Home LIFESTYLE NEWS HINDI चूल्हे-अंगीठी पर भुनी हुई शकरकंदी पसंद है? तवे वाली इस 1 ट्रिक...

चूल्हे-अंगीठी पर भुनी हुई शकरकंदी पसंद है? तवे वाली इस 1 ट्रिक से मिलेगा गाँव वाला स्वाद!

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

क्या आपको भी गांव में चूल्हे या अंगीठी पर भुनी हुई शकरकंदी का स्वाद पसंद है? अगर हां, तो इस ट्रिक से आप वही स्वाद एंजॉय कर सकते हैं, बिना चूल्हे या अंगीठी के। सोशल मीडिया की ये तवा ट्रिक आपको जरूर जान लेनी चाहिए।

सर्दियों की शुरुआत के साथ ही बाजार में शकरकंदी खूब दिखने लगती है। इन दिनों आग पर भुनी हुई रोस्टेड शकरकंदी खाने का अलग ही मजा होता है। लेकिन आजकल शहरों में भला किसके यहां चूल्हा या अंगीठी मिलते हैं। इसलिए लोग कुकर में ही शकरकंदी उबाल कर खा लेते हैं, जिसमें वो स्वाद नहीं आता। अगर आपको भी चूल्हे या अंगीठी पर भुनी हुई शकरकंदी खाना पसंद है, तो सोशल मीडिया का ये कुकिंग हैक आपको जरूर ट्राई करना चाहिए। तवे पर इस तरह शकरकंदी भुनने से बिल्कुल वहीं सौंधी खुशबू और स्वाद आता है, जो गांव में अंगीठी या चूल्हे पर मिलता है। तो चलिए फटाफट से ये हैक जान लेते हैं। इन सर्दियों में एक बार इस तरह शकरकंदी भूनकर जरूर खाएं, आपको मजा ही आ जाएगा।

चूल्हे जैसे स्वाद के लिए तवे पर भूनें शकरकंदी

गांव वाला चूल्हे या अंगीठी में भुनी हुई शकरकंदी का देसी स्वाद पसंद है, तो घर पर ये हैक ट्राई किया जा सकता है। इसके लिए स्टेप बाय स्टेप तरीका नोट कर लें।

स्टेप 1- शकरकंदी को धो कर तैयार करें

सबसे पहले शकरकंदी को अच्छे से धो कर साफ कर लें, ताकि इनपर जमी सारी धूल-मिट्टी निकल जाए। इन्हें आपको छीलना नहीं है, बस बीच में से दो हिस्सों में काट लेना है।

स्टेप 2- लोहे के तवे पर रखें शकरकंदी

अब गैस पर एक लोहे का तवा चढ़ाएं। आप नॉन स्टिक या दूसरे मेटल का तवा भी इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन लोहे पर भूनने से शकरकंदी में देसी अरोमा और फ्लेवर आता है। तवे को हल्का गर्म होने दें और गैस की फ्लेम को धीमा करें। अब सारी शकरकंदी एक साथ तवे पर रख दें।

स्टेप 3- थोड़ा सा पानी डालें

अब तवे पर दो से तीन चम्मच के करीब पानी डालें, ताकि सारी शकरकंदी अच्छे से भीग जाए। अगर शकरकंदी पहले से गीली है, तो पानी की मात्रा और कम रखें। वरना ज्यादा पानी की वजह से ये गल जाएंगी और वो रोस्टेड स्वाद नहीं आएगा।

स्टेप 4- बर्तन से ढककर पकाएं शकरकंदी

अब तवे को किसी पतीले या गहरे बर्तन से अच्छी तरह ढक दें और शकरकंदी को धीमी आंच पर पकने दें। इसे करीब 20-30 मिनट लगेंगे, फिर एक चाकू या फोर्क से दबाकर चेक करें कि ये अंदर से अच्छी तरह गल गई है या नहीं। बस आपकी रोस्टेड स्वाद वाली शकरकंदी बनकर तैयार है।

इस ट्रिक से आलू भी उबाल सकते हैं

आग में भुने हुए छोटे आलू खाना पसंद है, तो उन्हें भी आप तवे पर इस तरह से रोस्ट कर सकते हैं। बिल्कुल वही चूल्हे वाली सौंधी खुशबू और स्वाद आता है। बैंगन या कोई और सब्जी रोस्ट करने के लिए भी ट्रिक अपनाई जा सकती है।

स्वाद की टिप- शकरकंदी का स्वाद बढ़ाने के लिए इसे छीलकर टुकड़ों में काट लें। ऊपर से नींबू का रस, काला नमक और भुना जीरा पाउडर डालें। चटपटी सी भुनी हुई शकरकंदी खा कर मजा आ जाएगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN