Source :- INDIATV NEWS

Highlights
- तेजस्वी यादव ने अनंत सिंह की RJD में वापसी की अटकलों पर बयान दिया है।
- अनंत सिंह को लेकर तेजस्वी ने नीरज कुमार और बिहार सरकार पर निशाना साधा।
- तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार MLC चुनाव में 8 में से 5 सीटें विपक्ष ने जीतीं।
पटना: बिहार की राजनीति में बाहुबली नेता अनंत सिंह की राष्ट्रीय जनता दल में वापसी को लेकर चल रही अटकलों पर तेजस्वी यादव ने विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि अनंत सिंह को पार्टी में वापस लेने के लिए RJD की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं है। दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी से पूछा गया था कि अनंत सिंह पहले भी राजद में रह चुके हैं, क्या भविष्य में उनकी दोबारा पार्टी में वापसी हो सकती है? इस पर उन्होंने स्पष्ट जवाब दिया कि उनकी ओर से कोई प्रस्ताव नहीं है।
अनंत सिंह पर तेजस्वी यादव ने सरकार को भी घेरा
सुप्रीम कोर्ट की ओर से अनंत सिंह को सरेंडर करने के लिए 1 दिसंबर तक का समय दिए जाने पर भी तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह और उनकी पत्नी हमेशा आरोप लगाते रहे हैं कि सरकार ने उन्हें झूठे मामलों में फंसाया है। तेजस्वी ने कहा कि जब अनंत सिंह ने उन्हें धोखा दिया और वापस सरकार के साथ चले गए, तब उन्हें यही सरकार अच्छी लगने लगी थी। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट से जमानत रद्द होने पर अनंत सिंह ने भी बयान दिया है।
‘अब जेल जाना पड़ रहा है तो सरकार बुरी हो गई’
तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अब जब अनंत सिंह को दोबारा जेल जाना पड़ रहा है तो उन्हें सरकार बुरी लगने लगी है। उन्होंने कहा कि इस पर वह क्या टिप्पणी करें। तेजस्वी ने जदयू नेता नीरज कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा,
‘नीरज कुमार को सारी बातें बहुत जल्दी समझ में आ गईं। जब उनके अपने हितों की बात आई तो वह अनंत सिंह को जेल भेजने के लिए याचिकाकर्ता बन गए। जब सभी नेता एक ही पार्टी में थे, तब नीरज कुमार चुप क्यों थे? क्या उस समय अनंत सिंह अपराधी नहीं थे? तब वह क्या कर रहे थे?’
1 नवंबर को रामलीला मैदान में जुटेंगे विपक्षी नेता
दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली I.N.D.I.A. गठबंधन की रैली को लेकर भी तेजस्वी यादव ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि 1 तारीख को गठबंधन के सभी नेता रामलीला मैदान में इकट्ठा होंगे। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र को कुचलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल इस मुद्दे के खिलाफ एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
MLC चुनाव में RJD के प्रदर्शन से गदगद तेजस्वी
बिहार में हाल ही में हुए विधान परिषद चुनावों के नतीजों पर तेजस्वी यादव ने एनडीए पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में एनडीए की हालत खराब रही और महागठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में कुल 8 MLC सीटों पर चुनाव हुए थे, इनमें से 5 सीटों पर उनकी पार्टी और सहयोगी दलों को जीत मिली, जबकि NDA सिर्फ 3 सीटें जीत सका। उन्होंने इस नतीजे को विपक्ष के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। (IANS से इनपुट्स के साथ)
ये भी पढ़ें: मोकामा विधायक अनंत सिंह फिर जाएंगे जेल, सुप्रीम कोर्ट ने सरेंडर करने को कहा, दुलारचंद यादव हत्याकांड में बड़ा झटका
SOURCE : INDIATV NEWS




