Home LIFESTYLE NEWS HINDI ‘कितना संस्कारी बच्चा है!’ लोग भी करेंगे तारीफ, अगर सिखाएंगे ये 5...

‘कितना संस्कारी बच्चा है!’ लोग भी करेंगे तारीफ, अगर सिखाएंगे ये 5 मैनर्स

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Good Manners for Kids: बच्चों को अच्छी आदतें सिखाने की शुरुआत जितनी जल्दी हो, उतना बेहतर होता है। पांच साल की उम्र से पहले अगर कुछ जरूरी शिष्टाचार सिखा दिए जाएं, तो बच्चे आगे चलकर अधिक आत्मविश्वासी और विनम्र बन सकते हैं।

हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा बड़ा होकर एक अच्छा इंसान बने। लेकिन अच्छी परवरिश सिर्फ पढ़ाई या अच्छे नंबरों तक सीमित नहीं होती। बच्चों को छोटी उम्र से ही अच्छे व्यवहार और दूसरों की इज्जत करना सिखाना भी उतना ही जरूरी है। बचपन में सीखी गई छोटी-छोटी बातें आगे चलकर बच्चे की पहचान बनती हैं।

यही आदतें उसे स्कूल, दोस्तों और समाज में अलग पहचान दिलाती हैं। अच्छी बात यह है कि पांच साल की उम्र तक बच्चे नई चीजें बहुत जल्दी सीखते हैं। इसलिए यह सही समय है, जब उन्हें कुछ जरूरी शिष्टाचार सिखाए जा सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसी 5 आदतों के बारे में, जो हर बच्चे को पांच साल की उम्र से पहले जरूर सीखनी चाहिए।

1. प्लीज, सॉरी और थैंक यू कहना सिखाएं

बच्चों को छोटी उम्र से ही विनम्र शब्दों का इस्तेमाल करना सिखाना चाहिए।

  • जब बच्चा किसी से कोई चीज मांगे, तो उसे ‘प्लीज’ कहना सिखाएं।
  • अगर कोई उसकी मदद करे, तो ‘धन्यवाद’ बोलने की आदत डालें।
  • इसी तरह गलती होने पर ‘सॉरी’ कहना भी सिखाएं।

2. अपना परिचय देना सिखाएं

  • कई बच्चे नए लोगों से मिलने पर चुप हो जाते हैं या घबरा जाते हैं। ऐसे में उन्हें अपना नाम बताना और सामने वाले को ग्रीट करना सिखाएं।
  • उदाहरण के लिए, बच्चा अपना नाम, अपने माता-पिता का नाम और सामने वाले को नमस्ते कहना सीख सकता है। इससे बच्चे का आत्मविश्वास बढ़ता है।

3. बड़ों से प्यार और सम्मान से बात करना सिखाएं

बच्चों को सिखाएं कि जब कोई बड़ा बात कर रहा हो, तो बीच में नहीं बोलना चाहिए। सामने वाले की बात ध्यान से सुनना और शांति से जवाब देना भी जरूरी है। बड़ों का सम्मान करने की यह आदत जीवनभर काम आती है।

4. किसी के घर से लौटते समय धन्यवाद कहना सिखाएं

अगर बच्चा किसी दोस्त के घर, जन्मदिन की पार्टी या किसी समारोह में गया है, तो वहां से निकलते समय धन्यवाद कहना जरूर सिखाएं। इससे बच्चे में आभार जताने की आदत डेवलप होती है।

5. खाने की मेज पर अच्छे व्यवहार की आदत डालें

बच्चों को बचपन से ही खाने की मेज के कुछ आसान नियम सिखाने चाहिए। जैसे खाना खाते समय शोर ना करना, मुंह में खाना होने पर बात ना करना और खाना खत्म होने के बाद अपनी प्लेट सही जगह रखना। ये बेसिक टेबल मैनर्स सिखाना बहुत जरूरी है।

बच्चों को अच्छी आदतें सिखाने के आसान तरीके

  • बच्चे सबसे ज्यादा अपने माता-पिता को देखकर सीखते हैं। इसलिए वही करें, जो आप बच्चे से चाहते हैं।
  • एक बार समझाने से बच्चे सब कुछ नहीं सीखते। इसलिए उन्हें प्यार से बार-बार याद दिलाते रहें।
  • जब बच्चा कोई अच्छी आदत अपनाए, तो उसकी तारीफ जरूर करें। इससे वह और बेहतर करने की कोशिश करेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN