Home National news hindi जंतर-मंतर: महिला पत्रकारों पर यौन हमले के आरोप के बाद दिल्ली पुलिस...

जंतर-मंतर: महिला पत्रकारों पर यौन हमले के आरोप के बाद दिल्ली पुलिस ने मामला क्राइम ब्रांच को सौंपा

2
0

Source :- BBC INDIA

प्रदर्शन

दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को केंद्रीय चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन के दौरान दो महिला पत्रकारों और एक प्रदर्शनकारी युवती ने एक पुलिस अधिकारी और पुलिस कर्मियों पर यौन हमले के आरोप लगाए हैं.

एक महिला पत्रकार का आरोप है कि आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा को हिरासत में लिए जाने के दौरान एसीपी विवेक भगत ने उनके सीने पर हाथ मारा और उन्हें धक्का देकर वहां से चले गए.

वहीं एक वरिष्ठ महिला पत्रकार और एक प्रदर्शनकारी युवती ने दिल्ली पुलिस के कर्मियों पर यौन हमले के आरोप लगाए हैं.

बीबीसी के पास तीनों महिलाओं की शिकायतों की कॉपी हैं जो उन्होंने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में दी हैं. वहीं, दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस संबंध में शिकायतें ले ली गई हैं. सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

वहीं, जब हमने एक महिला पत्रकार के आरोपों पर एसीपी विवेक भगत से सवाल किया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया.

दूसरी ओर दिल्ली पुलिस ने एक्स पर बयान जारी करके कहा है कि इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच को दे दी गई है.

दिल्ली पुलिस ने एक्स पर लिखा, “तीन अक्तूबर 2026 को नई दिल्ली इलाके में विरोध-प्रदर्शन के दौरान, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की स्थिति में, तीन महिला पत्रकारों ने पुलिस अधिकारियों पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए.”

“नई दिल्ली ज़िले को उनकी शिकायतें मिली हैं और निष्पक्ष जांच के लिए इन्हें क्राइम ब्रांच को भेज दिया गया है.”

पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर जुटे हुए लोग

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें एक महिला पत्रकार अपनी बात कह रही हैं.

वीडियो में महिला पत्रकार ने दावा किया कि वह शिकायत दर्ज कराने के लिए दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने पहुंचीं, लेकिन क़रीब साढ़े तीन घंटे इंतज़ार करने के बाद भी उनकी शिकायत पर एफ़आईआर दर्ज नहीं की गई.

एक महिला पत्रकार ने कहा कि उनके समर्थन में कई पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता थाने के बाहर बैठे हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है.

इस मामले में सीजेपी ने पत्रकारों से रविवार सुबह 11 बजे पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने पहुंचने का आह्वान किया है.

यौन हमले के आरोप लगाने वाली महिलाओं ने क्या कहा है

जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी

एक वरिष्ठ महिला पत्रकार ने अपनी शिकायत में कहा कि वो प्रदर्शन के दौरान जब योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण को हिरासत में लिया जा रहा था तो वो उनकी बाइट लेने की कोशिश कर रही थीं, ठीक उसी समय उन्हें महसूस हुआ कि कोई पीछे से उनकी पीठ को छू रहा है. इसके बाद उन्हें लगा कोई उनके शरीर के पिछले हिस्से को अपने प्राइवेट पार्ट से छू रहा है. वो जैसे ही पीछे मुड़ीं तो देखा कि एक पुलिसकर्मी उनके बेहद क़रीब खड़ा है.

उन्होंने शिकायत में लिखा है कि इस घटना का वीडियो उनके पास है.

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर जिस महिला पत्रकार का वीडियो साझा किया है, उन्होंने अपनी शिकायत में लिखा है कि जब पुलिस नेहा बोरा को हिरासत में लेने की कोशिश कर रही थी तो वो इसका वीडियो बना रही थीं.

उन्होंने लिखा है कि “मैंने देखा कि उन्हें हिरासत में लेने के लिए पुरुष पुलिस अफ़सर हैं. महिला पुलिसकर्मी नहीं हैं.”

उन्होंने लिखा है, ”मैंने इस पर सवाल किया तो एक अफ़सर विवेक भगत ने मेरे सीने पर हाथ मारा और धक्का दे दिया. उन्होंने मुझे वहां से चले जाने को कहा. दोबारा सवाल करने पर उन्होंने उन्हें महिला कॉन्स्टेबल से यह कर घेरने के लिए कहा कि मेरे पास वीडियो है.”

एक और महिला प्रदर्शनकारी ने लिखा है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान जब प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा रहा था तो एक पुरुष पुलिसर्मी ने उनके साथ कथित तौर पर अनुचित, आपत्तिजनक और अमर्यादित तरीके से शारीरिक व्यवहार किया. उन्हें पुरुष पुलिसकर्मी ने पीटा और उनकी छाती पर हमला किया.

सीजेपी ने पूछा- क्या दिल्ली पुलिस अधिकारी को बचा रही?

सौरव दास और रत्ना सिंह

सीजेपी की लीगल अफ़ेयर्स हेड रत्ना सिंह ने पूछा है कि क्या दिल्ली पुलिस गंभीर शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय एसीपी को बचा रही है?.

रत्ना सिंह सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “दिल्ली पुलिस ने यौन उत्पीड़न के मामले में एफ़आईआर दर्ज करने से मना कर दिया है.”

“इसके बजाय, पुलिस का कहना है कि वे एफ़आईआर दर्ज करने से पहले शुरुआती जांच करना चाहते हैं और सीसीटीवी फ़ुटेज देखना चाहते हैं. इससे ललिता कुमारी के फ़ैसले में दिए गए नियमों का पालन करने को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं.”

उन्होंने कहा, “कल, सभी (स्वतंत्र) पत्रकार और जवाबदेही में विश्वास रखने वाले लोग सुबह 11 बजे पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर इकट्ठा हों. यौन उत्पीड़न की शिकायत को पुलिस के इस फ़ैसले का इंतज़ार नहीं करना चाहिए कि एफ़आईआर दर्ज करनी है या नहीं.”

रत्ना सिंह ने कहा कि जब तक हर महिला सुरक्षित नहीं है, तब तक कोई भी महिला सुरक्षित नहीं है.

राहुल गांधी

सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास ने भी कहा कि कई पत्रकार और अन्य प्रदर्शनकारी 5 अक्तूबर को मामले में समर्थन के लिए सामने आएंगे और यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि संबंधित पुलिसकर्मी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज हो.

सौरव दास ने एक्स पर लिखा, “पुलिस ने हमसे लिखित शिकायत और वीडियो की जांच करने के लिए कुछ समय मांगा है. हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे.”

सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव ने कहा कि इस मामले पर तुरंत एफ़आईआर होनी चाहिए.

उन्होंने एक्स पर लिखा, “क़ानून के अनुसार तुरंत एफ़आईआर होनी चाहिए! इन अफ़सरों पर दिल्ली की महिलाएं भरोसा करेंगी अपनी सुरक्षा के लिए?”

राहुल गांधी ने क्या कहा

राहुल गांधी

राहुल गांधी ने दिल्ली महिला पत्रकार के आरोपों के बाद इस मामले में पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाया है.

राहुल गांधी ने शनिवार देर रात एक्स पर लिखा, “जंतर-मंतर पर एक महिला पत्रकार ने एक पुलिस अधिकारी पर बदसलूकी का आरोप लगाया है. घंटों से सैकड़ों पत्रकार सिर्फ़ इतनी माँग लेकर बैठे हैं कि एफ़आईआर दर्ज कर ली जाए. ये तो पुलिस का बुनियादी काम है न? वो भी नहीं किया.”

उन्होंने कहा, “आज ही जंतर-मंतर पर सैकड़ों लोग हिरासत में लिए गए. महिला प्रदर्शनकारियों के साथ बदसलूकी के आरोप हैं. कैमरे छीने गए, पत्रकार घसीटे गए. और ये पहली बार नहीं है. इससे पहले भी हमने वीडियो सबूतों के साथ देखा है कि पुलिस के अफ़सर महिलाओं के साथ घिनौनी बदसलूकी करते हैं.”

राहुल गांधी ने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस पुलिस पर महिलाओं की हिफ़ाज़त की ज़िम्मेदारी है, वही महिलाओं पर हाथ उठा रही है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS