Source :- LIVE HINDUSTAN
दुनिया के पहले और इकलौते ट्रिलियनेयर (खरबपति) एलन मस्क के सितारे बुलंदियों पर हैं। एक दिन में एलन मस्क की दौलत में 164 बिलियन डॉलर का जबरदस्त उछाल आया है। सिर्फ 24 घंटों में मस्क की दौलत में इतना उछाल आया है कि उन्होंने बिलेनियर निवेशक वॉरेन बफेट की जिंदगी भर की कमाई को पीछे छोड़ दिया है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक, स्पेसएक्स (SpaceX) के शेयरों में आई तूफानी तेजी के बाद एलन मस्क की नेटवर्थ 1.27 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई है। साथ ही, दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर के रूप में उनकी स्थिति और मजबूत हुई है।
148 बिलियन डॉलर है बफेट की पूरी नेटवर्थ
दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट का पूरा नेटवर्थ 148 बिलियन डॉलर है। एलन मस्क (Elon Musk) की दौलत में एक दिन में ही 164 बिलियन डॉलर का उछाल आया है। मस्क केवल एक दिन की ‘कमाई’ से ही वॉरेन बफेट की पूरी दौलत से कहीं आगे निकल गए हैं। गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज 314 बिलियन डॉलर की नेटवर्थ के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, सर्गेई ब्रिन की नेटवर्थ 292 बिलियन डॉलर है। अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस की नेटवर्थ 267 बिलियन डॉलर रही है।
स्पेसएक्स की लिस्टिंग ने दिखाया कमाल
पब्लिक मार्केट्स में स्पेसएक्स (SpaceX) के जबरदस्त परफॉर्मेंस से एलन मस्क की दौलत में यह जोरदार उछाल आया है। स्पेसएक्स के शेयर सोमवार को 19 पर्सेंट से ज्यादा उछल गए। मस्क की इस कंपनी के शेयर सोमवार को 192.46 डॉलर पर बंद हुए हैं। शानदार लिस्टिंग के बाद स्पेसएक्स के शेयरों की ट्रेडिंग का यह दूसरा दिन था। लिस्टिंग के साथ ही, स्पेसएक्स मार्केट कैप के लिहाज से अमेरिका की छठवीं बड़ी कंपनी बन गई है।
कंपनी में मस्क की करीब 38% हिस्सेदारी
एलन मस्क (Elon Musk) की दौलत में आए तेज उछाल का सीधा नाता एयरोस्पेस सेक्टर की दिग्गज कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) में उनकी हिस्सेदारी से है। रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, मस्क के पास स्पेसएक्स के करीब 4.8 बिलियन शेयर हैं। साथ ही, उनके पास 350 मिलियन स्टॉक ऑप्शंस हैं। कुल मिलाकर कंपनी में मस्क की 38 पर्सेंट हिस्सेदारी उनकी वित्तीय शोहरत की मुख्य वजह है। वीकेंड के दौरान स्पेसएक्स को लेकर वॉल स्ट्रीट का उत्साह एकदम से बढ़ गया। कंपनी के सीईओ एलन मस्क ने रविवार को कहा कि स्पेसएक्स साल 2030 तक 1 ट्रिलियन डॉलर का रेवेन्यू ला सकती है। हालांकि, साल 2025 में कंपनी का रेवेन्यू 18.7 बिलियन डॉलर रहा है और कंपनी अभी तक प्रॉफिटैबल नहीं हुई है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







