Home LIFESTYLE NEWS HINDI कहीं आपकी रसोई में तो नहीं पहुंच गई केमिकल कलर वाली लाल...

कहीं आपकी रसोई में तो नहीं पहुंच गई केमिकल कलर वाली लाल मिर्च? इन 3 तरीकों से करें पहचान

1
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Real vs Fake Red Chilli Powder: कहावत है कि हर चमकती चीज सोना नहीं होती, वैसे ही हर लाल रंग वाली मिर्च असली नहीं होती। जी हां, आजकल मार्केट में नकली केमिकल वाली लाल मिर्च बिक रही हैं, जिसे जाने-अनजाने हम खा रहे हैं। लेकिन आज हम आपको नकली लाल मिर्च की पहचान करने के कुछ तरीके बताने जा रहे हैं।

आजकल खाने के हर सामान में मिलावट हो चुकी है, फिर चाहे वह फल-सब्जियां हो या फिर तेल-मसाला। किचन तक आते-आते मसाले भी केमिकल रंगों और कई तरह के तत्वों से मिलकर आते हैं, जो सेहत के लिए हानिकारक है। पहले लोग हल्दी और सूखी लाल मिर्च लेकर चक्की पर पिसवाते थे लेकिन अब बाजार से लेना आसान लगता है। बढ़ती मांग के चलते लोगों ने इन मसालों में भी मिलावट करना शुरू कर दिया। FSSAI ने लाल मिर्च पाउडर में नकली रंग, ईंट का चूरा मिलाने वाले कई गिरोह को पकड़ा है और लोगों को सावधान किया है कि नकली खाने से बचें। बल्कि कुछ लोगों का कहना है कि पिसी लाल मिर्च की जगह हरी मिर्च खाना शुरू करो। फिलहाल, आप क्या खाना चाहते हैं ये आपकी मर्जी है लेकिन हम आज आपको बताएंगे कि नकली लाल मिर्च पाउडर को कैसे पहचानें।

नकली लाल मिर्च में क्या होता है

लाल मिर्च को कलर देने के चक्कर में उसमें सूडान डाई, लाल केमिकल रंग, ईंट का बुरादा जैसी चीजों को पीसकर मिलाया जाता है। इन चीजों के साथ लाल मिर्च देखने में बिल्कुल असली लगती है और महीन भी होती है। इसे गाढ़ा दिखाने के लिए स्टार्च का इस्तेमाल भी किया जाता है।

1- पानी वाला टेस्ट

1 गिलास लें और उसमें लाल मिर्च पाउडर डालकर छोड़ दें। गिलास को हिलाना नहीं है, ऐसे ही रखें। अगर लाल मिर्च पाउडर फौरन घुलकर पानी में मिल जाए और रंग लाल हो जाए, तो आपकी मिर्च नकली है। अगर लाल मिर्च सतह पर है और धीरे-धीरे नीचे बैठ रही है, तो वह असली है।

2- हथेली पर रगड़कर देखो

हथेली पर हल्का सा पानी लगाओ और फिर लाल मिर्च के पाउडर को रगड़ें। अगर आपको किरकिरापन महसूस हो रहा है और रंग छूटकर हथेली पर आ गया है, तो ये नकली है। ऐसा कुछ भी न हो तो मिर्च असली है। बस इस टेस्ट के बाद अपने हाथों को साबुन से अच्छे से धोना न भूलें।

3- नींबू वाली ट्रिक

लाल मिर्च पाउडर को कटोरी में लें और उसमें थोड़ा सा नींबू का रस मिक्स करें। अगर रस मिलाने के बाद बुलबुले उठने लगे तो समझ लीजिए कि वह नकली है। इसमें चॉक पाउडर या फिर सर्फ मिलाया गया है। अगर बुलबुले नहीं बने तो फिर आपकी मिर्च सही है।

आप इन तरीकों से असली-नकली लाल मिर्च की पहचान कर सकते हैं। अगर आपको नकली मिर्च मिलती है, तो फौरन फूड सेफ्टी हेल्पलाइन पर कॉल कर जानकारी दें। केमिकल वाली लाल मिर्च खाने से लिवर डैमेज, कैंसर का खतरा जैसी कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN