Home rss business hindi एक अफवाह और 18% तक उछल गया यह शेयर, कंपनी के खंडन...

एक अफवाह और 18% तक उछल गया यह शेयर, कंपनी के खंडन से बढ़ेगी निवेशकों की टेंशन?

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • सन टीवी के शेयर में 18 पर्सेंट का उछाल आया और यह 664.60 रुपये तक जा पहुंचा
  • यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई भी है
  • बता दें कि इस कंपनी के पास सनराइजर्स हैदराबाद IPL टीम की फ्रैंचाइजी की ऑनरशिप है

Sun TV Network share: वैसे तो बाजार में बुधवार को बिकवाली का माहौल था लेकिन सन टीवी नेटवर्क के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखी गई। सप्ताह के तीसरे दिन सन टीवी के शेयर में 18 पर्सेंट का उछाल आया और यह 664.60 रुपये तक जा पहुंचा। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई भी है। बता दें कि शेयर की पिछली क्लोजिंग 553.85 रुपये पर हुई थी। बता दें कि इस कंपनी के पास सनराइजर्स हैदराबाद IPL टीम की फ्रैंचाइजी की ऑनरशिप है। इसके अलावा कंपनी SunRisers ईस्टर्न केप के जरिए दक्षिण अफ्रीका की SA20 लीग में भी मौजूद है।

तेजी की वजह?

शेयर बाजार के जानकारों के मुताबिक, सन टीवी नेटवर्क के शेयरों में तेजी कंपनी के IPL बिजनेस को अलग करने यानी डीमर्जर की योजनाओं से जुड़ी कई रिपोर्टों के कारण आ रही है। बाजार में ऐसी रिपोर्टें सामने आईं कि सन टीवी नेटवर्क अपने आईपीएल फ्रेंचाइजी कारोबार को अलग करने या उसे अनलॉक करने की योजना बना सकती है। अगर कंपनी आईपीएल कारोबार को अलग करने जैसी किसी योजना की आधिकारिक घोषणा करती है, तो इसका असर कंपनी के वैल्यूएशन पर पड़ सकता है। हालांकि, जब तक कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक ऐसी खबरों को सिर्फ बाजार की चर्चाओं के तौर पर देखा जाना चाहिए।

इस बीच, सन टीवी ने बिजनेस को अलग करने की खबरों का खंडन किया है। कंपनी ने BSE की स्पष्टीकरण मांग का जवाब देते हुए एक एक्सचेंज फाइलिंग में इस अफवाह पर सफाई दी। कंपनी ने कहा, “यह खबर महज एक अफवाह है और कंपनी बाजार की अफवाह पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकती। हम आपका ध्यान इस ओर दिलाना चाहते हैं कि हमारी कंपनी ने अब तक SEBI (लिस्टिंग ऑब्लिगेशन्स एंड डिस्क्लोजर रिक्वायरमेंट्स) रेगुलेशंस, 2015 के रेगुलेशन 30 के तहत सभी जरूरी जानकारी सार्वजनिक कर दी है। हम पुष्टि करते हैं कि कंपनी की ऐसी कोई भी अहम और कीमत पर असर डालने वाली जानकारी या घोषणा लंबित नहीं है, जिसका कंपनी के शेयर की कीमत या वॉल्यूम पर कोई असर पड़ सकता हो।”

कंपनी का खंडन, निवेशकों की टेंशन

अगर खबर सच होती है, तो क्या होगा? इस पर रिसर्च और बिजनेस डेवलपमेंट के VP महेश एम ओझा ने कहा, “स्टॉक ₹720 पर टेक्निकल ब्रेकआउट के कगार पर है। अगर यह क्लोजिंग के आधार पर इस स्तर से ऊपर जाता है, तो स्टॉक निकट भविष्य में ₹850 तक जा सकता है, जो मौजूदा बाजार भाव से 30% अधिक है।” ओझा ने निवेशकों को सलाह दी कि वे ₹570 पर स्टॉप-लॉस बनाए रखें और ऊपर बताए गए टारगेट का इंतजार करें। उन्होंने अनुमान लगाया कि अगर कंपनी इस न्यूज रिपोर्ट का खंडन करती है तो सन टीवी नेटवर्क के शेयर की कीमत में भारी गिरावट आ सकती है। अब जब कंपनी का खंडन आ गया है तो शेयर का रुख देखने लायक होगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN