Home rss world hindi चीन से पंगा लेने का दम नहीं? भारत को टैरिफ की धमकी...

चीन से पंगा लेने का दम नहीं? भारत को टैरिफ की धमकी देकर घर में घिरे ट्रंप, अमेरिकी सांसदों ने सुनाया

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अमेरिकी सरकार बीते कई महीनों से इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या कुछ देशों की नीति ‘अतिरिक्त उत्पादन’ को बढ़ावा देती हैं। उनका मानना है कि इस तरह के उत्पादन से चीजों की कीमत गिर जाती है और नुकसान होता है। अब उसने टैरिफ की तलवार लटकाई है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के सिर पर एक बार फिर टैरिफ की तलवार लटकाई है। बुधवार को ट्रंप की सरकार ने भारत सहित 16 देशों के खिलाफ जांच शुरू कर टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। इस प्रस्ताव के तहत भारत पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्लान है। हालांकि अपने इस प्लान को लेकर ट्रंप घर में घिर गए हैं। अमेरिकी सांसदों ने यह खबर सामने आते ही ट्रंप को खूब खरी खोटी सुनाई। उनका मानना है कि अमेरिका की असली लड़ाई चीन से है, लेकिन ट्रंप भारत जैसे देशों को निशाना बना रहे हैं। सांसदों ने यह भी कहा है कि इस नीति से अमेरिकियों का सिर्फ नुकसान ही हुआ है।

इससे पहले अमेरिका की व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) ने बुधवार को भारत से आयातित वस्तुओं पर 17 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा। एजेंसी ने आरोप लगाया कि भारत में औद्योगिक क्षमता जरूरत से ज्यादा बढ़ने से अमेरिकी कंपनियों के हितों को नुकसान पहुंच सकता है। इसके साथ ही यह भी कहा गया कि भारत के साथ व्यापार समझौता नहीं होने की स्थिति में यह शुल्क बढ़कर 25 प्रतिशत हो जाएगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका कई महीनों से इस बात की जांच कर रहा है कि क्या भारत, चीन और ब्राजील जैसे 16 और देशों की नीतियां अतिरिक्त उत्पादन को बढ़ावा देती हैं। US का मानना है कि इस तरह अधिक उत्पादन से चीजों की कीमत नीचे गिर जाती है और अमेरिकी इंडस्ट्रीज को नुकसान पहुंचता है। अमेरिका के प्रस्ताव में भारत के अलावा बांग्लादेश, चीन, कंबोडिया, इंडोनेशिया, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, थाईलैंड और वियतनाम जैसे देश शामिल हैं।

घर में ही घिरे ट्रंप

प्रस्ताव की घोषणा होते ही डेमोक्रेट्स ने ट्रंप प्रशासन पर बिना सोचे-समझे फैसले लेने का आरोप लगाया। डेमोक्रेट्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि ऐसी नीतियों का खामियाजा अमेरिका के लोग महंगाई के रूप में भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा, “इस साल कई अमेरिकियों के लिए थैंक्सगिविंग में खाना खरीदना तक मुश्किल हो रहा है। क्यों? ट्रंप और रिपब्लिकन की टैरिफ और अन्य नीतियों ने रोजमर्रा की चीजों की कीमतों को आसमान पर पहुंचा दिया है।”

सीनेट के एक और बड़े नेता चक शूमर ने भी ट्रंप पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि असली दुश्मन चीन है लेकिन ट्रंप सहयोगियों के ही खिलाफ एक्शन लेते रहते हैं। शूमर ने कहा, “डोनाल्ड ट्रंप कभी नहीं सुधरेंगे। यहां असली खलनायक चीन है। इस मुसीबत से निपटने के बजाय ट्रंप उन्हें शर्तें तय करने दे रहे हैं। दूसरी तरफ हमारे सहयोगी हमसे दूर हो रहे हैं और अमेरिका की जनता पर बोझ बढ़ रहा है। पेंसिल्वेनिया के गवर्नर जोश ने भी कहा कि अमेरिका अब अलग-थलग पड़ गया है और दुनिया में उसकी साख कमजोर हुई है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN