Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा टेलिसर्विसेज महाराष्ट्र लिमिटेड (TTML) के शेयर शुक्रवार को 15 पर्सेंट उछलकर 40.74 रुपये पर पहुंच गए हैं
- टीटीएमएल के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 55.60 रुपये है
टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा टेलिसर्विसेज महाराष्ट्र लिमिटेड ( टीटीएमएल या TTML) के शेयरों में जबरदस्त तेजी आई है। कंपनी के शेयर 40 रुपये के पार जा पहुंचे हैं। टीटीएमएल के शेयर शुक्रवार को BSE में 15 पर्सेंट की तेजी के साथ 40.74 रुपये पर पहुंच गए हैं। चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में टाटा ग्रुप की इस कंपनी को घाटे के मोर्चे पर बड़ी राहत मिली है। कंपनी का घाटा पहले से कम हो गया है। टीटीएमएल अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर भी दे चुकी है। टीटीएमएल का मार्केट कैप शुक्रवार को 7900 करोड़ रुपये के पार जा पहुंचा है।
सितंबर तिमाही के नतीजों में क्या अपडेट?
टाटा टेलिसर्विसेज महाराष्ट्र लिमिटेड (टीटीएमएल) को चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 59.20 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में टीटीएमएल को 320.82 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। सितंबर 2026 तिमाही में टीटीएमएल को ऑपरेशंस से मिला रेवेन्यू सालाना आधार पर 8.2 पर्सेंट बढ़ा है। चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में ऑपरेशंस से मिला रेवेन्यू 309.65 करोड़ रुपये रहा है। सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का इबिट्डा बढ़कर 164.61 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 139.77 करोड़ रुपये था। कंपनी के ऑपरेटिंग मार्जिन में भी सुधार देखने को मिला है और यह 35.10 पर्सेंट से बढ़कर 41.73 पर्सेंट पहुंच गया है।
1300% से ज्यादा चढ़ गए हैं TTML के शेयर
टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा टेलिसर्विसेज महाराष्ट्र लिमिटेड (TTML) के शेयर पिछले 7 साल में 1300 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। कंपनी के शेयर 8 नवंबर 2019 को 2.90 रुपये पर थे। टीटीएमएल के शेयर 6 नवंबर 2026 को 40.74 रुपये पर जा पहुंचे हैं। हालांकि, पिछले 5 साल में टीटीएमएल के शेयरों में 34 पर्सेंट से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है। पिछले एक साल में कंपनी के शेयर 23 पर्सेंट से अधिक टूट गए हैं। इस साल अब तक कंपनी के शेयर 15 पर्सेंट से ज्यादा लुढ़क गए हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 55.60 रुपये है। वहीं, टीटीएमएल के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 30.12 रुपये है।
बोनस शेयर भी दे चुकी है कंपनी
टाटा टेलिसर्विसेज महाराष्ट्र लिमिटेड (TTML) अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर भी दे चुकी है। कंपनी ने अगस्त 2013 में अपने निवेशकों को 2:15 के अनुपात में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 15 शेयर पर 2 बोनस शेयर दिए हैं। टीटीएमएल, सेलुलर एंड फिक्स्ड लाइन सर्विसेज इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




