Home BUSINESS NEWS HINDI टाटा की चर्चित कंपनी ने 3 महीने में बेचे 10 लाख AC,...

टाटा की चर्चित कंपनी ने 3 महीने में बेचे 10 लाख AC, शेयर पर एक्सपर्ट भी बुलिश

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Voltas share price: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार में टाटा की कंपनी वोल्टास के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। दरअसल, कंपनी ने बिक्री से जुड़े शानदार आंकड़ों की जानकारी दी है। ऐसे में इस शेयर में हलचल की उम्मीद की जा रही है।

क्या हैं आंकड़े?

देश की प्रमुख रूम एयर कंडीशनर (आरएसी) कंपनी वोल्टास ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले तीन महीनों के भीतर ही 10 लाख रूम एसी की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। टाटा समूह की कंपनी का दावा है कि उसने यह उपलब्धि अब तक के सबसे कम समय में हासिल की है, जिससे भारतीय एयर कंडीशनर बाजार में उसकी अग्रणी स्थिति और मजबूत हुई है। वोल्टास ने इससे पहले वित्त वर्ष 2023-24 में 20 लाख रूम एसी बेचे थे। कंपनी के अनुसार इस उपलब्धि के पीछे पिछले एक वर्ष में उठाए गए कई रणनीतिक कदम हैं। इनमें प्रीमियम, मिडियम कैटेगरी और प्राइस कैटेगरी में नए और अलग उत्पादों की पेशकश, व्यापक उपभोक्ता वर्ग तक पहुंच और अलग-अलग प्राइस कैटेगरी में मजबूत उपस्थिति शामिल है।

वोल्टास के प्रबंध निदेशक मुकुंदन मेनन ने कहा कि वित्त वर्ष के पहले तीन महीनों में 10 लाख इकाई की बिक्री का आंकड़ा पार करना कंपनी के लिए एक अहम उपलब्धि है। यह ग्राहकों के भरोसे, मजबूत ब्रांड पहचान और देशभर में कंपनी की टीमों और चैनल भागीदारों के प्रभाव का परिणाम है। वोल्टास का कहना है कि देश के कई हिस्सों में अब भी गर्मी बनी हुई है और कंपनी उपभोक्ताओं की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ एयर कंडीशनर श्रेणी में अगले चरण की वृद्धि पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

वोल्टास के शेयर का परफॉर्मेंस

वोल्टास के शेयर बीएसई पर 1342 रुपये पर हैं। एक दिन पहले के मुकाबले शुक्रवार को शेयर 1.15% टूटकर बंद हुआ था। अप्रैल 2026 में शेयर 1,187.50 रुपये पर था। वहीं, फरवरी 2026 में शेयर की कीमत 1,582 रुपये थी। यह दोनों ही भाव शेयर के 52 हफ्ते का लो और हाई हैं। मास्टर कैपिटल सर्विसेज में रिसर्च के AVP विष्णु कांत उपाध्याय ने बीते दिनों बताया था कि आने वाले वक्त में शेयर 1,450 रुपये तक जा सकता है। Emkay ग्लोबल फाइनेंशियल ने शेयर के लिए टारगेट प्राइस 1500 रुपये तय किया था।

बता दें कि भारतीय रूम एसी बाजार में वोल्टास के अलावा एलजी, दाइकिन, ब्लू स्टार, हिताची, पैनासोनिक और लॉयड जैसे प्रमुख ब्रांड का दबदबा है। उद्योग को उम्मीद है कि 2026 में बिक्री बेहतर रहेगी, क्योंकि 2025 में बेमौसम बारिश और अन्य कारणों से मांग प्रभावित हुई थी। वहीं, 2024 में देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू के कारण एयर कंडीशनर की बिक्री में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई थी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN