Source :- LIVE HINDUSTAN
सब्जी में गरम मसाला डालने से उसका स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं। जानिए घर पर गरम मसाला बनाने का तरीका, हर मसाले का सही माप और सब्जी में इसे डालने का सही समय।
गरम मसाला किचन में इस्तेमाल होने वाले सबसे खुशबूदार मसालों में से एक है। इसकी थोड़ी सी मात्रा ही सब्जी के स्वाद को खास बना देती है। लेकिन कई बार बाजार से खरीदे गए गरम मसाले में वो स्वाद और खुशबू नहीं मिलती, जो खाने को मजेदार बना सके। ऐसे में आप घर पर ही फ्रेश गरम मसाला बना सकते हैं। इसके लिए बस कुछ साबुत मसालों की जरूरत होगी। यहां हम आपको हर मसाले की सही क्वांटिटी बता रहे हैं, ताकि गरम मसाले का स्वाद एकदम बैलेंस रहे। साथ ही जानिए सब्जी में इसे कितना डालना चाहिए और किस समय डालने से इसका स्वाद और खुशबू अच्छी तरह उभरकर आती है।
घर पर गरम मसाला बनाने के लिए क्या चाहिए?
घर पर गरम मसाला बनाने के लिए सभी मसालों का सही माप रखना जरूरी है। नीचे दी गई मात्रा से आप अच्छा खुशबूदार गरम मसाला तैयार कर सकते हैं।
धनिया के बीज – 25 ग्राम
जीरा – 20 ग्राम
सौंफ – 10 ग्राम
काली मिर्च – 10 ग्राम
दालचीनी – 8 ग्राम
बड़ी इलायची – 6 ग्राम
छोटी इलायची – 5 ग्राम
लौंग – 4 ग्राम
तेज पत्ता – 2 ग्राम
जावित्री – 2 ग्राम
जायफल – 1 ग्राम
गरम मसाला बनाने का तरीका
1. सबसे पहले मसालों को भूनें
एक पैन में धनिया, जीरा, सौंफ, काली मिर्च, दालचीनी, बड़ी इलायची, छोटी इलायची, लौंग, तेज पत्ता और जावित्री डालें। इन्हें धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए हल्का भूनें। ध्यान रखें कि मसाले जलने न पाएं, क्योंकि जलने से इनका स्वाद कड़वा हो सकता है। जायफल को चाहें तो बिना भूने भी बाकी मसालों के साथ पीस सकते हैं।
2. मसालों को पूरी तरह ठंडा करें
भूनने के बाद सभी मसालों को एक प्लेट में निकाल लें। इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें। गर्म मसालों को तुरंत पीसने से उनमें भाप और नमी रह सकती है, जिससे पाउडर की क्वालिटी पर असर पड़ सकता है।
3. बारीक पाउडर बनाएं
जब मसाले ठंडे हो जाएं, तो उन्हें मिक्सर में डालें। इसमें जायफल भी मिला दें। सभी मसालों को अच्छी तरह पीसकर बारीक पाउडर बना लें। अगर पाउडर में कुछ मोटे टुकड़े रह जाएं, तो उसे छानकर दोबारा पीस सकते हैं।
4. सही तरीके से स्टोर करें
तैयार गरम मसाले को पूरी तरह सूखे और साफ एयरटाइट जार में भरकर रखें। जार को नमी और सीधी धूप से दूर रखें। मसाला निकालने के लिए हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें। इससे इसकी खुशबू लंबे समय तक बनी रहेगी।
सब्जी में कब और कितना गरम मसाला डालें?
- गरम मसाला तेज खुशबू वाला मसाला है, इसलिए इसे बहुत ज्यादा डालने की जरूरत नहीं होती। करीब 3-4 लोगों की सब्जी में आधा छोटा चम्मच गरम मसाला काफी रहता है। अगर आप ज्यादा मसालेदार स्वाद पसंद करते हैं, तो मात्रा थोड़ी बढ़ा सकते हैं।
- सबसे जरूरी बात है इसे सही समय पर डालना। सूखी सब्जी हो या ग्रेवी वाली, गरम मसाला आमतौर पर सब्जी पकने के आखिरी 2-3 मिनट में डालें। इसे डालने के बाद सब्जी को अच्छी तरह मिला दें और थोड़ी देर धीमी आंच पर पकने दें। इससे मसाले की खुशबू बनी रहती है और स्वाद भी अच्छा आता है। अगर शुरुआत में ही गरम मसाला डालकर लंबे समय तक पकाएंगे, तो उसकी खुशबू कम हो सकती है।
घर के गरम मसाले का स्वाद कैसे बनाए रखें?
- मसालों को धीमी आंच पर ही भूनें और उन्हें जलने न दें।
- पीसने से पहले पूरी तरह ठंडा करना न भूलें।
- मसाले को हमेशा सूखे जार में रखें और बार-बार जार खुला न छोड़ें।
- बेहतर खुशबू के लिए एक बार में बहुत ज्यादा मसाला बनाने के बजाय जरूरत के हिसाब से छोटी मात्रा तैयार करें।
घर पर बना गरम मसाला दाल, सब्जी, छोले, राजमा और कई दूसरी डिश में इस्तेमाल किया जा सकता है। बस इसकी मात्रा का ध्यान रखें, ताकि मसालों की खुशबू खाने के बाकी स्वाद को दबाए नहीं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




