Home rss world hindi खत्म होने वाला है रूस-यूक्रेन युद्ध? अमेरिका और कीव से बातचीत को...

खत्म होने वाला है रूस-यूक्रेन युद्ध? अमेरिका और कीव से बातचीत को तैयार पुतिन

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

क्रेमलिन ने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए अमेरिका और यूक्रेन के साथ तीन-तरफा बातचीत फिर से शुरू करने के लिए तैयार हैं।

अगर सब ठीक रहा तो बहुत जल्द ही रूस-यूक्रेन युद्ध बहुत ही जल्द खत्म हो जाएगा। दरअसल, क्रेमलिन का कहना है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका और यूक्रेन के साथ तीन-तरफा बातचीत फिर शुरू करने पर सहमत हो गए हैं। क्रेमलिन के एक अधिकारी के मुताबिक, पुतिन ने बुधवार को 10 नवंबर के बाद बातचीत फिर शुरू करने पर ‘सैद्धांतिक रूप से’ हामी भरी है। पुतिन के विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव ने सेंट पीटर्सबर्ग में पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ की बैठक के बाद बताया कि बातचीत मुख्य रूप से युद्ध खत्म होने के बाद रूस और यूक्रेन के लिए सुरक्षा व्यवस्था बनाने पर केंद्रित होगी।

उशाकोव ने कहा कि विटकॉफ ने मंगलवार को ओस्लो में पुतिन को अपनी बातचीत के बारे में जानकारी दी। वहां विटकॉफ यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की, नॉर्वे के प्रधानमंत्री और फिनलैंड के राष्ट्रपति से मिले थे। यह बैठक ऐसे समय में हुई जब ट्रंप यूक्रेन में लड़ाई रोकने के लिए डील करने का दबाव डाल रहे हैं। फरवरी से अमेरिका, रूस और यूक्रेन के बीच तीन-तरफा बातचीत नहीं हुई है। दोनों पक्षों के बीच मतभेद बने हुए हैं और वे एक-दूसरे की ऊर्जा सुविधाओं पर हमले बढ़ा रहे हैं।

डीजल डील और अन्य मुद्दे

क्रेमलिन के अनुसार, पुतिन और अमेरिकी दूत की बैठक तीन घंटे तक चली। इसमें 9 अक्टूबर को पुतिन और ट्रंप के बीच हुई डीजल सप्लाई डील को लागू करने पर चर्चा हुई। ईरान संकट पर भी बात हुई। उशाकोव ने कहा कि व्लादिमीर पुतिन ने जोर दिया कि कूटनीति के रास्ते अभी बंद नहीं हुए हैं। तेहरान हमारा रणनीतिक साझेदार है और उसके साथ समझौता करना संभव और जरूरी दोनों है।

विटकॉफ ने डीजल निर्यात पर रूस के प्रतिबंध हटाने के लिए पुतिन का धन्यवाद दिया। इससे कुछ अमेरिकी सांसद नाराज हो गए थे, लेकिन विटकॉफ का कहना है कि इससे अमेरिकी किसानों और ट्रक ड्राइवरों के लिए कीमतें कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने पहले भी कहा था कि शांति वार्ता में कुछ तेजी आई है। नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे ने कहा कि अमेरिकी दूत रूस की यात्रा के बाद सलाह के लिए ओस्लो लौटने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि अब हम ऐसे दौर में आ गए हैं जहां रूसी भी कूटनीति के मौके तलाश रहे हैं।

बता दें कि ट्रंप ने मॉस्को के डीजल निर्यात पर लगी रोक हटाने के लिए रूस के साथ डील का ऐलान किया है। यह कदम नवंबर में अमेरिका के मध्यावधि चुनावों से पहले ऊर्जा की बढ़ती कीमतों के बीच वाशिंगटन की नीति में बड़ा बदलाव है। ट्रंप ने रूसी ऊर्जा सुविधाओं पर यूक्रेन के हमलों को लेकर जेलेंस्की की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ये हमले ईंधन की कीमतें बढ़ा रहे हैं और सुझाव दिया कि जेलेंस्की को राष्ट्रपति पद से हटा देना चाहिए।

ट्रंप-शी-पुतिन शिखर सम्मेलन की संभावना

उशाकोव ने बताया कि पुतिन, ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच तीन-तरफा बैठक की तैयारी हो रही है। अगले महीने शेनझेन में होने वाले एपेक समिट में इसे शामिल करने की कोशिश है। वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, पुतिन ने सबसे पहले ट्रंप और शी के साथ शिखर सम्मेलन का सुझाव दिया था ताकि चार साल पुराने यूक्रेन विवाद को हल करने के लिए बातचीत हो सके।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने पुष्टि की कि संभावित बैठक पर बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि बैठक या उसके एजेंडे के बारे में अभी कोई साफ समझ नहीं है, हालांकि तीनों पक्ष ऐसी बैठक होने की संभावना मानते हैं। ट्रंप ने अभी तक इस शिखर सम्मेलन की सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN