Source :- LIVE HINDUSTAN
सोयाबीन पोषक तत्वों का खजाना होते हैं। इसे वेजिटेरियन खाने में प्रोटीन का सबसे बेहतरीन स्रोत माना जाता है। इसकी मदद से आप टेस्टी सब्जी बनाकर तैयार कर सकते हैं। यहां सीखिए सोया टिक्का मसाला बनाने का तरीका।
सोया हेल्थ के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद होती है, इसमें ढेरों पोषक तत्व होते हैं। वेजिटेरियन लोगों के लिए सोया प्रोटीन का एक पावरहाउस है। इसमें सभी 9 जरूरी अमीनो एसिड पाए जाते हैं, जो शरीर के विकास और मांसपेशियों की मरम्मत के लिए बहुत जरूरी हैं। इसे बहुत से लोग लंच या डिनर में शामिल करते हैं। अगर आप इससे कुछ टेस्टी बनाकर तैयार करना चाहते हैं तो सोया टिक्का मसाला बनाकर तैयार करें। यहां सीखिए सोया मसाला टिक्का बनाने का तरीका।
सोया टिक्का मसाला बनाने की सामग्री
इसे बनाने के लिए सोया को मैरिनेट करना होगा। इसके लिए आपको 1 कप सोया चंक्स, गर्म पानी, आधा कप गाढ़ा दही, 1.5 बड़े चम्मच भुना हुआ बेसन, एक बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, एक छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, एक छोटा चम्मच जीरा पाउडर, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटा चम्मच नमक, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला, एक छोटा चम्मच चाट मसाला, एक बड़ा चम्मच कसूरी मेथी, दो बड़े चम्मच गर्म तेल, एक छोटा चम्मच नींबू का रस, एक प्याज, एक शिमला मिर्च, एक टमाटर चाहिए।
ग्रेवी के लिए जरूरत के मुताबिक तेल, आधा छोटा चम्मच जीरा, दो मीडियम आकार के प्याज, एक बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, एक छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 1.5 छोटा चम्मच जीरा पाउडर, दो मध्यम आकार के टमाटर की प्यूरी, स्वादानुसार नमक, पानी, एक छोटा चम्मच चीनी, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला, एक छोटा चम्मच कसूरी मेथी, दो हरी मिर्च, दो. बड़े चम्मच कटा हुआ हरा धनिया पत्ता लें।
सोया टिक्का मसाला बनाने की विधि
सोया टिक्का मसाला बनाने के लिए सबसे पहले सोया को अच्छे से धोएं और फिर इसे गर्म पानी में कुछ देर के लिए भिगो दें। तब तक मैरिनेशन के लिए मिक्स तैयार करें। इसके लिए एक बर्तन में दही लें और अच्छे से फेंट लें। फिर इसमें 1.5 बड़े चम्मच भुना हुआ बेसन, एक बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, एक छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, एक छोटा चम्मच जीरा पाउडर, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटा चम्मच नमक, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला, एक छोटा चम्मच चाट मसाला, एक बड़ा चम्मच कसूरी मेथी, दो बड़े चम्मच गर्म तेल, एक छोटा चम्मच नींबू का रस, स्लाइस की हुई प्याज, स्लाइस कीहुई शिमला मिर्च, स्लाइस किया टमाटर डालें। अच्छे से मिक्स करें और फिर इसमें भीगे सोया को छानकर डाल दें और मिक्स कर दें। अब एक पैन में तेल गर्म करें और फिर इसमें मौरिनेट किए सोया को डालें और अच्छे स सेक लें। फिर आंच बंद करके एक तरफ रख लें।
अब दूसरे पैन में तेल गर्म करें और फिर इसमें जीरा चटकाएं। अब बारीक कटी प्याज डालें। सिकने के बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और एक मिनट तक पकाएं। फिर इसमें कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर डालें। फिर टमाटर की प्यूरी, स्वादानुसार नमक और जरूरत के मुताबिक पानी डालें। उबाल आने के बाद इसमें सेकी हुई सोया डालें और फिर चीनी, गरम मसाला, कसूरी मेथी, दो हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। सोया टिक्का मसाला तैयार है इसे सर्व करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



