Source :- INDIATV NEWS

छठ पूजा का पहला दिन नहाय-खाय होता है। इस दिन लौकी चना दाल की सब्जी बनाई जाती है। जो महिलाएं ये उपवास करती हैं वो बिना प्याज लहसुन का और सेंधा नमक में तैयार खाना खाती हैं। नहाय खाय में जिस तरह से लौकी बनाई जाती है वो बिना प्याज लहसुन के भी बहुत स्वादिष्ट बनती है। अगर आपको लौकी पसंद नहीं है तो एक बार इस तरह से लौकी चना दाल की सब्जी बनाकर खाएं। चावल और रोटी दोनों के साथ ये सब्जी बहुत स्वादिष्ट लगती है। आइये जानते हैं बिना प्याज लहसुन के लौकी चना दाल की सब्जी कैसे बनाते हैं।
लौकी चना दाल की सब्जी रेसिपी
पहला स्टेप- इस सब्जी को बनाने के लिए करीब 600 ग्राम लौकी ले लें और लौकी को छीलकर धो लें। अब लौकी को बड़े-बड़े टुकड़ों में काट लें। आप इस सब्जी को कुकर या कड़ाही किसी में भी बना सकते हैं। हम आपको कुकर में इस सब्जी को बनाने बता रहे हैं। अब कुकर में रातभर की भीगी चना दाल दाल दें। इसमें कटी हुई लौकी डाल दें। दो टमाटर को बीच से काट कर डाल दें। इसमें हल्दी, नमक और आधा गिलास पानी डाल दें।
दूसरा स्टेप- अब कुकर बंद करके 1 सीटी तेज गैस पर आने दें। गैस धीमी करके इसे 5-7 मिनट के लिए और पकाएं। सब्जी में तड़का तैयार करने के लिए गैस पर पैन या कड़ाही रखें। इसमें सरसों का तेल डालें। तेल में जीरा, 1 तेज पत्ता डाल दें। थोड़ी अदरक को कद्दूकस कर लें और दो हरी मिर्च को बारीक काट लें। अदरक हरी मिर्च डालकर कुछ खड़े मसाले डाल दें। अब 2 मीडियम साइज के टमाटर काटकर डाल दें।
तीसरा स्टेप- सब्जी में स्वादानुसार थोड़-थोड़े मसाले और नमक मिला दें। सारे मसाले को टमाटर के गलने तक मीडियम फ्लेम पर भूनें। 1 चम्मच धनिया पाउडर डाल दें और ढककर 2 मिनट के लिए पका लें। लौकी चना दाल पक गई है ये चेक कर लें। अब तड़का में गरम मसाला और कसूरी मेथी थोड़ी डाल दें।
चौथा स्टेप- इसमें ऊबली लौकी चना दाल को थोड़ा-थोड़ा करके डालते जाएं, जिससे तड़का अच्छी तरह मिक्स हो जाए। सब्जी में पानी कम ज्यादा अपने हिसाब से रख सकते हैं। अब लौकी चना दाल को डालकर 5 मिनट के लिए धीमी आंच पर और पका लें। स्वादिष्ट लौकी चना दाल की सब्जी बनकर तैयार है। आप इसमें ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर गर्मागरम सर्व करें।
SOURCE : INDIATV NEWS




