Home LIFESTYLE NEWS HINDI ऊनी या सिंथेटिक, कौन-सा थर्मल वियर है बेहतर? जानें फैब्रिक और लेयरिंग...

ऊनी या सिंथेटिक, कौन-सा थर्मल वियर है बेहतर? जानें फैब्रिक और लेयरिंग का सही फॉर्मूला

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सर्दियों में लेयरिंग में कपड़े पहने जाते हैं, जिसमें ईनर, स्वेटर, शर्ट सबकुछ आता है लेकिन कई बार समझ नहीं आता कि ठंड से बचने के लिए पहले या बाद में क्या पहनें? साथ ही कौन सी क्वालिटी या फैब्रिक चुनें। इन सभी सवालों का जवाब यहां जान लीजिए।

सर्दियों का मौसम आते ही गर्म कपड़ों की खरीदारी शुरू हो जाती है। स्वेटर, जैकेट और कोट के साथ एक ऐसा कपड़ा भी है, जो ठंड से बचने में अहम भूमिका निभाता है और वह है थर्मल वियर। खासतौर पर सुबह-शाम की ठंड, ठंडी हवाओं में थर्मल शरीर को गर्म रखने में मदद करता है। हालांकि, बाजार में कॉटन, पॉलिएस्टर, मेरिनो वूल और ब्लेंडेड फैब्रिक जैसे कई ऑप्शन मौजूद होते हैं। ऐसे में सही थर्मल चुनना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। कई बार लोग सिर्फ मोटा या महंगा थर्मल देखकर खरीद लेते हैं, जबकि इसकी गर्माहट का कनेक्शन फैब्रिक, फिटिंग और लेयरिंग से भी होता है। आइए जानते हैं कि सर्दियों में कौन-सा थर्मल वियर खरीदना बेहतर रहेगा और इसे पहनते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

1. थर्मल वियर खरीदते समय फैब्रिक का रखें ध्यान

थर्मल वियर की गर्माहट काफी हद तक उसके फैब्रिक पर निर्भर करती है। अलग-अलग फैब्रिक अलग तरह से शरीर की गर्मी को बनाए रखते हैं।

  • मेरिनो वूल थर्मल: अगर आपके इलाके में ज्यादा ठंड पड़ती है या आप लंबे समय तक बाहर रहते हैं, तो मेरिनो वूल अच्छा रहेगा। यह शरीर की गर्मी बनाए रखने के साथ नमी को भी सोखने में मदद करता है। सामान्य ऊन की तुलना में इसकी बनावट भी मुलायम होती है।
  • पॉलिएस्टर थर्मल: अगर आपको रोजाना इस्तेमाल करना है और बजट भी कम है, तो यह हल्का होता है, जल्दी सूखता है और पसीने को त्वचा से दूर रखने में मदद करता है। ऐसे लोग जो रोजाना ऑफिस या बाहर आते-जाते हैं, उनके लिए यह बेस्ट हो सकता है।
  • कॉटन थर्मल: कॉटन त्वचा पर मुलायम और आरामदायक होता है। लेकिन इसकी एक कमी है कि यह पसीने और नमी को अपने अंदर रोक सकता है और सूखने में समय लेता है। इसलिए बहुत ज्यादा ठंड या ज्यादा शारीरिक गतिविधि के दौरान इसे पहनना सही नहीं है।
  • ब्लेंडेड फैब्रिक थर्मल: इसमें दो या अधिक तरह के फाइबर मिलाए जाते हैं। पॉलिएस्टर और ऊन या पॉलिएस्टर और इलास्टेन का ये मिक्स होता है। इससे गर्माहट, लचीलापन और टिकाऊपन का पूरा बैलेंस मिलता है।

2. थर्मल की फिटिंग कैसी होनी चाहिए?

थर्मल वियर खरीदते समय उसकी फिटिंग पर खास ध्यान देना चाहिए। यह शरीर के करीब फिट होना चाहिए, लेकिन इतना टाइट नहीं कि पहनने में परेशानी हो या आप उठने-बैठने में परेशान हो।

  • थर्मल शरीर पर आराम से फिट होना चाहिए।
  • हाथों और पैरों की मूवमेंट में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
  • गर्दन, कमर और कलाई के आसपास कपड़ा ठीक से फिट होना चाहिए।
  • कपड़ा इतना मुलायम हो कि लंबे समय तक पहनने पर खुजली या जलन न हो।

3. कितनी ठंड में कौन-सा थर्मल खरीदें?

  • हल्की ठंड में हल्के वजन वाला पॉलिएस्टर या ब्लेंडेड थर्मल पर्याप्त हो सकता है।
  • मीडियम ठंड में मिड-वेट थर्मल चुनें। इसके ऊपर स्वेटर या फ्लीस जैकेट पहन सकते हैं।
  • कड़ाके की ठंड में हेवी-वेट थर्मल या मेरिनो वूल की लेयर चुनें। इसके साथ गर्म स्वेटर और विंटर जैकेट पहनना बेहतर रहेगा।

4. सर्दियों में लेयरिंग का सही तरीका समझें

ठंड से बचने के लिए सिर्फ मोटे कपड़े पहनना जरूरी नहीं है। कपड़ों की सही लेयरिंग शरीर की गर्मी को बनाए रखने में मदद करती है। इसके लिए तीन लेयर का नियम अपनाएं। सबसे पहले शरीर पर थर्मल पहनें। इसका काम शरीर की गर्मी को बनाए रखने और पसीने की नमी को त्वचा से दूर रखने में मदद करना है। थर्मल के ऊपर स्वेटर, फ्लीस या ऊनी कपड़े पहनें। इस लेयर का काम शरीर की गर्मी को रोककर रखना है। ज्यादा ठंड होने पर मोटा स्वेटर या फ्लीस जैकेट चुन सकते हैं। सबसे ऊपर जैकेट, विंडचीटर या ऐसा कोट पहनें जो ठंडी हवा और जरूरत के अनुसार बारिश या बर्फ से बचाव कर सके।

5. थर्मल वियर खरीदते समय इन 5 गलतियों से बचें

  • मोटा थर्मल हमेशा ज्यादा गर्म हो, यह जरूरी नहीं है। फैब्रिक और उसकी क्वालिटी भी देखें।
  • बहुत टाइट या बहुत ढीला थर्मल आराम और गर्माहट दोनों को खराब कर सकता है।
  • हल्की ठंड के लिए हेवी-वेट थर्मल खरीदने से परेशानी हो सकती है। अपनी जरूरत के हिसाब से वजन चुनें।
  • अगर आप ज्यादा चलते-फिरते हैं या सफर करते हैं, तो नमी को शरीर से दूर रखने वाला फैब्रिक चुनें।

6. थर्मल वियर को लंबे समय तक नया कैसे रखें?

थर्मल की उम्र बढ़ाने के लिए उसकी सही देखभाल करना जरूरी है। इसे धोते समय हमेशा कपड़े के लेबल पर दिए गए निर्देशों का पालन करें। बहुत गर्म पानी और केमिकल वाले डिटर्जेंट का इस्तेमाल करने से बचें। ऊनी थर्मल को जरूरत के अनुसार हल्के डिटर्जेंट से धोएं और सुखाते समय तेज धूप से बचाएं। थर्मल को पूरी तरह सुखाने के बाद ही अलमारी में रखें, ताकि उसमें नमी या बदबू न आए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN