Home LIFESTYLE NEWS HINDI किडनी खराब करती हैं पानी पीने से जुड़ी ये 5 गलतियां, डॉक्टर...

किडनी खराब करती हैं पानी पीने से जुड़ी ये 5 गलतियां, डॉक्टर बोलीं- 90% लोग कर रहे!

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

किडनी को सही तरीके से फंक्शन करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी की जरूरत होती है। लेकिन क्या हो अगर आप पानी पीते समय ही गलतियां कर रहे हों? डॉक्टर ऐसी ही 5 गलतियों के बारे में बताती हैं, जो आपकी किडनी को डैमेज करने का काम कर सकती हैं।

पानी पीना हमारे जीवन के लिए कितना जरूरी है, ये शायद बताने की भी जरूरत नहीं। शरीर को हाइड्रेट रखने से ले कर किडनी और बाकी अंगों के फंक्शन के लिए पानी बहुत अहम होता है। लेकिन क्या हो अगर आप पानी पीने में ही गलतियां कर रहे हों? डॉक्टर शालिनी सिंह सालुंके एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताती हैं कि 90 प्रतिशत लोग अनजाने में ऐसी आदतें रिपीट करते हैं, जो उनकी किडनी पर खराब असर डाल रही होती हैं। ये सभी आदतें पानी पीने से जुड़ी हुई हैं और ज्यादातर लोगों को इनके बारे में पता भी नहीं होता है। आइए जानते हैं डॉक्टर की बताई ऐसी 5 आदतों के बारे में, जो किडनी डैमेज का कारण बन सकती हैं।

किडनी डैमेज कर सकती हैं पानी पीने से जुड़ी ये 5 गलतियां

गलती 1- जरूरत से ज्यादा पानी पीना

कुछ लोगों को लगता है कि दिनभर में जितना ज्यादा पानी पीएंगे, सेहत और किडनी को उतना ही फायदा होगा। जबकि होता इसका उल्टा है। डॉ शालिनी बताती हैं कि जरूरत से ज्यादा पानी पीने पर ब्लड का सोडियम लेवल खतरनाक रूप से कम हो जाता है, जिससे किडनी शॉक में चली जाती है। इस स्थिति को हाइपोनेट्रेमिया कहा जाता है।

गलती 2- बहुत कम पानी पीना

अगर आप दिनभर में बहुत कम पानी पीते हैं, तो ये आदत भी आपकी किडनी को नुकसान पहुंचा सकती है। डॉक्टर के मुताबिक कम पानी पीने से यूरिन इन्फेक्शन और किडनी स्टोन (पथरी) होने का रिस्क बढ़ता है, साथ ही किडनी का वर्कलोड भी ज्यादा हो जाता है। इन सभी की वजह से किडनी हमेशा के लिए डैमेज हो सकती है।

काम की सलाह- डॉक्टर कहती हैं कि अगर आपका eGFR लेवल कम आ रहा है, तो कुछ दिन पर्याप्त मात्रा में पानी पी कर दोबारा टेस्ट कराएं। इसमें सुधार की गुंजाइश हो सकती है।

गलती 3- एक साथ बहुत सारा पानी पीना, फिर घंटों तक प्यासा रहना

कुछ लोग लंबे समय तक पानी नहीं पीते, फिर अचानक से एक बार में बहुत सारा पानी पी लेते हैं। डॉक्टर बताती हैं कि इस आदत की वजह से शरीर में पानी और सोडियम का संतुलन बिगड़ सकता है, जिसका भुगतान आपकी किडनी को करना पड़ सकता है।

गलती 4- लंबे समय तक बोरवेल का पानी पीना

कई इलाकों में बोरवेल का पानी पीने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। डॉक्टर कहती हैं कि ये देखने में साफ लग सकता है, लेकिन कई मामलों में इसमें हेवी मेटल्स जैसे आर्सेनिक और लीड भारी मात्रा में पाए जाते हैं। लंबे समय तक अगर किडनी को ऐसे पानी को फिल्टर करना पड़े, तो डैमेज हो सकता है।

गलती 5- फिटकरी डालकर पानी को साफ करना

कई लोग पानी को साफ करने के लिए फिटकरी के टुकड़े का इस्तेमाल करते हैं। इससे पानी में मौजूद गंदगी और छोटे कण नीचे बैठने में मदद मिल सकती है, लेकिन ये बैक्टीरिया को खत्म नहीं करता है। साथ ही डॉक्टर बताती हैं कि लंबे समय तक फिटकरी वाला पानी पीने से भी किडनी पर बुरा असर होता है।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN