concord Biotech) ने 19 सितंबर 2025 को ₹1,702.10 का 52-वीक हाई और 2 अप्रैल 2026 को ₹987.05 का 52-वीक लो बनाया था। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक शेयर में पिछले 6 महीनों में करीब 43.9% की तेजी आई है, जबकि तीन महीनों में यह लगभग 19.4% बढ़ा है। 2026 में अब तक स्टॉक करीब 17.58% ऊपर है। कंपनी का रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE) 17.72% बताया गया है।

कंपनी के हालिया तिमाही नतीजों पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कॉनकॉर्ड बायोटेक (Concord Biotech) का नेट प्रॉफिट ₹61.19 करोड़ रहा, जबकि पिछली मार्च तिमाही में यह ₹90.02 करोड़ था। इसी तरह जून तिमाही में नेट रेवेन्यू ₹260.52 करोड़ रहा, जो मार्च तिमाही के ₹325.89 करोड़ से कम है। Q1FY27 में कंपनी का EPS ₹5.85 रहा। अब बोनस इश्यू के प्रस्ताव के साथ निवेशकों का फोकस आगामी बोर्ड बैठक और कंपनी की आगे की घोषणाओं पर रहेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN