Home - ‘इस दिवाली घटने के बजाय बढ़ेंगे प्रॉडक्ट्स के दाम, ग्राहकों की जेब...

‘इस दिवाली घटने के बजाय बढ़ेंगे प्रॉडक्ट्स के दाम, ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा असर’

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

थॉमसन की ब्रांड लाइसेंसी SPPL के सीईओ अवनीत सिंह मारवाह ने बताया कि पहली छमाही में डिमांड काफी सुस्त रही है। चिप-मेमोरी और दूसरे रॉ मैटीरियल्स के दाम बढ़ने का सीधा असर प्रॉडक्ट्स की कीमतों पर पड़ा है।

फेस्टिवल सीजन की शुरुआत हो चुकी है। टेलिविजन समेत दूसरे कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स प्रॉडक्ट्स खरीदने के लिए ग्राहकों को इस सीजन का बेसब्री से इंतजार रहता है। इसकी वजह यह है कि कंपनियां फेस्टिवल सीजन में डिस्काउंट्स के साथ-साथ आकर्षक ऑफर देती हैं। साथ ही, प्रॉडक्ट्स के दाम घटाकर उनके प्राइसेज को आकर्षक बनाती आई हैं। लेकिन, इस दिवाली घटने के बजाय प्रॉडक्ट्स के दाम बढ़ेंगे और इसका सीधा असर लोगों की जेब पर पड़ेगा। इसकी वजह लगातार महंगा होता कच्चा माल है। यह बात थॉमसन की ब्रांड लाइसेंसी सुपर प्लास्ट्रोनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (SPPL) के सीईओ अवनीत सिंह मारवाह ने लाइव हिंदुस्तान को दिए एक इंटरव्यू में कही। उन्होंने इंडस्ट्री के मौजूदा हालात, रॉ मैटीरियल्स के इंपैक्ट और बिजनेस एक्सपैंशन समेत कई मुद्दों पर बातचीत की…

मेमोरी और दूसरे रॉ मैटीरियल्स लगातार हो रहे हैं महंगे
अवनीत ने कहा कि अगर हम टेलिविजन की बात करें तो इस साल की पहली छमाही काफी सुस्त रही है। चिप-मेमोरी और दूसरे रॉ मैटीरियल्स के दाम बढ़ने का सीधा असर प्रॉडक्ट्स की कीमतों पर पड़ा है। टेलिविजन समेत दूसरे प्रॉडक्ट्स की कीमतें लगातार बढ़ने से ग्राहक इस असमंजस में रहे हैं कि वह खरीदारी करें या अभी रुक जाएं। कंज्यूमर्स दाम घटने का इंतजार करते रहे, लेकिन मौजूदा वैश्विक हालात के बीच दाम बढ़ते ही चले जा रहे हैं। ऐसे में मार्केट में एक पेंट-अप डिमांड है और फेस्टिव सीजन ग्राहकों के लिए खरीदारी का अच्छा मौका होगा। कंपनियां भी फेस्टिव सीजन में अच्छी डिमांड की उम्मीद कर सकती हैं।

डिस्काउंट और ऑफर्स की उम्मीद रखें या नहीं?
इस फेस्टिवल सेल में ग्राहक डिस्काउंट और ऑफर्स की उम्मीद रखें या नहीं? इस पर अवनीत ने कहा कि अब ग्राहकों को भी यह समझ आता जा रहा है कि दाम बढ़ते चले जा रहे हैं और कई बड़ी कंपनियों ने कहा है कि आगे भी दाम बढ़ेंगे। ऐसे में ग्राहकों को लग रहा है कि उन्हें ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे, ऐसे में जागरूक ग्राहक इस फेस्टिवल सीजन में ही खरीदारी करने की कोशिश करेंगे। दाम 10-12 पर्सेंट ऊपर हैं। उन्होंने बताया कि टेलिविजन के अलावा एयर कंडीशनर के भी दाम बढ़ रहे हैं, ऐसे में ग्राहक खरीदारी के लिए फरवरी या मार्च तक इंतजार करें, ऐसा नहीं लगता है।

क्या कीमतों में देखने को मिलेगी नरमी?
SPPL के सीईओ अवनीत सिंह मारवाह ने बताया कि फिलहाल टेलिविजन के दाम घटने की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है। अगर किसी एक रॉ मैटीरियल का दाम घटता भी है तो 6 दूसरी चीजें हैं, जिनके दाम बढ़ते चले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कच्चे माल के दाम में एक-डेढ़ साल फिलहाल कोई गिरावट आती नहीं दिख रही है। अवनीत ने बताया कि मेमोरी-रैम के दाम में करीब हजार पर्सेंट तक का उछाल आया है। वॉर की वजह से क्रूड ऑयल महंगा हुआ है और इससे प्लास्टिक के दाम बढ़े हैं। कॉपर के दाम में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा, ओपन सेल मैन्युफैक्चरर्स ने भी दाम बढ़ा दिए हैं। साथ ही, एक साल में डॉलर भी 9-10 पर्सेंट बढ़ गया है।

टेलिविजन के लिए कितनी बड़ी चुनौती है प्रोजेक्टर?
अवनीत ने बताया कि प्रोजेक्टर और टेलिविजन दोनों के मार्केट अलग-अलग हैं और प्रोजेक्टर भी सस्ते नहीं आ रहे हैं। अच्छा प्रोजेक्टर काफी महंगा पड़ता है। एचडी प्रोजेक्टर आमतौर पर 13000 रुपये की रेंज में आते हैं, इतने में आपको 32 इंच का स्मार्ट टेलिविजन मिल जाता है। एक समय में प्रोजेक्टर सस्ते आते थे और टेलिविजन में 4K टेक्नोलॉजी नहीं थी तो प्रोजेक्टर चल जाते थे, लेकिन अब स्क्रीन भी खरीदनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता है कि टेलिविजन और प्रोजेक्टर में कोई किसी का मार्केट शेयर लेने वाला है। पिछले 2 साल में प्रोजेक्टर के दाम टेलिविजन के मुकाबले ज्यादा बढ़े हैं।

थॉमसन के साथ अब तक की जर्नी
SPPL के सीईओ ने बताया कि थॉमसन (Thomson) के साथ अब तक की जर्नी शानदार रही है। हमने टेलिविजन से शुरुआत की, फिर वॉशिंग मशीन सेगमेंट में कदम रखा। इसके बाद हम एयर-कंडीशनर और एयर-कूलर्स लेकर आए। हम स्पीकर्स भी लेकर आए हैं और आने वाले समय में हम कई और एप्लांयसेज जोड़ेंगे। अवनीत ने बताया कि हम इस पर लगातार काम कर रहे हैं। अगले 2-3 साल में हम कई नई कैटेगरीज में उतरेंगे।

क्या आईपीओ लाने की तैयारी में है कंपनी?
सुपर प्लास्ट्रोनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (SPPL) क्या जल्द प्राइमरी मार्केट में उतरकर आईपीओ के जरिए फंड जुटाएगी? इस सवाल के जवाब में अवनीत ने कहा कि फिलहाल हमारा प्राइमरी मार्केट में उतरने का कोई प्लान नहीं है। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता है कि यह प्राइमरी मार्केट में आने का ठीक वक्त है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN