Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- सीबीआई ने फ्यूचर रिटेल लिमिटेड और किशोर बियानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है
- इसके साथ ही शुक्रवार को मुंबई में उनसे जुड़े परिसरों की तलाशी ली
कभी भारत के रिटेल किंग कहे जाने वाले किशोर बियानी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दरअसल, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 904.32 करोड़ रुपये की कथित बैंक धोखाधड़ी के मामले में बिग बाजार की पैरेंट कंपनी फ्यूचर रिटेल लिमिटेड और किशोर बियानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इसके साथ ही शुक्रवार को मुंबई में उनसे जुड़े परिसरों की तलाशी ली। सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, जांच एजेंसी ने इस मामले में उनके भाई राकेश बियानी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। प्राथमिकी में धोखाधड़ी के लिए आपराधिक साजिश रचने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराधों के आरोप शामिल हैं। जानकारी के लिए बता दें कि यह मामला भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शिकायत पर दर्ज किया गया है। इसमें कंपनी और उसके प्रमोटर्स पर बैंकों से मिली कर्ज की रकम के कथित दुरुपयोग और धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं।
क्या कहा सीबीआई ने?
सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा, ”जांच एजेंसी ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की मुंबई स्थित स्ट्रेस्ड एसेट्स मैनेजमेंट ब्रांच-3 की शिकायत पर फ्यूचर रिटेल लिमिटेड और उसके प्रमोटर्स, प्रबंध निदेशकों, कार्यकारी निदेशकों, गारंटर किशोर बियानी, राकेश बियानी, अज्ञात लोक सेवकों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।” इस मामले में कंपनी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
सीबीआई के मुताबिक, एसबीआई की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने भारतीय स्टेट बैंक और नौ बैंकों के समूह से लोन फैसलिटीज प्राप्त करने के लिए आपराधिक साजिश रची। बयान के अनुसार, फ्यूचर रिटेल ‘बिग बाजार’, ‘फैशन एट बिग बाजार’ और ‘फूडहॉल’ जैसे हाइपरमार्केट तथा सुपरमार्केट सहित कई खुदरा कारोबार प्रारूपों का संचालन करती थी। सीबीआई का आरोप है कि कंपनी ने बैंक से मिले फंड का इस्तेमाल उन उद्देश्यों के लिए नहीं किया, जिनके लिए उसे मंजूरी दी गई थी। सीबीआई प्रवक्ता के मुताबिक तलाशी के दौरान जांच से संबंधित आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए।
ट्रेडिंग है बंद
बता दें कि फ्यूचर रिटेल लिमिटेड के शेयरों की ट्रेडिंग लंबे समय से बंद है। इस शेयर की आखिरी कीमत बीएसई पर 2.41 रुपये दिख रही है। फ्यूचर रिटेल की बात करें तो कभी देश के तेजी से बढ़ते रिटेल कारोबार का बड़ा नाम थी। बिग बाजार के जरिए कंपनी ने मिडिल क्लास परिवारों के बीच खास पहचान बनाई थी। लेकिन वित्तीय संकट और कारोबार से जुड़ी परेशानियों के बाद कंपनी की स्थिति लगातार कमजोर होती गई। इसका असर कंपनी के शेयर पर भी पड़ा। फ्यूचर रिटेल के शेयर
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




