Home rss business hindi कम हुआ Ola इलेक्ट्रिक का घाटा, 35 रुपये वाले शेयर को खरीदने...

कम हुआ Ola इलेक्ट्रिक का घाटा, 35 रुपये वाले शेयर को खरीदने की लूट

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • सितंबर तिमाही के दौरान ओला इलेक्ट्रिक का घाटा कम होकर 362 करोड़ रुपये रह गया
  • ओला इलेक्ट्रिक के शेयर की बात करें तो गुरुवार को 3.75% बढ़कर 35.73 रुपये पर बंद हुआ

Ola Electric share price: ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान कंपनी का घाटा कम होकर 362 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 418 करोड़ रुपये था। हालांकि, तिमाही के दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व करीब 39 प्रतिशत घटकर 421 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 690 करोड़ रुपये था। कंपनी के वित्तीय विवरण के अनुसार, इस दौरान कुल खर्च भी 28 प्रतिशत घटकर 639 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 893 करोड़ रुपये था।

214 करोड़ रुपये रहा व्हीकल सेग्मेंट का घाटा

ओला इलेक्ट्रिक ने शेयरधारकों को लिखे पत्र में कहा कि दूसरी तिमाही में उसके व्हीकल सेग्मेंट का घाटा 214 करोड़ रुपये रहा जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में यह 233 करोड़ रुपये था। इस सेग्मेंट का राजस्व भी घटकर 420 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले 688 करोड़ रुपये था।

रिटेल नेटवर्क का पुनर्गठन कर रही कंपनी

कंपनी अपने रिटेल नेटवर्क का पुनर्गठन कर रही है। इसके तहत कंपनी के स्वामित्व वाले स्टोर को डीलरशिप में बदला जा रहा है। ओला ने चार सितंबर को अपना पहला डीलर स्टोर खोला था और आठ नवंबर तक इनकी संख्या बढ़कर 319 हो गई। कंपनी ने कहा, ”परिचालन खर्च में लगातार कमी आ रही है और कंपनी के अपने स्टोर नेटवर्क को बंद करने से इसमें करीब 50 करोड़ रुपये की और कमी आने की उम्मीद है।” ओला इलेक्ट्रिक ने अपने सेल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में 6 GWh की उत्पादन क्षमता स्थापित की है। कंपनी अब इस प्लांट की क्षमता का इस्तेमाल बढ़ाकर इससे कमाई शुरू करना चाहती है।

शेयर का परफॉर्मेंस

ओला इलेक्ट्रिक के शेयर की बात करें तो गुरुवार को 3.75% बढ़कर 35.73 रुपये पर बंद हुआ। जून 2026 में यह शेयर 48.13 रुपये पर था। वहीं, मार्च 2026 में शेयर 20.83 रुपये के स्तर पर रहा। यह दोनों भाव शेयर के 52 हफ्ते का हाई और लो है।

1780 करोड़ रुपये जुटाकर घटाया कर्ज

बता दें कि ओला इलेक्ट्रिक ने इस साल राइट्स इश्यू के जरिए करीब 1,000 करोड़ रुपये और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए 780 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इससे कंपनी को अपने कर्ज का बोझ कम करने में मदद मिली है। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर 2024 में उसका कुल कर्ज 3,132 करोड़ रुपये था, जो सितंबर 2026 तक घटकर 1,819 करोड़ रुपये रह गया। कर्ज में आई यह कमी कंपनी की वित्तीय स्थिति के लिहाज से अहम है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN