Source :- Khabar Indiatv
कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों के चुनाव परिणामों में NDA ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली। चुनाव में तीन मौजूदा MLC मैदान में थे और BJP के दोनों सिटिंग MLC अपनी सीट बचाने में सफल रहे। वहीं, विधान परिषद में कांग्रेस के उपनेता और पांच बार के MLC पुट्टना की हार ने पार्टी को बड़ा झटका दिया।
बेंगलुरु टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र में JDS के एपी रंगनाथ ने कांग्रेस उम्मीदवार पुट्टना को हराकर जीत हासिल की। पुट्टना पहले तीन बार JDS के टिकट पर विधान परिषद पहुंचे थे। बाद में कांग्रेस में शामिल होने के बाद वह लगातार दो कार्यकाल तक पार्टी के टिकट पर MLC चुने गए। इस बार उनकी हार से कांग्रेस को इस सीट पर निराशा हाथ लगी।
BJP के दोनों मौजूदा MLC ने बचाई सीट
नॉर्थ ईस्ट टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र में BJP के सिटिंग MLC शशिल नमोशी ने कांग्रेस के शरणप्पा मट्टूर को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी। वहीं, वेस्ट ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र में BJP के एसवी संकनूर ने कांग्रेस के पूर्व MLC मोहन लिम्बिकायी को पराजित किया। इस जीत के साथ संकनूर ने भी अपना दबदबा कायम रखा।
साउथ ईस्ट ग्रेजुएट्स सीट पर नए चेहरे पर BJP ने जताया भरोसा
साउथ ईस्ट ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र में BJP ने इस बार अपने मौजूदा MLC चिदानंद गौड़ा को उम्मीदवार नहीं बनाया। पार्टी ने उनकी जगह केएम सुरेश को मैदान में उतारा। कांग्रेस को इस सीट पर जीत की उम्मीद थी, लेकिन मतदाताओं ने कांग्रेस उम्मीदवार एच. शशि के बजाय BJP के केएम सुरेश को चुना।
इस तरह चारों सीटों पर NDA उम्मीदवारों की जीत हुई और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल सका। खास बात यह रही कि ये चुनाव EVM के बजाय बैलेट पेपर से कराए गए थे।
जीत-हार की डिटेल
- बेंगलुरु टीचर्स सीट: JDS के एपी रंगनाथ ने कांग्रेस के पांच बार के MLC और विधान परिषद में उपनेता पुट्टना को हराया।
- नॉर्थ ईस्ट टीचर्स सीट: BJP के सिटिंग MLC शशिल नमोशी ने कांग्रेस के शरणप्पा मट्टूर को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी।
- वेस्ट ग्रेजुएट्स सीट: BJP के सिटिंग MLC एसवी संकनूर ने कांग्रेस के पूर्व MLC मोहन लिम्बिकायी को हराया।
- साउथ ईस्ट ग्रेजुएट्स सीट: BJP के केएम सुरेश ने कांग्रेस के एच. शशि को हराकर जीत दर्ज की। इस सीट पर BJP ने अपने सिटिंग MLC चिदानंद गौड़ा की जगह नए उम्मीदवार को मौका दिया था।
ये भी पढ़ें-
SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS




