Source :- LIVE HINDUSTAN
DIY Hair Toner For Hair Fall: मॉनसून में बालों का झड़ना डबल हो जाता है। डॉक्टर कहती हैं कि इसे पूरी तरह खत्म तो नहीं जा सकता, लेकिन हां कुछ कम जरूर किया जा सकता है। इसके लिए आप ये DIY टोनर बनाकर तैयार कर सकते हैं।
मॉनसून की शुरूआत हो चुकी है और साथ ही हेयरफॉल की भी। बारिश के दिन शुरू होते नहीं कि बाल तेजी से झड़ना स्टार्ट हो जाते हैं। जिन लोगों के बाल पहले से ही झड़ रहे हों, उनकी समस्या तो और भी ज्यादा बढ़ जाती है। ऐसे में आप कितने भी महंगे शैंपू या ऑयल ट्राई कर लें, रिजल्ट ना के बराबर ही मिलते हैं। इस बारे में आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉ उपासना वोहरा बताती हैं कि मॉनसून में हेयरफॉल होना आम है और इसे पूरी तरह रोका भी नहीं जा सकता है। लेकिन हां, आप हेयरफॉल को कम जरूर कर सकते हैं। इसके लिए बहुत कुछ लगाने की जरूरत नहीं है, बस घर में ये एक टोनर बनाकर तैयार कर लें। इससे आपके बालों की जड़ें मजबूत होती हैं, जिससे वो जल्दी नहीं टूटते। आइए डॉक्टर से जानते हैं कि इस इफेक्टिव हेयर टोनर को बनाना कैसे है।
मॉनसून में ज्यादा क्यों झड़ते हैं बाल?
बारिश का मौसम गर्मी से तो राहत देता है, लेकिन इन दिनों बाल काफी ज्यादा झड़ते हैं। हेयरवॉश के दौरान, कंघी करते हुए या तकिए पर बालों के गुच्छे नजर आना, इन दिनों बड़ा आम होता है। अब सवाल है कि ऐसा क्यों होता है? दरअसल इसकी वजह है बढ़ी हुई नमी। ज्यादा नमी के कारण स्कैल्प पर पसीना, तेल, गंदगी ज्यादा जमा होने लगती है; जिससे डैंड्रफ और इन्फेक्शन का रिस्क भी बढ़ जाता है। इसके अलावा प्रदूषण और बारिश के पानी में बाल भीगने से भी, बालों की जड़ें कमजोर पड़ सकती हैं।
हेयरफॉल कंट्रोल के लिए तैयार करें ये DIY टोनर
डॉ उपासना कहती हैं कि बरसात में बालों का झड़ना पूरी तरह से रोका नहीं जा सकता है, लेकिन कंट्रोल जरूर किया जा सकता है। इसके लिए एक बर्तन में दो गिलास साफ पानी लें। इसमें 1 चम्मच ड्राई रोजमेरी, 1 चम्मच चावल, 1 चम्मच मेथी दाना और 1 चम्मच के करीब ही अलसी के बीज डालकर बॉयल करने रख दें। उबलते-उबलते जब ये पानी आधा रह जाए तो गैस की फ्लेम को बंद कर दें। पानी के ठंडा होने पर इसे छान लें, फिर किसी स्प्रे बॉटल में भरकर रख लें।
जानें इस्तेमाल करने का सही तरीका क्या है
डॉक्टर कहती हैं कि ये टोनर आप एक-एक दिन छोड़कर अपने बालों में इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे अपनी जड़ों में स्प्रे करें, फिर हल्का सा मसाज कर लें। इस टोनर को आप रात में लगाकर सो सकते हैं और अगले दिन हेयर वॉश कर सकते हैं।
कैसे काम करता है DIY हेयर टोनर
इस टोनर में मेथीदाना, अलसी के बीज, ड्राई रोजमेरी और चावल जैसे इंग्रेडिएंट्स मौजूद हैं, जो बालों की जड़ों को भरपूर पोषण देने का काम करते हैं। इनसे बाल मजबूत होते हैं और फॉलिकल्स का डैमेज रिपेयर होता है। मॉनसून में होने वाला फंगल इन्फेक्शन और डैंड्रफ की समस्या को भी ये DIY टोनर काफी हद तक कंट्रोल में रखता है।
(Images Credit- Pinterest)
नोट: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




