Source :- LIVE HINDUSTAN
अपनी डेली प्रोटीन रिक्वायरमेंट की पूरा करने के लिए कई लोग दिन में 4 अंडे खाना शुरू कर देते हैं। लेकिन क्या ये सेहत के लिए सुरक्षित है? कहीं ऐसा करने से कोलेस्ट्रॉल नहीं बढ़ेगा? आइए डॉक्टर से जानते हैं।
अंडा प्रोटीन का सबसे पॉपुलर और सस्ता विकल्प है। यही वजह है कि अपनी फिटनेस का ध्यान रखने वाले लोग अक्सर अपनी डाइट में एग को शामिल करते हैं। एक अंडे में लगभग 6 ग्राम के करीब हाई क्वालिटी प्रोटीन मिल जाता है। इसलिए कुछ लोग रोजाना दो अंडे खाते हैं, वहीं कुछ लोग प्रोटीन की जरूरत पूरी करने के लिए चार अंडे तक खाना शुरू कर देते हैं। ऐसे में अक्सर सवाल उठता है कि क्या चार अंडे खाना सुरक्षित है, या फिर बॉडी को इससे नुकसान भी हो सकता है? इससे प्रोटीन की जरूरत तो पूरी हो जाएगी, लेकिन कहीं कोलेस्ट्रॉल तो नहीं बढ़ जाएगा? इन तमाम सवालों के जवाब एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए फर्टिलिटी डॉक्टर डॉ सुनील जिंदल ने दिए हैं। आइए जानते हैं डॉक्टर का क्या कहना है।
क्या रोज 4 अंडे खाना सुरक्षित है?
प्रोटीन की जरूरत पूरी करने के लिए कई लोग रोजाना 4 अंडे खाते हैं। हालांकि डॉ सुनील बताते हैं कि चार अंडे खाना हर किसी के लिए सही नहीं है। एक दिन में आपको कितने अंडे खाने हैं, ये आपकी लिपिड प्रोफाइल, कैलोरी और ओवरऑल डाइट पर निर्भर है। वहीं अगर आपका बैड कोलेस्ट्रॉल LDL बढ़ा हुआ है, डायबिटीज या हार्ट से जुड़ी कोई समस्या है, तो अपने डॉक्टर से सलाह लेने के बाद अंडे की मात्रा तय करें।
क्या ज्यादा अंडे खाने से कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है?
अंडे की जर्दी (एग योक) को अक्सर कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की वजह माना जाता है। इसपर डॉक्टर कहते हैं कि एग योक से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि पूरी बात समझने की जरूरत है। जर्दी में कोलीन, विटामिन बी12, विटामिन ए और कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। वहीं खाने में मिलने वाला कोलेस्ट्रॉल और खून में मौजूद कोलेस्ट्रॉल एक ही चीज नहीं हैं। डाइटरी कोलेस्ट्रॉल का असर हर व्यक्ति पर अलग होता है। यह आपकी ओवरऑल डाइट और LDL लेवल में मौजूद स्तर पर निर्भर करता है।
रोज अंडे खाने से क्या फायदे हो सकते हैं?
अंडे में अच्छी क्वालिटी का प्रोटीन मौजूद होता है, जो मसल्स डेवलपमेंट और रिपेयर में मदद करता है। डॉक्टर बताते हैं कि अंडे में 9 जरूरी अमीनो एसिड मौजूद होते हैं, साथ ही विटामिन बी 12, सेलेनियम और कई विटामिन्स मौजूद होते हैं। अंडे की जर्दी में पाया जाने वाला कोलीन, कोशिकाओं के कामकाज और नर्वस सिस्टम के जरूरी पोषक तत्व है।
सिर्फ अंडे खाने पर निर्भर ना रहे
डॉ सुनील कहते हैं कि अंडे में पोषक तत्व मौजूद होते हैं, लेकिन आपकी बाकी की डाइट भी काफी मायने रखती है। शरीर को पर्याप्त प्रोटीन और दूसरे जरूरी पोषक तत्व देने के लिए डाइट में दालें, बींस, हरी सब्जियां और साबुत अनाज शामिल करें। इसलिए संतुलित डाइट लेना जरूरी है, ताकि शरीर को प्रोटीन के साथ-साथ विटामिन्स, मिनरल्स और फाइबर और अन्य पोषक तत्व भी मिल सकें।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


