Home rss business hindi कर्ज-मुक्त हुई कंपनी पर दिग्गज ने बढ़ाया दांव, और खरीद डाले 5.51...

कर्ज-मुक्त हुई कंपनी पर दिग्गज ने बढ़ाया दांव, और खरीद डाले 5.51 करोड़ शेयर, अब 20 रुपये के पार शेयर का दाम

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर के शेयर नई ऊंचाई पर जा पहुंचे हैं
  • कंपनी के शेयर गुरुवार को BSE में 9% की तेजी के साथ 20.17 रुपये पर पहुंच गए हैं
  • दिग्गज निवेशक आदित्य कुमार हलवासिया ने पीसी ज्वैलर के और शेयर खरीदे हैं
  • कंपनी को सितंबर 2026 तिमाही में 330.66 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है

ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर के शेयरों में गुरुवार को बाजार खुलते ही जबरदस्त उछाल आया है। पीसी ज्वैलर के शेयर गुरुवार को BSE में कारोबार के दौरान 9 पर्सेंट की तेजी के साथ 20.17 रुपये पर पहुंच गए और 52 हफ्ते का नया हाई बनाया। एक दिग्गज निवेशक ने कंपनी पर अपना दांव बढ़ाया है। साथ ही, पीसी ज्वैलर को सितंबर 2026 तिमाही में 330.66 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड मुनाफा हुआ है। इन्हीं वजहों से पीसी ज्वैलर लिमिटेड के शेयरों में अच्छी तेजी आई है और कंपनी के शेयर 20 रुपये के पार जा पहुंचे हैं। पीसी ज्वैलर ने बैंकों का पूरा बकाया चुका दिया है और कंपनी को हाल में ही कर्ज-मुक्त दर्जा मिला है।

आदित्य कुमार हलवासिया ने खरीदे और 5.51 करोड़ शेयर
दिग्गज इनवेस्टर आदित्य कुमार हलवासिया ने पीसी ज्वैलर लिमिटेड के 5.51 करोड़ शेयर और खरीदे हैं। खरीदे गए शेयर, कंपनी में 0.56 पर्सेंट हिस्सेदारी के बराबर हैं। हलवासिया ने ये शेयर 101.3 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। उन्होंने 18.39 रुपये प्रति शेयर के दाम पर यह डील की है। इससे पहले, आदित्य कुमार हलवासिया ने 15 अक्टूबर 2026 को पीसी ज्वैलर के 5.1 करोड़ शेयर खरीदे थे। हलवासिया ने ये शेयर 14.43 रुपये प्रति शेयर के दाम पर खरीदे और इस ट्रांजैक्शन की टोटल वैल्यू 73.59 करोड़ रुपये थी। आदित्य कुमार हलवासिया हेल्थकेयर एंड कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स सेगमेंट में काम करने वाली कंपनी क्यूपिड लिमिटेड के चेयरमैन एंड मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। हलवासिया के इनवेस्टमेंट पोर्टफोलियो में फाइनेंशियल सर्विसेज, ऑर्गेनाइज्ड रिटेल, बैंकिंग और डिफेंस टेक्नोलॉजी सेक्टर की कंपनियां शामिल हैं। हलवासिया ने टूरिज्म फाइनेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, बाजार स्टाइल रिटेल, कर्नाटक बैंक, साउथ इंडियन बैंक और अपोलो माइक्रो सिस्टम्स पर दांव लगा रखा है।

पीसी ज्वैलर को हुआ है 330.66 करोड़ रुपये का मुनाफा
ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर का कंसॉलिडेटेड मुनाफा चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 58 पर्सेंट बढ़ा है। सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड मुनाफा 330.66 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 209.54 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में ऑपरेशंस से मिलने वाला कंसॉलिडेटेड टोटल रेवेन्यू सालाना आधार पर 28 पर्सेंट बढ़कर 1054.47 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में यह 825.25 करोड़ रुपये था।

कर्ज-मुक्त का मिला है दर्जा
ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर लिमिटेड को 30 सितंबर 2026 को खत्म हुई तिमाही के दौरान कर्ज मुक्त दर्जा मिला है। कंपनी ने सभी 14 कंसोर्शियम बैंकों का पूरा बकाया चुका दिया है। कंपनी ने सभी रिपेमेंट तय तारीख से पहले पूरे किए हैं। कंपनी पर अब बैंकों का कोई बकाया नहीं है, जिससे भविष्य में कंपनी को इंटरेस्ट कॉस्ट में बचत होगी और इसका असर कंपनी के मुनाफे पर देखने को मिलेगा। साथ ही, कंपनी की बैलेंस शीट मजबूत होगी। पीसी ज्वैलर के शेयर पिछले 7 महीने से भी कम में 150 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। कंपनी के शेयर 30 मार्च 2026 को 7.57 रुपये पर थे। पीसी ज्वैलर के शेयर 22 अक्टूबर 2026 को 20.17 रुपये पर जा पहुंचे हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN