Source :- LIVE HINDUSTAN
पराठे सेंकने के लिए देसी घी, तेल या बटर में से क्या हेल्दी है? अक्सर लोग इसे ले कर कन्फ्यूज रहते हैं। कुछ लोगों को देसी घी हेल्दी लगता है तो कुछ को तेल, वहीं कुछ लोग बटर वाले पराठे पसंद करते हैं। आपके लिए बेस्ट चॉइस क्या है, आइए जानते हैं।
भारतीय घरों में पराठा एक पॉपुलर ब्रेकफास्ट ऑप्शन है। आप पराठा बनाने के लिए क्या इस्तेमाल करते हैं, घी, तेल या फिर मक्खन? अक्सर लोग इसे ले कर ही कन्फ्यूज रहते हैं कि पराठे को हेल्दी बनाने के लिए कौन से फैट का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। कुछ लोग घी में सेंक कर पराठे खाना हेल्दी मानते हैं, तो कुछ लोगों को मक्खन में सेंके हुए पराठे पसंद होते हैं। लेकिन जब सेहत की हो तो कौन सी चीज चुनें, क्या आपने कभी सोचा है? तो चलिए आज इन तीनों के फायदे-नुकसान जान लेते हैं, साथ ही आपकी कन्फ्यूजन दूर किए देते हैं कि पराठे बनाने के लिए घी, तेल या मक्खन में से क्या इस्तेमाल करना बेस्ट रहेगा।
क्या देसी घी में पराठा बनाना सही है?
कई घरों में पराठे सेंकने के लिए देसी घी का इस्तेमाल किया जाता है। घी से पराठे में अच्छी खुशबू, स्वाद और कुरकुरा टेक्सचर आता है और ये हेल्दी भी होता है। दरअसल घी में फैट सॉल्यूबल विटामिन (A,D,E,K) मौजूद होते हैं, साथ ही इसमें ब्यूटिरेट भी होता है, जो गट हेल्थ को सपोर्ट करता है। घी का स्मोकिंग प्वाइंट भी हाई होता है इसलिए ये हाई टेंपरेचर पर भी स्टेबल रहता है। इसके अलावा कई स्टडीज में पाया गया है कि सीमित मात्रा में घी का सेवन कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड लेवल को कम करने में भी मदद कर सकता है।
ध्यान रहने वाली बात- देसी घी में सैचुरेटेड फैट की मात्रा काफी ज्यादा होती है। इसलिए इसे सीमित मात्रा में खाने की सलाह दी जाती है। खासकर अगर आपका कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ा हुआ रहता है कि बहुत कम मात्रा में ही घी का सेवन करें और अपने डॉक्टर की सलाह लें।
क्या पराठे पर तेल लगाना सही है?
पराठे बनाने के लिए तेल इस्तेमाल करना अच्छा ऑप्शन है। लेकिन रिफाइंड ऑयल को रोजाना इस्तेमाल करने के बजाए अनसैचुरेटेड तेलों जैसे सरसों का तेल, सोयाबीन का तेल, ऑलिव ऑयल या कैनोला ऑयल का इस्तेमाल करना ज्यादा बेहतर है। हालांकि तेल में भी कैलोरी की मात्रा काफी ज्यादा होती है इसलिए इसे भी सीमित मात्रा में ही इस्तेमाल करना चाहिए। हल्की मात्रा में तेल लगाकर पराठा सेंकना हेल्दी माना जाता है।
पराठे के लिए बटर कैसा रहेगा?
पराठे का असली स्वाद तो मक्खन से सेंकने के बाद ही आता है। इसमें विटामिन और शॉर्ट चैन फैटी एसिड्स भी मौजूद होते हैं, जो एनर्जी मेटाबॉलिज्म को सपोर्ट करते हैं। हालांकि बटर में सैचुरेटेड फैट की मात्रा ज्यादा होती है, जिस वजह से बहुत ज्यादा मात्रा में या रोज-रोज मक्खन खाने से परहेज करना चाहिए।
आपको पराठे बनाने के लिए क्या इस्तेमाल करना चाहिए?
पराठे बनाने के लिए देसी घी और तेल अच्छा ऑप्शन हैं। लेकिन इनका इस्तेमाल भी सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। खासकर अगर आपका कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ है तो खास ध्यान रखने की जरूरत है। वहीं अगर आप कभी-कभार ही पराठे खाते हैं तो स्वाद के लिए बटर का इस्तेमाल किया जा सकता है। बस मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



