Source :- LIVE HINDUSTAN
कच्चा सिंघाड़ा खाने के ढेर सारे फायदे हैं लेकिन समझ नहीं आता कि इसे किस तरह खाएं तो एक बार ये यूपी की ट्रेडिशनल कच्चे सिंघाड़े वाला निमोना बनाकर देख लें। जिसे खाने के बाद बार-बार खाने का दिल करेगा।
कच्चे सिंघाड़े का सीजन बहुत थोड़ा सा होता है। सर्दियों के दस्तक के साथ मार्केट में कच्चे सिंघाड़े बिकते हैं। अब इन्हें खाने के फायदे तो ढेर सारे हैं क्योंकि इसमे फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स के साथ ही कॉम्प्लेक्स कार्ब्स होते हैं। जो ना केवल पेट को भरा रखते हैं बल्कि कार्ब्स होने की वजह से एनर्जी भी भरपूर देते हैं। लेकिन हर बार कच्चे सिंघाड़े को यूं ही खाकर खत्म कर देते हैं तो एक बार ये टेस्टी हरा निमोना बनाकर तैयार करें। जिसका स्वाद रोटी और चावल के साथ मजेदार लगता है। यूपी के घरों में कच्चे सिंघाड़े से बनने वाला ये निमोना काफी पसंद किया जाता है। तो बस आप भी नोट कर लें ये रेसिपी और एक बार जरूर ट्राई करें।
कच्चे सिंघाड़े से निमोना बनाने की सामग्री
कच्चा सिंघाड़ा
हरे लहसुन की पत्तियां चार से पांच
आठ से दस लहसुन की कलियां
दो से तीन हरी मिर्च स्वाद के अनुसार
हरा धनिया ढेर सारा
सरसों का तेल
उड़द दाल की बड़िया
एक चम्मच जीरा
सूखी लाल मिर्च दो
हल्दी पाउडर
धनिया पाउडर
लाल मिर्च पाउडर
दो से तीन कटे हुए टमाटर
गुड़ का छोटा टुकड़ा
नमक स्वादानुसार
कच्चे सिंघाड़े से निमोना बनाने की रेसिपी
- कच्चे सिंघाड़े से निमोना बनाना आसान है और ये फटाफट बनकर रेडी भी हो जाता है। बस इस आसान सी रेसिपी को नोट कर लें।
- सबसे पहले सिंघाड़े को धोकर छील लें। फिर सफेद वाले पार्ट को निकालकर अलग कर लें।
- थोड़ा सा पार्ट टुकड़ों में काट लें और बाकी बचे हुए सारे सिंघाड़े को पीसकर पेस्ट बना लें।
- अब हरा मसाला पीसने के लिए हरे लहसुन की पत्तियां, कुछ लहसुन की कलियां और हरी मिर्च को ग्राइंडर जार में डालें। अब साथ में हरी धनिया डालकर पीसकर पेस्ट तैयार कर लें।
- कड़ाही में सरसों का तेल डालें और उड़द दाल की बड़ियों को फ्राई कर के अलग रख लें।
- अब तेल में जीरा डालकर चटकाएं और साथ में सूखी लाल मिर्च भी डाल दें।
- साथ में चौथाई चम्मच हींग का पाउडर भी डालें।
- फिर हरे मसाले का पेस्ट डालें और अच्छी तरह से मिक्स करें।
- अब मसालों के साथ पीसकर रखे हुए सिंघाड़े के पेस्ट को डाल दें और साथ में कटे हुए सिंघाड़े भी मिला दें।
- सारी चीजों को तेल में अच्छी तरह से भूनें।
- साथ में हल्दी पाउडर चौथाई चम्मच, एक चम्मच धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर स्वादानुसार डालकर मिलाएं।
- जब सारा मिक्सचर भुनकर तेल छोड़ने लगे तो इसमे कटे हुए टमाटर और नमक डालकर ढंक दें।
- टमाटर जब गलना शुरू कर दें तो इसमे पानी डालें और स्वाद को बैलेंस करने के लिए थोड़ा सा गुड़ डाल दें।
- बस इसे अच्छी तरह से पकाएं और गाढ़ा हो जाने के बाद गैस बंद कर दें।
- तैयार है टेस्टी सिंघाड़े का निमोना, इसे चावल या रोटी के साथ खाएं। लाजवाब टेस्ट मिलेगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



