Source :- LIVE HINDUSTAN
बरसात का मौसम शुरू होते ही सड़क के किनारे नाली वगैरह में रहने वाले चूहे घर के अंदर घुस आते हैं। ये मोटे, गंदे चूहे कई बार पूरे घर को गंदा कर देते हैं ऐसे में इन्हें मारने वाली दवा रखकर भगाने की बजाय इस आटे की गोली से भगाएं।
बारिश के मौसम में घर में बाहर से चूहे खूब घर में घुसते हैं। दरअसल, बारिश की वजह से बिलों में पानी भरने लगता है तो चूहे घरों के अंदर साफ-सूखी और गर्म जगह की तलाश में रहते हैं। साथ ही उनके खाने की चीजें भी घर में आसानी से मिल जाती है। लेकिन ये चूहे घर में आकर जो धमाचौकड़ी मचाते हैं, उससे ना केवल गंदगी फैलती बल्कि बैक्टीरिया भी फैलते हैं। किचन की स्लैब से लेकर बर्तनों में ये चूहें मुंह लगाते हैं और उसे गंदा कर देते हैं। इसलिए इन चूहों को भगाना बहुत जरूरी होता है। लेकिन चूहे मारने की दवा रखना इनका उपाय नहीं है क्योंकि ये चूहे दवा खाकर घर के कोनों में मर जाते हैं। और सही टाइम पर पता ना चले तो बैक्टीरिया और बदबू फैलती है। इसलिए ये देसी उपाय बड़े काम का है। इस गोली को खाकर चूहे सीधे बाहर की तरफ भागेंगे। चलिए जानें चूहे को मारने वाली गोली कैसे बनाएं।
आटे और मिर्ची से बनाएं चूहे मारने वाली गोली
चूहे को भगाने के लिए बस दो से तीन चीजों की जरूरत पड़ेगी जो किचन में पहले से रहती है। थोड़ा सा गेहूं का आटा लें। इसमे आधे चम्मच से भी कम बहुत थोड़ा सा देसी घी डालें। देसी घी की महक चूहों को अट्रैक्ट करती है और वो इस गोली को खाने के लिए आएंगे। अब इस दो चम्मच आटे में करीब एक चम्मच तीखी लाल मिर्च पाउडर को मिला दें। पानी डालकर आटे को गूंथ लें। बस तैयार है आपकी गोली। इस गूंथे आटे की छोटी-छोटी गोलियां बनाकर तैयार कर लें और इन गोलियों के ऊपर थोड़ा सा सूखा आटा छिड़क दें। घर के कोनों में रख दें। बस ध्यान रहे कि ये बच्चों की पहुंच से दूर ही रहे। चूहे सूखे आटे और घी की महक से इन गोलियों के पास आकर खाएंगे और तेजी से पानी की तलाश करेंगे। ध्यान रहे कि घर में पानी ढंककर रखें और उन्हें खुला पानी ना मिले। पानी के चक्कर में चूहे घर से बाहर भागेंगे। आपको इन चूहों को मारने का झंझट नहीं करना पड़ेगा और ये खुद ही घऱ छोड़कर निकल जाएंगे।
तेजपत्ता जलाकर रखें
घर के कोनों में अगर छोटे-छोटे चूहे छिपे रहते हैं, जैसे बक्से, आलमारी के पीछे, कबर्ड और ड्राअर वगैरह में तो तेजपत्ता को जलाकर बारीक पाउडर बना लें। इस पाउडर को सूखा ही छिड़क दें। जले हुए तेजपत्ते की स्मेल बहुत खराब होती है और चूहे उसे बिल्कुल पसंद नहीं करते। एक बार इसकी महक सूंघ लेते हैं तो वहां से भाग जाते हैं। लेकिन ध्यान रहे कि ये जला तेजपत्ता बहुत दिनों तक कारगर नहीं है आपको हर रोज चूहे भगाने हैं तो एक दो दिन दे अंतर पर इसे हटाकर नया तेजपत्ता जलाकर छिड़कें।
पिपरमेंट से बनाएं रूई के फाहे
पिपरमेंट ऑयल मार्केट में आसानी से मिल जाता है और इसकी महक काफी तेज होती है। आलमारी, बर्तनों के बीच में कुछ ऐसा सामान रखना है जो चूहों को वहां से दूर रखे तो पिपरमिंट ऑयल अच्छा काम करता है। बस रूई के छोटे बॉल्स लेकर उसे पिपरमिंट में भिगो लें और फिर रख दें। इसकी तीखी महक चूहों को आसपास फटकने नहीं देगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


