Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/08/10/1200x900/Govinda_david_dhawan_1786322435851_1786322441875_b4a528aa-c333-4fb6-a7d2-3c9cea0229fe.jpgगोविंदा और डेविड धवन ‘राजा बाबू’, ‘कुली नंबर 1’ से लेकर ‘हीरो नंबर 1’ और ‘बड़े मियां छोटे मियां’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।
बॉलीवुड एक्टर गोविंदा ने अपने करियर में कई तरह के रोल को पर्दे पर जिया है। उन्होंने रोमांटिक हीरो से लेकर विलेन और कॉमेडी एक्टर का किरदार बखूबी निभाया है। हालांकि, गोविंदा की फिल्मों को सबसे ज्यादा पसंद किया गया। वहीं, 90 के दशक में गोविंदा और फिल्ममेकर डेविड धवन की जोड़ी सबसे सफल एक्टर-डायरेक्टर जोड़ियों में से एक बनकर उभरी। दोनों कई सारी कॉमेडी फिल्में इस इंडस्ट्री को दी, लेकिन फिर एक वक्त ऐसा आया जब ये जोड़ी टूट और इन्होंने साथ काम करना बंद कर दिया। ऐसे में अब गोविंदा ने पहली बार बताया कि उन्होंने आखिर क्यों डेविड धवन संग काम करना बंद कर दिया।
पार्टनरशिप अब और नहीं चल सकती
गोविंदा और डेविड धवन ‘राजा बाबू’, ‘कुली नंबर 1’ से लेकर ‘हीरो नंबर 1’ और ‘बड़े मियां छोटे मियां’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। इस जोड़ी की फिल्में कॉमेडी, शानदार गाने और गोविंदा की बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग की पहचान बन गई थी। ऐसे में गोविंदा ने हाल ही में ANI को अपने इंटरव्यू दिया और बताया कि उन्होंने डेविड धवन संग काम करना क्यों बंद कर दिया। गोविंदा ने कहा कि डेविड बस एक ऐसे स्टेज पर पहुंच गए थे जहां उन्हें लगा कि पार्टनरशिप अब और नहीं चल सकती।
मैं उनके साथ और फिल्में करना चाहता था
गोविंदा ने कहा, ‘हमने साथ में 17 फिल्में कीं। डेविड भगवान के बच्चे जैसे हैं। जिस वक्त उसे ऐसा लगा कि समय आ गया है कि मैं गोविंदा के साथ और आगे नहीं बढ़ पाऊंगा, वो ठहर गए। मैं चाहता था कि हम साथ में 18वीं और 19वीं फिल्म भी करें, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसलिए मुझे लगा कि वह अपनी सोच के हिसाब से चल रहे हैं। मुझे इस बारे में कभी कोई शक नहीं था।’
कभी-कभी मैं उनसे नाराज हो जाता था
गोविंदा ने यह भी माना कि वह कभी-कभी धवन से नाराज हो जाते थे, लेकिन उन्होंने कहा कि उनका पर्सनल रिश्ता उनके प्रोफेशनल रिश्ते खत्म होने के बावजूद बना रहा। एक्टर ने कहा, ‘कभी-कभी मैं उनसे नाराज हो जाता था। मैं उन्हें फोन करता था और वह समझ जाते थे। अब भी जब मेरा टॉपिक आता है, तो वह रोने लगते हैं। वह सच्चे हैं। वह एक बहुत अच्छे इंसान हैं।’
तू अपनी परेशानी से बाहर निकल
यही नहीं गोविंदा ने डेविड धवन की लेटेस्ट फिल्म के बाद उनसे बात करने का भी खुलासा किया। गोविंदा ने याद करते हुए कहा, ‘अभी जब उनकी फिल्म आने से पहले फोन किया था। मुझे लगा उनसे मुलाकात करनी चाहिए। उन्होंने रिलीज के बाद मुझे कॉल किया और कहा कि तू अपनी परेशानी से बाहर निकल।’
कादर खान के साथ काम करने पर भी बोले गोविंदा
इसी दौरान इंटरव्यू में गोविंदा ने अपने करियर के सबसे यादगार दौर के एक और साथी, मशहूर दिग्गज एक्टर कादर खान के बारे में भी बात की। बता दें कि गोविंदा और दिवंगत एक्टर कादर खान ने कई फिल्मों में साथ काम किया और उनकी कॉमिक टाइमिंग उनकी फिल्मों का एक अहम हिस्सा बन गई थी। गोविंदा ने कहा, ‘मेरे डायलॉग, मेरी केमिस्ट्री… सब कुछ पहले से तय (प्री-प्रोग्राम्ड) होता था। कादर खान की वजह से ही मैं उस प्री-प्रोग्रामिंग को समझ पाया।’
वह हमेशा एक ही लय में परफॉर्म करते थे
गोविंदा ने कादर खान के बारे में बात करते हुए आगे कहा, ‘वह हमेशा एक ही लय में परफॉर्म करते थे। यही उनका अंदाज था। इसलिए थोड़ा समय लगा, लेकिन जब उन्हें पता चला कि मैं कैसे काम करता हूं, तो उन्हें मुझसे लगाव हो गया। वह मुझे बहुत पसंद करने लगे।’ साथ ही गोविंदा ने दोनों एक्टर्स के बीच के एक बहुत ही प्यार भरे पल को भी याद किया। उन्होंने बताया, ‘एक बार उन्होंने मेरा हाथ चूमा और कहा, ‘तुममें बात है गोविंदा।’
इन फिल्मों में साथ दिखी जोड़ी
आपको बता दें कि गोविंदा और कादर खान ने ‘कुली नंबर 1’, ‘साजन चले ससुराल’, ‘हीरो नंबर 1’, ‘दूल्हे राजा’, ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘हसीना मान जाएगी’, ‘अनाड़ी नंबर 1’, ‘आंटी नंबर 1’ और कई दूसरी फिल्मों में साथ काम किया और अपनी जबरदस्त ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री से लोगों का दिल जीता।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



