Source :- LIVE HINDUSTAN

Dahi Khatta hone par kya Karein? : कई बार घर का दही जरूरत से ज्यादा खट्टा हो जाता है। ऐसे में उसे फेंकने की बजाय कुछ आसान उपाय अपनाकर उसका स्वाद संतुलित किया जा सकता है और उसे दोबारा स्वादिष्ट बनाया जा सकता है।

घर में दही जमाना जितना आसान लगता है, उतना ही मुश्किल कभी-कभी उसका सही स्वाद बनाए रखना भी हो सकता है। कई बार मौसम, समय या ज्यादा देर तक बाहर रखने की वजह से दही जरूरत से ज्यादा खट्टा हो जाता है। तब अक्सर लोग उसे खाने से बचते हैं या फिर फेंकने का सोच लेते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि थोड़ा खट्टा दही हमेशा बेकार नहीं होता?

रसोई में मौजूद कुछ साधारण चीजों की मदद से उसके स्वाद को काफी हद तक संतुलित किया जा सकता है। इतना ही नहीं, कुछ आसान तरीकों से वही दही फिर से खाने लायक और स्वादिष्ट बन सकता है। आइए जानते हैं ऐसे आसान उपाय जो आपकी रसोई में काम आ सकते हैं।

  • खट्टे दही में थोड़ा ताजा दही मिलाएं

अगर दही बहुत ज्यादा खट्टा नहीं हुआ है, तो उसमें ताजा दही मिलाना सबसे आसान तरीका हो सकता है। ताजा दही का हल्का स्वाद खट्टेपन को कम करने में मदद कर सकता है। दोनों को अच्छी तरह फेंटकर कुछ देर के लिए रख दें और फिर इस्तेमाल करें।

  • दही में थोड़ा दूध मिलाएं

खट्टे दही का स्वाद संतुलित करने के लिए थोड़ा ठंडा उबला हुआ दूध भी मिलाया जा सकता है। दूध दही की तीखी खटास को हल्का करने में मदद कर सकता है। यह तरीका खासतौर पर तब उपयोगी हो सकता है जब दही का इस्तेमाल रायता या किसी दूसरे पकवान में करना हो।

  • रायता बनाकर करें इस्तेमाल

अगर दही बहुत ज्यादा खट्टा लग रहा है, तो उसे सीधे खाने की बजाय रायता बनाया जा सकता है। खीरा, प्याज, भुना जीरा और थोड़ा काला नमक मिलाने से खटास का असर कम हो सकता है और स्वाद अधिक संतुलित लग सकता है।

  • मीठे स्वाद के साथ करें उपयोग

कुछ लोग खट्टे दही में थोड़ा गुड़ या चीनी मिलाकर भी खाते हैं। मीठापन और खट्टापन मिलकर स्वाद को संतुलित कर सकते हैं। हालांकि इसकी मात्रा अपने स्वाद के अनुसार ही रखें।

  • पराठों या कढ़ी में इस्तेमाल करें

जरूरत से ज्यादा खट्टा दही कई पकवानों के लिए अच्छा रहता है। कढ़ी, मसालेदार सब्जी या आटा गूंथने में इसे यूज कर सकते हैं। इससे दही का पूरा उपयोग हो जाता है और स्वाद भी अच्छा आता है।

खट्टा दही होने से कैसे बचें?

  1. सही समय पर दही को ठंडी जगह रखें: दही जमने के बाद उसे ज्यादा देर तक गर्म जगह पर ना रखें। इससे खट्टापन तेजी से बढ़ सकता है।
  2. जरूरत से ज्यादा पुराना जामन ना डालें: बहुत ज्यादा या बहुत खट्टा जामन इस्तेमाल करने से दही जल्दी खट्टा हो सकता है।
  3. मौसम का ध्यान रखें: गर्मियों में दही जल्दी जमता है, इसलिए उसे समय पर ठंडी जगह पर रखना जरूरी होता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN