Source :- LIVE HINDUSTAN
करवा चौथ पर पत्नियां पति की लंबी उम्र की कामना करने के लिए निर्जला व्रत करती हैं। व्रत के दौरान कई काम होते हैं, जिन्हें करने में औरतें परेशान हो जाती हैं। ऐसे में पति उनकी मदद कर उन्हें स्पेशल फील करवा सकते हैं। चलिए जानते हैं 6 बड़े कामों के बारे में।
करवा चौथ का त्योहार पति-पत्नी के आपसी प्रेम को भी दर्शाता है। पत्नियां अपने पति की लंबी आयु के लिए व्रत करती हैं और आजकल कई पति भी इस व्रत को रहने लगे हैं। सुबह सरगी खाने से लेकर शाम को पूजा करने और चांद निकलने का इंतजार करने तक महिलाओं को पूजा की कई तैयारियां करनी पड़ती हैं। ऐसे में कई महिलाओं का सिरदर्द होने लगता है, तो किसी को थकान लगती है। ऐसे में पति अपनी पत्नियों की मदद कर उनके व्रत को आसान बना सकते हैं। आप वाइफ के साथ व्रत नहीं रख रहे हैं, तो बिना किसी खर्च के कुछ कामों में उनकी मदद करें। ऐसे कई काम होते हैं, जिन्हें आप कर सकते हैं। इससे पत्नी को आराम के साथ काम में मदद मिलेगी। इसके लिए महंगे गिफ्ट या किसी खास सरप्राइज की जरूरत नहीं है। पति अपनी छोटी-छोटी कोशिशों से पत्नी को स्पेशल फील करा सकते हैं।
1. सुबह की तैयारियों में पत्नी का हाथ बंटाएं
करवा चौथ के दिन सुबह जल्दी उठकर सरगी खाने और दूसरे काम निपटाने होते हैं। कई महिलाओं को इसके साथ घर और बच्चों की जिम्मेदारी भी संभालनी पड़ती है। ऐसे में पति सुबह उठकर चाय बनाने, नाश्ते की तैयारी करने या बच्चों को संभालने में मदद कर सकते हैं। इससे पत्नी को थोड़ी राहत मिलेगी और वह अपना दिन आराम से शुरू कर पाएंगी।
2. बच्चों को संभालने की जिम्मेदारी
व्रत के दिन आप बच्चों को संभालने की पूरी जिम्मेदारी उठा सकते हैं। अगर बच्चा छोटा है, तो उसके कुछ काम कर दीजिए। अगर स्कूल जाने लायक है, तो उसे रेडी करके स्कूल भेज दीजिए। बच्चों के काम ज्यादा थकावट देते हैं और उन्हें संभालना किसी टास्क जैसा होता है। ऐसे में आप बड़ी मदद कर सकते हैं।
3. पूजा का सामान पहले से तैयार कर दें
करवा चौथ की शाम को पूजा के लिए कई चीजों की जरूरत होती है। करवा, छलनी, दीपक, रोली, चावल, मिठाई और पूजा की थाली जैसी चीजें समय पर न मिलें, तो आखिरी समय में परेशानी हो सकती है। पति पत्नी से पूछकर जरूरी सामान पहले ही इकट्ठा कर सकते हैं। इससे शाम की भागदौड़ कम होगी और पूजा की तैयारी जल्दी हो जाएगी।
4. पत्नी को आराम करने का समय दें
दिनभर बिना कुछ खाए-पिए रहने से कुछ महिलाओं को थकान, सिरदर्द या कमजोरी महसूस हो सकती है। ऐसे में पति उन्हें आराम करने का समय दें और घर के कुछ कामों को संभाल लें। व्रत के दिन आप खाने में खिचड़ी बना सकते हैं या फिर वाइफ काम कर रही हैं, तो उनकी मदद करें।
5. तैयार होने में उनकी मदद करें
करवा चौथ पर महिलाएं अक्सर साड़ी, लहंगा या अपनी पसंद के पारंपरिक कपड़े पहनकर तैयार होती हैं। पति उनके कपड़े निकालने, जूलरी सेट करने या मैचिंग फुटवियर खोजने में भी मदद कर सकते हैं। अक्सर औरतें तैयार होते समय चीजों के ना मिलने पर परेशान हो जाती हैं।
6. शाम की जिम्मेदारियां पहले ही बांट लें
करवा चौथ की शाम को पूजा, घर की व्यवस्था और खाने की तैयारी एक साथ करनी पड़ सकती है। ऐसे में पति पहले से तय कर सकते हैं कि व्रत के बाद कौन-सा काम कौन करेगा। व्रत खत्म होने के बाद खाने की तैयारी या फिर परोसने में भी मदद कर सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



