Home rss business hindi एयर इंडिया का बड़ा ऐलान, दिल्ली-मुंबई से न्यूयॉर्क के लिए फिर शुरू...

एयर इंडिया का बड़ा ऐलान, दिल्ली-मुंबई से न्यूयॉर्क के लिए फिर शुरू होगी नॉन-स्टॉप फ्लाइट, एयरस्पेस की पाबंदियां हटीं

4
0

Source :- KHABAR INDIA TV

एयर इंडिया ने दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क के लिए अपनी सभी नॉन-स्टॉप फ्लाइट सेवाएं फिर से बहाल कर दी हैं। पहले एयरस्पेस पर लगी पाबंदियों के कारण एयरलाइन को कुछ उड़ानों में बीच रास्ते तकनीकी ठहराव करना पड़ रहा था। अब हवाई क्षेत्र खुलने के बाद यात्रियों को बिना रुके सीधे न्यूयॉर्क पहुंचने की सुविधा मिलेगी। इससे यात्रा के समय में पांच घंटे तक की बचत होगी। एयर इंडिया के मुताबिक, पहले दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क जाने वाली कुछ उड़ानों को ईंधन भरने के लिए इटली के रोम में तकनीकी ठहराव लेना पड़ता था। इस वजह से यात्रा में करीब 22 घंटे तक लग रहे थे। अब नॉन-स्टॉप सेवा बहाल होने के बाद यही सफर लगभग 17 घंटे में पूरा हो सकेगा।

दरअसल, इस साल पाकिस्तान की ओर से भारतीय विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद किए जाने के बाद एयर इंडिया की अमेरिका जाने वाली उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ था। इसके बाद मिडिल ईस्ट के कुछ हिस्सों में भी क्षेत्रीय तनाव के कारण हवाई क्षेत्र पर पाबंदियां लग गई थीं। इन परिस्थितियों में एयरलाइन को अपने रूट में बदलाव करना पड़ा और कुछ उड़ानों में रोम में ईंधन भरने के लिए रुकना पड़ता था।

दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क के लिए कितनी फ्लाइट?

एयर इंडिया ने भारत और अमेरिका के बीच चारों रूट पर नॉन-स्टॉप उड़ानें बहाल कर दी हैं। इनमें दिल्ली से न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (JFK) और नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (EWR) के लिए सेवाएं शामिल हैं। एयरलाइन दिल्ली से न्यूयॉर्क के लिए रोजाना एक फ्लाइट और मुंबई से न्यूयॉर्क के लिए भी रोजाना एक फ्लाइट संचालित करती है। वहीं, दिल्ली से नेवार्क के लिए सप्ताह में चार उड़ानें और मुंबई से नेवार्क के लिए सप्ताह में तीन उड़ानें चलती हैं।

यात्रियों को मिलेगी बेहतर केबिन और सुविधाएं

एयर इंडिया इन रूट पर यात्रियों को अपने नए ऑनबोर्ड प्रोडक्ट और अपग्रेडेड केबिन की सुविधा भी दे रही है। दिल्ली से JFK और नेवार्क जाने वाली उड़ानों में एयरलाइन का Airbus A350-900 विमान इस्तेमाल होता है। इसमें बिजनेस क्लास, प्रीमियम इकोनॉमी और इकोनॉमी क्लास की सुविधा है। बिजनेस क्लास में पूरी तरह फ्लैट होने वाली सीटें दी गई हैं। इसके अलावा आधुनिक इन-फ्लाइट एंटरटेनमेंट सिस्टम भी मौजूद है। वहीं, मुंबई से न्यूयॉर्क के दोनों रूट पर बोइंग 777-300ER विमान संचालित किए जाते हैं। इनमें फर्स्ट क्लास में प्राइवेसी डोर वाले सुइट, बिजनेस क्लास में फ्लैट-बेड सीटें और बेहतर इकोनॉमी क्लास केबिन उपलब्ध हैं। नॉन-स्टॉप उड़ानों की बहाली से भारत और अमेरिका के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों का समय बचेगा और सफर पहले के मुकाबले ज्यादा सुविधाजनक होगा।

यह भी पढ़ें- पुणे एयरपोर्ट पर IndiGo की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, टेकऑफ के बाद खराब हुआ लैंडिंग गियर; विमान में सवार सभी 192 लोग सुरक्षित

SOURCE : KHABAR INDIA TV