Home LIFESTYLE NEWS HINDI चीनी छोड़ते ही कम हो गया वजन? 86 किलो से 50 किलो...

चीनी छोड़ते ही कम हो गया वजन? 86 किलो से 50 किलो तक पहुंची मॉडल

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

86 किलो से 50 किलो तक वजन कम करना आसान नहीं है। कोच्चि की एक मॉडल ने बताया कि चीनी छोड़ना उनके वेट लॉस सफर का अहम कदम रहा। जानें वजन घटाने में चीनी की कितनी भूमिका है।

वजन कम करने के लिए लोग अक्सर अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। कोई मीठा खाना छोड़ देता है, तो कोई रोटी और चावल से दूरी बना लेता है। इसी बीच कोच्चि की एक फैशन मॉडल ने अपने वेट लॉस सफर के बारे में बताया है। मॉडल के अनुसार, उनका वजन 86 किलो से घटकर 50 किलो हो गया। उन्होंने इस बदलाव के पीछे एक छोटी सी आदत को अहम बताया और वह है चीनी खाना बंद करना। उनकी यह बात सोशल मीडिया पर चर्चा में है। लेकिन क्या सिर्फ चीनी छोड़ने से इतना वजन कम हो सकता है? डाइटिशियन गरिमा गोयल से समझते हैं कि वजन घटाने में चीनी की क्या भूमिका है और इसे कम करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

86 किलो से 50 किलो तक पहुंची मॉडल

कोच्चि की एक फैशन मॉडल ने सोशल मीडिया पर अपनी ट्रांसफॉर्मेशन जर्नी शेयर की। उन्होंने बताया कि 86 किलो से 50 किलो तक वजन कम करने के सफर में चीनी छोड़ना उनके लिए एक बड़ा बदलाव साबित हुआ। कंसल्टेंट डाइटिशियन गरिमा गोयल के अनुसार, 86 किलो से 50 किलो तक पहुंचने का मतलब है कि मॉडल ने 36 किलो वजन कम किया है। लेकिन 50 किलो वजन किसी के लिए हेल्दी है या नहीं, यह उसकी हाइट, शरीर में फैट और मसल्स की मात्रा, सेहत और वजन घटाने की रफ्तार पर निर्भर करता है।

चीनी कम करने से वजन घटाने में कैसे मिलती है मदद?

डाइटिशियन गरिमा गोयल बताती हैं कि चीनी में कैलोरी होती है, लेकिन इससे शरीर को खास पोषण नहीं मिलता। अगर कोई रोज चाय-कॉफी में ज्यादा चीनी लेता है, मीठे ड्रिंक्स पीता है या बार-बार मिठाई और चॉकलेट खाता है, तो इससे दिनभर में कैलोरी की मात्रा काफी बढ़ सकती है। ऐसे में जब कोई इन चीजों को कम करता है, तो उसकी रोज की कैलोरी भी कम हो सकती है।

क्या चीनी ही वजन बढ़ने की सबसे बड़ी वजह है?

ऐसा बिल्कुल नहीं है। वजन बढ़ने या घटने के पीछे सिर्फ चीनी जिम्मेदार नहीं होती। आप दिनभर में कितना खाते हैं, कितनी कैलोरी खर्च करते हैं, आपकी फिजिकल एक्टिविटी कैसी है और नींद कितनी पूरी होती है, इन सभी बातों का असर वजन पर पड़ता है।

इसके अलावा जेनेटिक्स, कुछ दवाएं और सेहत से जुड़ी परेशानियां भी वजन को प्रभावित कर सकती हैं। इसलिए ऐसा नहीं है कि वजन कम करने के लिए मीठा पूरी तरह छोड़ना ही पड़ेगा। संतुलित डाइट में थोड़ी मात्रा में मीठा शामिल होने के बावजूद वजन कम किया जा सकता है।

फलों की नेचुरल शुगर से न बनाएं दूरी

चीनी कम करने का मतलब यह नहीं है कि आप फल और दूध खाना भी बंद कर दें। फलों में नेचुरल शुगर के साथ फाइबर, पानी और कई जरूरी पोषक तत्व भी मिलते हैं। वहीं, दूध में नेचुरल शुगर के साथ प्रोटीन और कैल्शियम होता है। डाइटिशियन के अनुसार, इन चीजों को बिना वजह डाइट से हटाने की जरूरत नहीं है। असल में पैकेट वाले मीठे ड्रिंक्स, मिठाई, कैंडी और खाने-पीने की दूसरी चीजों में मिलाई गई चीनी को कम करना ज्यादा जरूरी है।

कितनी चीनी खाना सही है?

डब्ल्यूएचओ के अनुसार, दिनभर में मिलने वाली कुल कैलोरी का 10 प्रतिशत से कम हिस्सा फ्री शुगर से आना चाहिए। बेहतर सेहत के लिए इसे 5 प्रतिशत से भी कम रखने की सलाह दी जाती है। फ्री शुगर में खाने-पीने की चीजों में ऊपर से मिलाई गई चीनी के अलावा शहद, सिरप और फलों के जूस में मौजूद शुगर भी शामिल होती है। इसलिए सिर्फ चाय में चीनी कम करना काफी नहीं है, पैकेट वाले जूस और मीठे ड्रिंक्स पर भी ध्यान देना चाहिए।

हेल्दी तरीके से वजन घटाने के लिए 5 टिप्स

  1. चीनी धीरे-धीरे कम करें: चाय-कॉफी में चीनी की मात्रा घटाएं। रोज मीठे ड्रिंक्स पीने की आदत है, तो उनकी जगह पानी या बिना चीनी वाले ड्रिंक्स लें।
  2. प्रोटीन वाली चीजें: खाने में दाल, पनीर, अंडे, दूध और दही जैसी चीजें शामिल करें। इससे पेट लंबे समय तक भरा महसूस होता है।
  3. फाइबर पर ध्यान दें: फल, सब्जियां, साबुत अनाज और दालें खाएं। ये पाचन के लिए अच्छे हैं और पेट भरा रखने में मदद करते हैं।
  4. एक्सरसाइज के साथ स्ट्रेंथ ट्रेनिंग: रोज टहलने या दूसरी फिजिकल एक्टिविटी के साथ स्ट्रेंथ ट्रेनिंग भी करें। इससे वजन घटाते समय मसल्स को बनाए रखने में मदद मिलती है।
  5. नींद पूरी करें और भूखे न रहें: वजन घटाने के लिए खाना बहुत कम करना या भूखे रहना सही तरीका नहीं है। इससे शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता। अच्छी नींद लें और ऐसी डाइट अपनाएं जिसे लंबे समय तक फॉलो कर सकें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN