Home LIFESTYLE NEWS HINDI छोटे से कमरे से शुरू हुआ पॉडकास्ट बना दुनिया का नंबर-1, राज...

छोटे से कमरे से शुरू हुआ पॉडकास्ट बना दुनिया का नंबर-1, राज शमानी से सीखें सफलता के 5 मंत्र

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

राज शमानी का नाम आज हर बच्चा जानता है और उन्होंने अपना नाम दुनियाभर में बना लिया है। कड़ी मेहनत और लगन के साथ राज शमानी दुनिया का नंबर 1 पॉडकास्टर बन चुके हैं। आइये जानते हैं उनकी सफलता की पूरी कहानी।

पॉडकास्टर राज शमानी आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं और उन्होंने अपनी अलग पहचान दुनियाभर में बना ली है। वह दुनिया के नंबर 1 पॉडकास्टर बन चुके हैं। उनका शो ‘फिगरिंग आउट विद राज शमानी’ (‘Figuring Out with Raj Shamani)’ ने YouTube पर 2.2 करोड़ सब्सक्राइबर का आंकड़ा पार कर लिया है और कई बड़े लोगों को पीछे छोड़ दिया है। उनका पॉडकास्टर बनने का सफर छोटे से कमरे से शुरू हुआ था और आज वह दुनियाभर में अपना नाम कमा रहे हैं। उस वक्त राज के पास ना कोई साधन था और ना ही बड़ा फ्लैट, छोटी शुरुआत लेकिन लगातार मेहनत ने आखिर उन्हें मंजिल दिलाई। आइये राज शमानी की सफलता की कहानी विस्तार से जानते हैं।

कौन हैं राज शमानी?

राज शमानी का जन्म 29 जुलाई 1997 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ। उन्होंने 16 साल की उम्र में ही अपने परिवार का बिजनेस संभाल लिया और काम करना शुरू कर दिया था। उन्होंने सेल्स, मार्केटिंग और ग्राहकों से बातचीत करने का अनुभव हासिल कर लिया था। साल 2021 में ‘Figuring Out’ पॉडकास्ट शुरू किया था। उन्होंने कम उम्र में ही अपनी किताब Build, Don’t Talk भी लिख ली।

वह खासतौर पर अपने फेमस पॉडकास्ट ‘Figuring Out with Raj Shamani’ के लिए पहचाने जाते हैं। उनके शो में बिजनेस, स्टार्टअप, मनोरंजन और दूसरी दुनिया की चर्चित हस्तियां शामिल हो चुकी हैं। इनमें बिल गेट्स, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, मिस्टरबीस्ट और विजय माल्या जैसे नाम शामिल हैं।

छोटे कमरे से शुरू किया था सफर

राज शमानी ने छोटे से कमरे से अपने स्टार्टअप की शुरुआत की थी। आज उनका पॉडकास्ट दुनिया का नंबर 1 शो बन चुका है। इंदौर में उन्होंने इस आइडिया के बारे में सोचा और फिर साल 2020 में राज मुंबई पहुंचे। उनके पास शुरुआत में न कोई बड़ा स्टूडियो था और न ही महंगे उपकरण। वह अपने मोबाइल फोन से कंटेंट बनाते थे। उन्होंने सबसे पहले ‘Voices with Raj’ नाम से ऑडियो पॉडकास्ट शुरू किया। इसके लिए वह सैकड़ों लोगों को ईमेल करके गेस्ट बनने के लिए मनाते थे, लेकिन इस पॉडकास्ट को ज्यादा लोगों ने नहीं सुना।

कड़ी मेहनत के बाद शुरू हुआ पॉडकास्ट

इसके बाद उन्होंने Zoom पर भी इंटरव्यू किए और फिर साल 2021 में ‘Figuring Out’ की शुरुआत की। उनके शुरुआती एपिसोड में खराब लाइटिंग और साउंड जैसी दिक्कतें थीं। कई एपिसोड बनाने के बाद भी उन्हें अच्छे रिजल्ट नहीं मिले लेकिन उन्होंने लगातार बेहतर बनने की कोशिश की। उनके पॉडकास्ट पर बिजनेस, स्टार्टअप, करियर और लाइफ से जुड़े विषयों पर बातचीत होने लगी। धीरे-धीरे लोगों की संख्या बढ़ी और बड़े-बड़े मेहमान उनके शो का हिस्सा बनने लगे। बस यही से राज शमानी की सफलता की गाड़ी चल पड़ी। जरा सोचिए जिस शख्स ने कभी मोबाइल फोन से पॉडकास्टिंग शुरू की और शुरुआती एपिसोड के लिए गेस्ट तक ढूंढने में कड़ी मशक्कत की, आज उसी राज शमानी के शो में दुनिया की बड़ी-बड़ी हस्तियां खुद पहुंचती हैं। उनका सफलता किसी प्रेरणा से कम नहीं है।

राज शमानी की कहानी से सीखें सफलता के ये 5 मंत्र

  • राज शमानी की कहानी से सीख मिलती है कि परफेक्ट होने का इंतजार नहीं करना चाहिए। आप जैसे है बस वैसे ही शुरुआत करें और फिर लगातार मेहनत करते रहें। मेहनत करेंगे तभी आप एक ना एक दिन सफल होंगे।
  • असफलता हाथ लगने पर कोशिश करना ना छोड़ें बल्कि उसमें गलतियां खोजकर उन्हें सुधारने की कोशिश करें। फिर से अपने तरीके पर काम करें और खुद पर भरोसा रखें।
  • अगर आपको सफल होना है, तो हमेशा कोशिश करें, रोजाना अपने लक्ष्य के लिए मेहनत करें और धैर्य रखें। अगर आप इन तीनों चीजों पर कंट्रोल कर लेंगे, तो आपको सफल होने से कोई नहीं रोक सकता।
  • सफल होना है तो आपको किसी बड़े कमरे, माइक या फिर जगह की जरूरत नहीं है। आप किसी छोटी जगह और कम संसाधनों के साथ भी शुरुआत कर सकते हैं। बस आपको पता होना चाहिए कि आखिर करना क्या है।
  • मनी प्लांट की तरह बनें और अपना रास्ता खुद बनाएं। साथ ही किसी भी बाहरी चीज को जीतने से पहले आपको अपनी कमजोरियों और खुद से लड़ना होता है। बहानों और आराम के जाल से बाहर निकलना जरूरी है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN