Home rss business hindi कानपुर में बनेगा 16 km का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, रिडेवलपमेंट के बाद...

कानपुर में बनेगा 16 km का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, रिडेवलपमेंट के बाद ऐसा दिखेगा कानपुर सेंट्रल; रेल मंत्री ने शेयर की तस्वीर

2
0

Source :- KHABAR INDIA TV

कानपुर के लोगों को आने वाले समय में रेलवे से जुड़ी कई बड़ी सुविधाएं मिलने वाली हैं। शहर में रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले लंबे जाम से राहत दिलाने के लिए 16 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनाया जाएगा। इसके अलावा कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन का भी बड़े स्तर पर कायाकल्प किया जा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शहर में चल रही और प्रस्तावित रेलवे परियोजनाओं की जानकारी शेयर की है। उन्होंने स्टेशन के रिडेवलपमेंट की तस्वीर भी शेयर की है, जिससे आने वाले समय में इसकी नई और आधुनिक सूरत की झलक मिलती है।

अनवरगंज से मंधना के बीच बनेगा 16 KM का एलिवेटेड ट्रैक

रेल मंत्री ने बताया कि कानपुर में अनवरगंज से मंधना के बीच करीब 16 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनाया जाएगा। इस परियोजना का मकसद शहर की रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम की पुरानी समस्या का स्थायी समाधान करना है। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण अक्सर सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और लोगों को काफी समय तक इंतजार करना पड़ता है। इस एलिवेटेड ट्रैक के बनने से रेलगाड़ियों का संचालन ऊपर बने ट्रैक पर हो सकेगा और नीचे सड़क यातायात को बेहतर तरीके से चलाने में मदद मिलेगी। रेल मंत्री के मुताबिक, परियोजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है और जरूरी मंजूरियां भी मिल गई हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

रिडेवलपमेंट के बाद ऐसा दिखेगा कानपुर सेंट्रल स्टेशन

Image Source : PIB X ACCOUNTकानपुर सेंट्रल की नई बिल्डिंग

कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी चल रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि स्टेशन के पुनर्विकास का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्टेशन के प्रस्तावित नए स्वरूप की तस्वीर भी साझा की है। रिडेवलपमेंट के बाद स्टेशन को पहले से ज्यादा आधुनिक और बेहतर यात्री सुविधाओं वाला बनाया जाएगा। इस परियोजना के तहत स्टेशन के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। रेल मंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले समय में कानपुर में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कई अन्य विकास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी।

बुलेट ट्रेन से दिल्ली और लखनऊ का सफर होगा आसान

कानपुर के विकास में प्रस्तावित बुलेट ट्रेन नॉर्थ कॉरिडोर भी अहम भूमिका निभा सकता है। रेल मंत्री के मुताबिक, यह कॉरिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ेगा। आगे इसे पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी तक विस्तार देने की योजना है। इस परियोजना के चालू होने के बाद दिल्ली से कानपुर का सफर करीब 1 घंटे 45 मिनट में पूरा हो सकेगा। वहीं, लखनऊ से कानपुर पहुंचने में लगभग 27 मिनट और कानपुर से प्रयागराज जाने में करीब 1 घंटा 15 मिनट लगेंगे।

शहर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, कानपुर सेंट्रल स्टेशन का रिडेवलपमेंट और प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं शहर की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में अहम हो सकती हैं। इनसे न केवल यात्रियों को सुविधाएं मिलने की उम्मीद है, बल्कि कानपुर के व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

यह भी पढ़ें- कानपुर से इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, दादरी होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी नई एक्सप्रेस ट्रेन; रेल मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

SOURCE : KHABAR INDIA TV