Home LIFESTYLE NEWS HINDI घर के डोरमैट में चिपक गए हैं बाल? बिना धोए ऐसे करें...

घर के डोरमैट में चिपक गए हैं बाल? बिना धोए ऐसे करें सफाई, बालों के साथ निकल जाएगी गंदगी

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

घर हो या फिर बाथरूम के बाहर वाला डोरमैट कुछ दिनों में गंदा हो जाता है। कई बार डोरमैट पर बाल भी फंस जाते हैं, जो आसानी से नहीं निकलते हैं। तो चलिए आज हम आपको बिना धोए डोरमैट साफ करने के कुछ तरीके बताते हैं। 

घर के अंदर आने से पहले अक्सर लोग जूतों को डोरमैट पर रगड़कर साफ करते हैं। वहीं, बाथरूम से निकलने के बाद गीली चप्पलों का पानी भी डोरमैट ही सोखता है। इसके अलावा, कमरे में बाल संवारते समय टूटे हुए बाल उड़कर डोरमैट में चिपक जाते हैं। ऐसे में डोरमैट पर सिर्फ धूल-मिट्टी ही नहीं, बल्कि बाल और अन्य गंदगी भी जमा हो जाती है, जिन्हें हटाना आसान नहीं होता। डोरमैट की रोजाना सफाई करना भी जरूरी है। हालांकि, हर डोरमैट को पानी से धोना सही नहीं होता, क्योंकि कुछ डोरमैट धोने से खराब हो सकते हैं। ऐसे में आप बिना पानी का इस्तेमाल किए भी अपने डोरमैट की गंदगी और उसमें चिपके बालों को आसानी से साफ कर सकते हैं। हम आपको कुछ असरदार क्लीनिंग हैक्स बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आपका डोरमैट फिर से नए जैसा दिखने लगेगा।

1- ब्रश की मदद से निकालें बाल

पुराना टूथब्रश लें और डोरमैट में फंसे हुए बालों को उसमें लपेटकर या फिर ब्रश की मदद से खींचकर बाहर निकालने की कोशिश करें। ब्रश में फंसकर बाल आसानी से निकल जाते हैं और डोरमैट साफ हो जाएगा। अगर ब्रश से कठिन लग रहा है, तो हाथ से ही निकालें।

2- वैक्यूम क्लीनर से होगा साफ

अगर आपके घर में वैक्यूम क्लीनर है, तो उसकी मदद से डोरमैट की गंदगी और चिपके हुए बालों को हटाएं। वैक्यूम क्लीनर से डोरमैट आसानी से साफ हो जाएगा और छोटे-बड़े बाल भी निकल जाते हैं। अगर घर पर वैक्यूम क्लीनर नहीं है, तो ब्लो ड्रायर लें और उसे हीट मोड पर सेट करें। फिर डोरमैट पर गरम हवा डालें, ऐसा करने से बाल उड़कर बाहर निकलने लगेंगे।

3- पुराने जूना से बनेगा काम

अगर आप ब्रश या वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं, तो बर्तन धोने वाला पुराना जूना लें। अब इसे डोरमैट पर हल्के हाथों से रगड़ें। ऐसा करने से डोरमैट में चिपके बाल आसानी से जूने में फंस जाएंगे और डोरमैट काफी हद तक साफ हो जाएगा। इसके बाद डोरमैट को अच्छी तरह झाड़ लें, ताकि बची हुई धूल और गंदगी भी निकल जाए। इस आसान ट्रिक की मदद से आपका डोरमैट बिना पानी के भी साफ हो जाएगा।

धोने वाला तरीका

अगर आप बाल हटाने के बाद डोरमैट को धोना चाहते हैं, तो उस पर साबुन या डिटर्जेंट लगाकर करीब 30 मिनट के लिए भिगो दें। इससे जमी हुई गंदगी ढीली पड़ जाएगी और आसानी से निकल जाएगी। इसके बाद डोरमैट को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। यदि आपका डोरमैट वॉशेबल है, तो उसे कपड़े साफ करने वाले मुलायम ब्रश से हल्के हाथों से रगड़कर भी साफ कर सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN