Home World News hindi कश्मीर में पाकिस्तान ने बांटे हथियार, अब हमें बोल रहे आतंकी; PoK...

कश्मीर में पाकिस्तान ने बांटे हथियार, अब हमें बोल रहे आतंकी; PoK में उठी भारत के समर्थन में आवाज

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पीओके में आयोजित रैली में अपने भाषण के दौरान अमन खान ने पिछले साल फरवरी में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद द्वारा रावलकोट में निकाली गई एक रैली का भी जिक्र किया।

पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में सरकार विरोधी आंदोलन चरम पर पहुंचता जा रहा है। रावलकोट के ईदगाह मैदान में 80 हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों का जुटान हुआ। इस विशाल जनसभा के दौरान जॉइंट आवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के शीर्ष नेता सरदार अमन खान ने पाकिस्तानी सरकार और वहां की सेना को लेकर एक ऐसा सनसनीखेज खुलासा किया है जिसने इस्लामाबाद से लेकर रावलपिंडी के सैन्य मुख्यालय तक हड़कंप मचा दिया है। अमन खान ने सीधे तौर पर पाकिस्तानी सेना पर कश्मीर में आतंकवाद को प्रायोजित करने और स्थानीय लोगों को हथियार थमाने का आरोप लगाया है।

ईदगाह मैदान में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए सरदार अमन खान ने पाकिस्तानी सेना के दोहरे चरित्र को बेनकाब किया। उन्होंने गरजते हुए कहा, “यह कोई और नहीं, बल्कि खुद पाकिस्तानी सेना थी जिसने सबसे पहले कश्मीरियों के हाथों में बंदूकें और गोला-बारूद थमाए थे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में अशांति फैलाने के लिए हथियारों की तस्करी की थी। आज देखिए, उनकी इतनी हिम्मत कि वे अपने हक के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हम लोगों को आतंकवादी कह रहे हैं!” अमन खान के इस बयान के बाद पूरे मैदान में पाकिस्तान विरोधी नारे गूंज उठे।

अपने भाषण के दौरान अमन खान ने पिछले साल फरवरी में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद द्वारा रावलकोट में निकाली गई एक रैली का भी जिक्र किया। उन्होंने प्रशासनिक मिलीभगत का पर्दाफाश करते हुए कहा कि उस रैली में आतंकी खुलेआम एके-47 राइफलें, अत्याधुनिक हथियार और तलवारें लेकर मार्च कर रहे थे।

रावलकोट के डिप्टी कमिश्नर को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा, “डिप्टी कमिश्नर साहब, क्या आप भूल गए? आपने खुद यहां बंदूकों और तलवारों से लैस आतंकियों की रैलियां आयोजित करवाई थीं और उन्हें सुरक्षा दी थी। आज आप हमें आतंकवादी कहेंगे? याद रखिए, यह जो लाखों लोग यहां विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं ये इस धरती के असली वारिस हैं। कोई किराये के आतंकी नहीं।”

PoK पाकिस्तान का हिस्सा नहीं

अमन खान ने दो टूक शब्दों में कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर कभी भी पाकिस्तान का संवैधानिक हिस्सा नहीं रहा है। हकीकत यह है कि हमें पाकिस्तान की जरूरत नहीं है, बल्कि पाकिस्तान को अपनी भू-राजनीतिक साजिशों के लिए हमारी इस जमीन की ज्यादा जरूरत है। इस रैली से दो दिन पहले प्रदर्शनकारियों ने खुले मंच से चेतावनी दी थी कि यदि पाकिस्तान का यही दमनकारी रवैया रहा तो क्षेत्र के लोग अपने भविष्य के लिए भारत के साथ मजबूत संपर्क और जुड़ाव स्थापित करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN