Home Latest news ताज़ा खबर कांग्रेस को मिलने वाले चंदे में 75% की गिरावट, एक साल में...

कांग्रेस को मिलने वाले चंदे में 75% की गिरावट, एक साल में 386 करोड़ रुपये कम हुए

4
0

Source :- INDIATV NEWS

कांग्रेस को वित्त वर्ष 2025-26 में मिलने वाले चंदे में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पार्टी को 20 हजार रुपये से अधिक के चंदे के रूप में कुल 130.69 करोड़ रुपये मिले हैं। यह राशि पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में मिले 517.39 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 75 प्रतिशत कम है। पिछले एक दशक में कांग्रेस के चंदे में यह सबसे बड़ी सालाना गिरावट है।

निर्वाचन आयोग को सौंपी गई कांग्रेस की योगदान रिपोर्ट के विश्लेषण से यह जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी को 2024-25 में 20 हजार रुपये से अधिक के चंदे के रूप में 517.39 करोड़ रुपये मिले थे। वहीं, 2025-26 में यह रकम घटकर 130.69 करोड़ रुपये रह गई। यानी एक साल में पार्टी को करीब 386.70 करोड़ रुपये कम चंदा मिला।

प्रूडेंट ट्रस्ट से कम मिला चंदा

कांग्रेस को मिलने वाले चंदे में गिरावट की एक बड़ी वजह प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट से मिलने वाली रकम का कम होना है। इस ट्रस्ट ने 2024-25 में कांग्रेस को 216.34 करोड़ रुपये दिए थे। लेकिन 2025-26 में इसका योगदान घटकर केवल 25 करोड़ रुपये रह गया। यानी ट्रस्ट से मिलने वाली रकम में करीब 88 प्रतिशत की कमी आई है।

पार्टी की नवीनतम योगदान रिपोर्ट में प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट को एकमात्र इलेक्टोरल ट्रस्ट के रूप में दर्ज किया गया है। इसके अलावा, स्टार सीमेंट ने कांग्रेस को 5 करोड़ रुपये का चंदा दिया। वहीं, सज्जन भजंका ने 4 करोड़ और प्रेम कुमार भजंका ने 2 करोड़ रुपये का योगदान दिया।

2015-16 के बाद सबसे बड़ी गिरावट

पिछले 12 वित्त वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कांग्रेस के चंदे में इससे बड़ी गिरावट 2015-16 में दर्ज की गई थी। उस समय पार्टी को मिलने वाला चंदा पिछले वित्त वर्ष के 141.46 करोड़ रुपये से करीब 86 प्रतिशत घट गया था। हालांकि, हाल के वर्षों में कांग्रेस के चंदे में लगातार बढ़ोतरी हुई थी। वित्त वर्ष 2023-24 में पार्टी को 281.48 करोड़ रुपये मिले थे। इसके बाद 2024-25 में लोकसभा चुनाव के दौरान यह रकम बढ़कर 517.39 करोड़ रुपये हो गई थी। लेकिन 2025-26 में इसमें भारी कमी आ गई।

भाजपा को कांग्रेस से 12 गुना ज्यादा मिला था चंदा

चंदे के मामले में कांग्रेस भाजपा से काफी पीछे है। वित्त वर्ष 2024-25 में भाजपा को 20 हजार रुपये से अधिक के चंदे के रूप में 6,074.02 करोड़ रुपये मिले थे। यह रकम कांग्रेस को मिले चंदे से करीब 12 गुना ज्यादा थी। हालांकि, वित्त वर्ष 2025-26 के लिए भाजपा के चंदे का आंकड़ा अभी उपलब्ध नहीं है। निर्वाचन आयोग ने फिलहाल भाजपा की योगदान रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की है। पिछले 12 वित्त वर्षों के आंकड़ों में हर बार भाजपा को कांग्रेस से ज्यादा चंदा मिला है।

चुनावी बॉण्ड की रकम अलग

इन आंकड़ों में चुनावी बॉण्ड से मिले चंदे को शामिल नहीं किया गया है। जब चुनावी बॉण्ड योजना लागू थी, तब इससे मिलने वाली रकम का ब्योरा अलग से दिया जाता था। अगर चुनावी बॉण्ड से मिली राशि को भी जोड़कर देखा जाए तो 2025-26 में कांग्रेस को मिलने वाला कुल चंदा 2020-21 के बाद सबसे कम रहा। यहां यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि योगदान रिपोर्ट में पार्टी की पूरी कमाई का हिसाब नहीं होता। कांग्रेस की कुल आय में छोटे चंदे, सदस्यता शुल्क, कूपन की बिक्री और बैंक जमा पर मिलने वाला ब्याज भी शामिल होता है।

वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कांग्रेस की ऑडिट रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं हुई है। ऐसे में पार्टी की कुल आमदनी और खर्च की पूरी तस्वीर सामने आना बाकी है। वित्त वर्ष 2024-25 में कांग्रेस को केवल कूपन के जरिए 350.12 करोड़ रुपये की आमदनी हुई थी।

ये भी पढ़ें-

‘खतरा अभी टला नहीं, जंगलों से नक्सली मिट गए, दिमागी नक्सली मौजूद’, बस्तर में जवानों के बीच बोले पीएम मोदी

‘अब्दुल एक दिन यूपी का सीएम और देश का पीएम भी बनेगा’, AIMIM के वारिस पठान का बयान

SOURCE : INDIATV NEWS