Source :- LIVE HINDUSTAN
झाड़ू-पोछा का काम हर घर में होता है और कई लोग इसके लिए कामवाली दीदी को लगाकर रखते हैं। लेकिन क्या आप झाड़ू-पोछा करने के कमाल के फायदों के बारे में जानते हैं?
घर के कामों में से एक है झाड़ू और पोछा करना, जिसके लिए ज्यादातर घरों में कामवाली दीदी आती हैं। अगर आप भी झाड़ू-पोछा करने को बड़ा या बेकार काम समझते हैं, तो थोड़ा रुक जाइये। घर में रोजाना झाड़ू-पोछा करने के भी गजब के फायदे हैं, जो शायद आप नहीं जानती होंगी। कई फिटनेस इन्फ्लुएंसर और डॉक्टर्स इस बात को बता चुके हैं कि झाड़ू-पोछा करने से न सिर्फ घर की साफ-सफाई होती है बल्कि शरीर को कई फायदे मिलते हैं। तो चलिए आपको झाड़ू-पोछा करने के कुछ कमाल के फायदों के बारे में बताते हैं।
झाड़ू-पोछा करते कैसे हैं?
ज्यादातर लोगों को इस सवाल का जवाब पता होगा लेकिन जिन्हें नहीं पता उन्हें बता दें कि झाड़ू हम थोड़ा झुककर या फिर बैठकर लगाते हैं और बराबर आगे खिसकते रहते हैं। तो वहीं पोछा में हम आगे की ओर सफाई करते हुए पीछे की दिशा में खिसकते हुए आते हैं। पोछा लगाने के दौरान हमें पंजों-पैर और हाथों पर ज्यादा जोर देना पड़ता है।
क्या हैं 5 कमाल के फायदे
झाड़ू-पोछा करने के ये 5 फायदे जानने के बाद शायद आप अपनी कामवाली दीदी की छुट्टी कर दें। जिस काम को आप बेकार या समय की बर्बादी समझती हैं, उससे आपका वजन से लेकर पेट तक कम हो सकता है। सिर्फ यही नहीं सफाई करने के बाद इंफेक्शन का खतरा भी कम हो जाता है। तो चलिए आपको फायदे गिनाते हैं।
1. बैक पेन से राहत
अगर आपकी कमर या पीठ में लगातार बैठने से हल्का दर्द बना रहता है, तो ये दर्द झाड़ू लगाने से कम हो सकता है। झाड़ू लगाने के दौरान पीठ को झुकाना पड़ता है, जिससे दर्द में राहत मिलती है। अगर आपको झुकने में परेशानी है, जो आप लंबी वाली झाड़ू से खड़े होकर लगाएं या फिर बैठकर भी झाड़ू लगा सकती हैं।
2. पेट की चर्बी कम होगी
पोछा लगाने के दौरान बैठना पड़ता है, जिसमें पेट पैरों से दबता है। ऐसे में अगर आपके पेट की चर्बी बढ़ी है, तो वह कम हो सकती है। प्रेग्नेंसी में डॉक्टर पोछा लगाने के स्टाइल में ही महिलाओं को बैठने के लिए कहती हैं, जिससे बच्चे का मूवमेंट अच्छा हो और सर्विक्स एरिया खुल जाए।
3. मोटापा से छुटकारा
आजकल हर दूसरे व्यक्ति की समस्या बन चुका है मोटापा, जो झाड़ू-पोछा लगाने से कम हो सकता है। एक्स्पर्ट्स का कहना है कि अगर आप 1 घंटा झाड़ू-पोछा लगाते हैं, तो 238 कैलोरी बर्न होती है। आपका शरीर जितनी कैलोरी बर्न करेगा, उतना ही वजन कम होगा।
4. तनाव कम होता है
झाड़ू-पोछा लगाने के बाद घर की साफ-सफाई हो जाती है और साफ चीजें देखने से दिमाग शांत रहता है, साथ ही तनाव भी कम हो जाता है। सुबह-सुबह झाड़ू पोछा करते हैं, तो पूरा दिन आप स्ट्रेस फ्री रह सकते हैं। तनाव के अलावा इस काम से गुस्सा भी शांत होता है। अगर तेज गुस्सा आ रहा है तो झाड़ू-पोछा करना शुरू करें। इससे मन और गुस्सा दोनों शांत होंगे। सिर्फ यही नहीं फोकस भी बढ़ता है।
5. हिप फ्लेक्सिबिलिटी बढ़ेगी
बैठकर पोछा लगाने से आपकी हिप फ्लेक्सिबिलिटी बढ़ेगी और ये हिस्सा शेप में भी आ जाता है। बैठकर पोछा लगाने की स्टाइल में हिप की स्टिफ मसल्स रिलैक्स होती हैं और फ्लेक्सिबिलिटी बढ़ जाती है। इसके अलावा इससे काल्फ यानी पिंडलियों की मसल्स भी एक्टिव रहती हैं।
नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान इसकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




