Home rss sports hindi कौन हैं 15 साल की उमा काश्वी? WPL ऑक्शन में बिकने वाली...

कौन हैं 15 साल की उमा काश्वी? WPL ऑक्शन में बिकने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बनीं, दिल्ली कैपिटल्स ने लगाया दांव

2
0

Source :- KHABAR INDIATV

महज 15 साल की उम्र में किसी खिलाड़ी का दुनिया की सबसे बड़ी वूमेन्स T20 लीग में से एक में जगह बनाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। कर्नाटक की युवा ऑलराउंडर उमा काश्वी ने 28 अक्टूबर को वूमेन्स प्रीमियर लीग यानी WPL 2027 के ऑक्शन में इतिहास रच दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 10 लाख रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया। इसके साथ ही उमा WPL के इतिहास में ऑक्शन में बिकने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गईं।

उमा ने पिछले साल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले यह उपलब्धि दीया यादव के नाम थी, जिन्हें 16 साल की उम्र में दिल्ली कैपिटल्स ने 10 लाख रुपये में खरीदा था। दिलचस्प बात यह है कि दीया भी दिल्ली की टीम में इसी कीमत पर शामिल हुई थीं। वह पिछले सीजन में जेमिमा रोड्रिग्स की अगुआई वाली टीम के लिए खेलते हुए लीग में डेब्यू करने वाली सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल हुई थीं। इससे पहले मुंबई इंडियंस ने 2025 के मिनी ऑक्शन में 16 साल की विकेटकीपर-बल्लेबाज जी कमलिनी को खरीदा था। अब उमा ने इन खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

कौन हैं उमा काश्वी?

कर्नाटक की रहने वाली उमा काश्वी एक ऑलराउंडर हैं। महज 15 साल की उम्र में वह भारतीय अंडर-19 महिला टीम का हिस्सा बन चुकी हैं। वह दाएं हाथ से बल्लेबाजी करती हैं और ऑफ स्पिन गेंदबाजी में भी माहिर हैं। उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें 2027 में होने वाले ICC अंडर-19 महिला T20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में चुने जाने का दावेदार माना जा रहा है। यह टूर्नामेंट बांग्लादेश और नेपाल में आयोजित होना है। उमा ने श्रीलंका के खिलाफ भारतीय अंडर-19 टीम के लिए डेब्यू किया था। अब तक वह भारत की ओर से दो यूथ महिला ODI और तीन यूथ महिला T20I मुकाबले खेल चुकी हैं। इन मैचों में उनकी गेंदबाजी खास रही है। उन्होंने तीन T20 मुकाबलों में चार विकेट और दो ODI मैचों में दो विकेट हासिल किए हैं।

घरेलू क्रिकेट में भी दिखा चुकी हैं दम

उमा ने घरेलू क्रिकेट में भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। हाल ही में विदर्भ के खिलाफ महिला अंडर-19 T20 ट्रॉफी के एक मुकाबले के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। नागपुर के सिविल लाइंस स्टेडियम में खेले गए इस मैच में उनका सामना अचानक एक बंदर से हो गया था, जिसका वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, मैदान पर उमा का प्रदर्शन भी उतना ही शानदार रहा। कर्नाटक अंडर-19 टीम ने यह मुकाबला 6 रन से जीता और उमा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने चार ओवर में केवल 18 रन देकर तीन विकेट झटके। उनके इस प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित किया कि वह कम उम्र में ही गेंद से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती हैं।

वैभव से सिर्फ 12 दिन बड़ी उमा 

उमा काश्वी का जन्म 9 अप्रैल 2011 को हुआ था। वह IPL ऑक्शन में बिकने वाले सबसे युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी से महज 12 दिन बड़ी हैं। वैभव का जन्म 27 मार्च 2011 को हुआ था और वह इंडियन प्रीमियर लीग के ऑक्शन में बिकने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। अब उमा ने WPL में सबसे कम उम्र में बिकने वाली खिलाड़ी बनकर महिला क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है।

यह भी पढ़ें:

IND vs NZ T20I सीरीज के बीच आई बुरी खबर, लॉकी फर्ग्यूसन हुए बाहर, 26 साल के धाकड़ गेंदबाज को मिला मौका

सरफराज खान के भाई ने रचा इतिहास, 77 साल बाद दोहराया गया ऐतिहासिक कारनामा, रवि शास्त्री के क्लब में शामिल हुए

Latest Cricket News

SOURCE : KHABAR INDIAN TV