Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Family Handout
केरल में हुई एक अनोखी शादी की तस्वीरें वायरल हो रही हैं. इसमें चार जुड़वां जोड़े शामिल हैं.
तस्वीर में जुड़वां भाई, जुड़वां बहनों से शादी करते हुए दिख रहे हैं. साथ ही जुड़वां पादरी रस्म पूरी करवा रहे हैं और जुड़वां अल्टर बॉय उनकी मदद कर रहे हैं.
यह अनोखी शादी बरसों की बहुत सोच-समझकर बनाई गई योजना का नतीजा थी.
दूल्हों में से एक अखिल थॉमस कहते हैं, “शादी में जुड़वां बच्चों के चार जोड़ों का होना कोई इत्तेफ़ाक नहीं है.”
इमेज स्रोत, Family Handout
दूसरे दूल्हे और अखिल के जुड़वां भाई, निखिल थॉमस कहते हैं, “हमने जुड़वां लड़कियों से ही शादी करने का पक्का इरादा कर लिया था. हमारे परिवार ने हमारे लिए सही दुल्हनें खोजने में लगभग तीन साल लगाए.”
दोनों 32 साल के हैं. हालांकि इस इलाके में शादी के लिए यह उम्र थोड़ी ज़्यादा मानी जाती है.
अखिल कहते हैं, “चूंकि हमारी उम्र 30 साल के आसपास है, इसलिए हमारे रिश्तेदार हमसे कहते रहते थे कि हम जुड़वां लड़कियों का इंतज़ार न करें.”
“उन्होंने हमें यह भी चेतावनी दी थी कि अगर हमने दूसरी महिलाओं (जो जुड़वां नहीं थीं) से शादी नहीं की, तो शायद हमारी कभी शादी ही न हो पाए.”
इमेज स्रोत, Family Handout
अपने बेटों के लिए दुल्हन की तलाश में परिवार ने एक ऐसी मैरिज सर्विस से संपर्क किया जो ख़ास तौर पर जुड़वां लोगों के लिए काम करती है.
अखिल बताते हैं कि मैगी और मारिया मैरी से मिलने से पहले पिछले कुछ सालों में वो जुड़वां बहनों के 40 जोड़ों से मिल चुके थे.
किस्मत का खेल देखिए 31 साल की ये बहनें भी जुड़वां भाइयों से ही शादी करना चाहती थीं.
मैगी कहती हैं, “हमने बचपन में ही तय कर लिया था कि अगर हम शादी करेंगी, तो जुड़वां भाइयों से ही करेंगी.”
मारिया कहती हैं, “जब हम अखिल और निखिल से मिले, तो वे हमें तुरंत पसंद आ गए. हमने तय कर लिया कि वे ही हमारे लाइफ़ पार्टनर बनेंगे.”
इसके बाद बहनों ने इच्छा जताई कि उनकी शादी की रस्में जुड़वां भाई ही पूरी कराएं.
यह विचार तब आया जब मैगी और मारिया ने पिछले साल चर्च के एक कार्यक्रम में जुड़वां ऑल्टर बॉयज़ जेरोन और जोहान जेम्स को देखा. शादी तय होने के बाद उन्होंने उन भाइयों से संपर्क किया और उन्हें शादी की रस्मों में शामिल होने के लिए बुलाया.
इमेज स्रोत, Family Handout
अखिल की मां कुछ महीने पहले चर्च में हुई प्रार्थना सभा में जुड़वां पादरियों, एंथो और अजो पेरुमकाट्टिल से मिली थीं. इसलिए अगला कदम उनसे शादी की रस्में पूरी करवाने के लिए बात करना था.
अखिल कहते हैं, “जब मैंने पादरियों से संपर्क किया और उन्हें सारी जानकारी दी, तो वे बहुत उत्साहित हो गए.”
शादी की तस्वीरें वायरल होने के बाद से ये जुड़वां पादरी काफ़ी चर्चा में हैं.
अजो कहते हैं, “हमारे लिए यह शादी वाकई यादगार बन गई है.”
वे बताते हैं कि जब से तस्वीरें ऑनलाइन शेयर होने लगी हैं, तब से दो और परिवारों ने इन भाइयों से अपने जुड़वां बेटों और बेटियों की शादी की रस्में पूरी करवाने के लिए संपर्क किया है.
इमेज स्रोत, Family Handout
निखिल थॉमस कहते हैं, “हमारी शादी लव मैरिज नहीं है, बल्कि हमारे माता-पिता ने इसे तय किया है.”
यह पारंपरिक भारतीय अरेंज्ड-मैरिज मॉडल का नतीजा था, जिसमें माता-पिता और परिवार के बड़े-बुजुर्ग रिश्ता तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं.
जब से इस समारोह की तस्वीरें वायरल हुई हैं इन जोड़ों को ऑनलाइन खूब ब्लेसिंग मिल रही हैं.
इमेज स्रोत, Family Handout
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उन्हें बधाई दी. वहीं कुछ लोगों ने इसे जुड़वां बच्चों के लिए सपनों जैसी शादी बताया.
मारिया कहती हैं, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि हमारी शादी की तस्वीरें इतनी मशहूर हो जाएंगी.”
वह कहती हैं, “हमने यह शोहरत पाने या लाइक्स बटोरने के लिए नहीं किया था. यह हमारी सपनों की शादी थी और यह अचानक वायरल हो गई.”
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
SOURCE : BBC NEWS




