Source :- INDIATV NEWS
अखिलेश यादव अपना पीडीए रथ लेकर बुधवार को गोरखपुर पहुंचे। 20 किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला। इस रोड शो में समाजवादी पार्टी के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली में भी अच्छी खासी भीड़ उमड़ी। समर्थकों ने अखिलेश को क्रेन से माला पहनाई। गोरखपुर योगी आदित्यनाथ का गढ़ है। पिछली बार समाजवादी पार्टी का यहां सूपड़ा साफ हो गया था। गोरखपुर जिले की सभी 9 सीटें बीजेपी ने जीती। इसलिए भीड़ ने अखिलेश यादव के उत्साह को बढ़ा दिया। भीड़ देखकर जोश जोश में अखिलेश ने दावा किया कि यूपी में अगर आज चुनाव हो जाए तो गोरखपुर में बीजेपी का सूपड़ा साफ हो जाएगा। बीजेपी का गढ़ गड़बड़ा जाएगा।
अखिलेश ने बीजेपी पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने इसके बाद अपने जोश की वजह भी बताई। अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईआर में बीजेपी ने उनके वोट काटने की साजिश रची थी लेकिन उनके कार्यकर्ता एक्टिव रहे। उल्टे बीजेपी के वोट कट गए। अखिलेश ने कहा कि जिस हिसाब से वोट कम हुए हैं और उनके समर्थकों के वोट बढ़े हैं। उस हिसाब से हर सीट पर करीब 58 हजार का मार्जिन उन्हें समझ आ रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि अभी 2024 का परिणाम आपने देखा है, बीजेपी का मुकाबला इंडिया गठबंधन ने किया। 2024 से ज्यादा PDA समाज आज जागरूक है। ये तो शुरुआत है चुनाव की, यहां चुनाव के पहले ही तैयारी है। सपा नेता ने कहा कि आज भी हमारे अमर बलिदानी बाबू बंधू सिंह जी हमें याद हैं, उनके साथ पीडीए समाज के बड़ी संख्या में योद्धा जो शहीद हुए, हम उन्हें भी याद कर रहे हैं।
बीजेपी ने अखिलेश यादव को दिया जवाब
अखिलेश ने तुरंत चुनाव कराने की मांग की और बड़ी जीत का दावा किया तो डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इसका तुरंत जवाब दिया। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के हसीन सपने ना देखे वो अपने अलायंस में चाहे जितने पार्टनर जोड़ ले यूपी में बीजेपी का दूसरा कोई विकल्प नहीं है। जनता बीजेपी की हैट्रिक पूरी कराने का मन बना चुकी है।
गोरखपुर में रोड शो करते अखिलेश यादव
बीजेपी ने मथुरा में राधे राधे कमल खिला दे का नारा दिया। इस पर भी सियासत हुई। अखिलेश यादव ने बीजेपी के नारे पर चुटकी ली और अखिलेश ने बीजेपी की राधे-राधे को विदाई वाली राधे राधे कहा। केशव प्रसाद मौर्य ने इस पर भी तुरंत रीएक्शन दिया। उन्होंने कहा कि राधे राधे के नाम से अखिलेश टेंशन में क्यों आ जाते हैं। कहीं वो मथुरा में कृष्ण भक्तों का सामना करने से तो नहीं डर रहे।
यूपी चुनाव में कांग्रेस को किस आधार पर सीटें देगी सपा? अखिलेश के सांसद ने बताया गठबंधन का फॉर्मूला
SOURCE : INDIATV NEWS




