Source :- LIVE HINDUSTAN
प्रदूषण के बढ़ते स्तर के बीच घर की हवा साफ रखने के लिए एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल बढ़ रहा है। कई लोग रातभर इसे चलाकर सोते हैं, लेकिन क्या ऐसा करना सही है? जानिए रात में एयर प्यूरीफायर कितनी देर चलाना चाहिए?
दिल्ली-NCR समेत देश के कई शहरों में बढ़ते प्रदूषण के कारण लोग घर के अंदर की हवा को साफ रखने के लिए एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल कर रहे हैं। कई लोग सोते समय भी इसे पूरी रात चलाकर रखते हैं, जिससे उन्हें रातभर साफ हवा मिल सके। लेकिन क्या एयर प्यूरीफायर को लगातार 7-8 घंटे या पूरी रात चलाना सही होता है? क्या इससे बिजली की खपत बढ़ती है या सेहत पर भी कोई असर पड़ सकता है? आइए जानते हैं एयर प्यूरीफायर इस्तेमाल करने का सही तरीका।
क्या रातभर एयर प्यूरीफायर चलाना सुरक्षित है?
अगर आपका एयर प्यूरीफायर अच्छी क्वालिटी का है, तो उसे आप रातभर चला सकते हैं। एयर प्यूरीफायर का काम कमरे की हवा में मौजूद धूल, महीन कण और गंदगी को फिल्टर करने का होता है। जब ये लगातार चलता है, तो हवा बार-बार फिल्टर होती रहती है। हालांकि, आपको बीच में चेक करना पड़ेगा कि फिल्टर साफ है या नहीं और मशीन सही से काम कर रही है कि नहीं। इसके अलावा रात में सोने के दौरान इसे लो या स्लीप मोड पर चलाया जा सकता है। इससे मशीन कम आवाज के साथ काम करती है।
एयर प्यूरीफायर कितनी देर चलाना चाहिए?
एयर प्यूरीफायर चलाने का कोई तय समय नहीं है। अगर आपको लग रहा है कि धूल, धुआं ज्यादा है, तो आप इसे काफी देर तक चलाएं। साथ ही इसका समय उसके फिल्टर और मशीन पर भी डिपेंड करता है। अगर बाहर का प्रदूषण ज्यादा है और घर का भी लग रहा है, तो उसे लगातार चलाएं।
रातभर एयर प्यूरीफायर चलाते समय रखें इन 5 बातों का ध्यान
1. स्लीप मोड का इस्तेमाल करें
अगर एयर प्यूरीफायर में स्लीप मोड दिया गया है तो रात में इसका इस्तेमाल करें। इससे मशीन की आवाज और लाइट कम हो सकती है। हालांकि, इस मोड में हवा साफ करने की गति थोड़ी कम रहती है।
2. सही जगह पर रखें
एयर प्यूरीफायर को दीवार, पर्दे या फर्नीचर से बिल्कुल सटाकर न रखें। इसके एयर इनलेट और आउटलेट के आसपास सही जगह होनी चाहिए, ताकि हवा का रुख ठीक से बना रहे।
3. फिल्टर की सफाई और बदलाव का ध्यान रखें
अगर फिल्टर पर धूल जमा हो गई है या वह अपनी प्यूरीफायर धीमा चल रहा है तो मशीन में कुछ समस्या है। ऐसे में फिर आप कंपनी के सर्विस केयर से बात करें और फिल्टर की सर्विस करवाएं।
4. कमरे के आकार के हिसाब से चुनें प्यूरीफायर
छोटे कमरे के लिए कम क्षमता वाला एयर प्यूरीफायर और बड़े कमरे के लिए ज्यादा CADR वाला मॉडल चुनना चाहिए। CADR यानी Clean Air Delivery Rate बताता है कि मशीन कितनी तेजी से साफ हवा दे सकती है।
5. सही सॉकेट में लगाएं प्लग
एयर प्यूरीफायर को सही वोल्टेज वाले सॉकेट में लगाएं। खराब तार, ढीले प्लग या खराब सॉकेट का इस्तेमाल न करें। प्यूरीफायर को गीली जगह या पानी के आसपास रखने से बचें।
क्या रातभर एयर प्यूरीफायर चलाने से बिजली का बिल बढ़ता है?
एयर प्यूरीफायर रातभर चलाने से बिजली की खपत जरूर होती है, लेकिन यह मशीन की पावर रेटिंग और इस्तेमाल किए जाने वाले मोड पर निर्भर करती है। अगर कोई एयर प्यूरीफायर 40 वॉट बिजली की खपत करता है और उसे 8 घंटे चलाया जाता है तो वह लगभग 0.32 यूनिट बिजली इस्तेमाल करेगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




