Source :- LIVE HINDUSTAN
Hibiscus Plant Care: आपके घर में भी गुड़हल का पौधा है, लेकिन उसपर फूल नहीं आ रहे हैं तो ये दो खाद पौधे में डालें। इससे पौधे की ग्रोथ बेहतर होने में मदद मिलेगी और फूल भी भर-भर के आएंगे।
गुड़हल का पौधा घरों में खूब लगाया जाता है। इसके बड़े लाल रंग के फूल देखने में बहुत खूबसूरत लगते हैं। घर के आंगन या बालकनी में ये पौधा लगा दो, तो जगह की खूबसूरती बढ़ जाती है। लेकिन क्या हो अगर फूल आएं ही ना? कई बार ऐसा होता है कि पौधे की ग्रोथ तो हो रही होती है, लेकिन उसपर फूल बिल्कुल नहीं आते। ऐसे में कई लोग पौधे को ढेर सारा पानी और धूप देने लगते हैं, लेकिन उससे भी कुछ नहीं होता। दरअसल कई बार पौधे में फूल इसलिए नहीं आते, क्योंकि उसे जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल रहे होते हैं। ऐसे में गार्डेनिंग एक्सपर्ट ने गुड़हल के पौधे को दो तरह की खाद देने की सलाह दी है। इससे पौधे को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और फूल आना शुरू हो सकते हैं।
गुड़हल के पौधे में फूल नहीं आ रहे? ये 2 तरह की खाद दें
1) गुड़हल के पौधे में डालें एप्सम सॉल्ट
गुड़हल के पत्ते डार्क ग्रीन रंग के होते हैं। लेकिन अगर आपके पौधे के पत्ते पीले पड़ रहे हैं, तो मैग्नीशियम सल्फेट यानी एप्सम सॉल्ट का इस्तेमाल करें। इसके लिए एक छोटा चम्मच एप्सम सॉल्ट को करीब एक लीटर पानी में मिलाएं। सूरज ढलने के बाद इसे पूरे प्लांट पर स्प्रे कर दें। इससे पौधे को जरूरी पोषण मिलता है, जिससे उसकी ग्रोथ हेल्दी बनी रहती है।
2) फूलों के लिए डालें ऑर्गेनिक खाद
केले के छिलके, चायपत्ती और गुड़ से बनी ऑर्गेनिक खाद पौधे को जरूरी पोषक तत्व देने का काम करती है, जिससे भर-भर के फूल आते हैं। इसके लिए 50 से 100 मिली पानी में दो केले के छिलके काटकर डालें। साथ में एक छोटा गुड़ का टुकड़ा और एक चम्मच चायपत्ती एड करें। इसे रातभर के लिए ऐसे ही छोड़ दें।
अगले दिन इस पानी को छानकर एक लीटर साफ पानी में मिलाएं। सूरज उगने या ढलने से पहले इसे पूरे पौधे पर स्प्रे कर दें। बचे हुए केले के छिलके और चायपत्ती को फेंके नहीं। इन्हें आप पौधे की मिट्टी में मिक्स कर सकते हैं। ये प्रक्रिया हर दस दिन में दोहराएं।
बोनस टिप- चाय बनाने के बाद बची हुई चायपत्ती को फेंके नहीं। इसे सुखाकर आप पौधे की मिट्टी में मिक्स कर सकते हैं। इससे आपका पौधा हरा-भरा बने रहने में मदद मिलेगी।
गुड़हल के पौधे की ग्रोथ के लिए जरूरी टिप्स
- गुड़हल के पौधे को अच्छी धूप की जरूरत होती है। इसलिए इसे ऐसी जगह पर रखें जहां 5-6 घंटे की सीधी धूप आती हो।
- सर्दियों के मौसम में जरूरत से ज्यादा पानी देने से बचें। गमले की मिट्टी सूखने के बाद ही पानी दें।
- समय-समय पर पौधे की छंटाई करते रहें।
- पौधे में जरूरत से खाद डालने पर भी नुकसान हो जाता है।
(Images Credit- Pinterest)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




