Home rss business hindi टाटा ग्रुप में बड़ा बदलाव: नोएल टाटा 4 कंपनियों के नहीं रहेंगे...

टाटा ग्रुप में बड़ा बदलाव: नोएल टाटा 4 कंपनियों के नहीं रहेंगे चेयरमैन, इन 2 से भी हो रही विदाई

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Noel Tata: नोएल टाटा 4 कंपनियों ट्रेंट, वोल्टास, टाटा इन्वेस्टमेंट कार्पोरेशन और टाटा इंटरनेशनल के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन पद छोड़ेंगे
  • नोएल टाटा के हटने के बाद टाटा इंटरनेशनल की कमान टाटा स्टील के मैनेजिंग डायरेक्टर टीवी नरेंद्रन संभालेंगे
  • वहीं, वोल्टास का चेयरमैन सुनील डिसूजा को बनाया गया है

टाटा ग्रुप में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। नोएल टाटा ग्रुप की छह कंपनियों के बोर्ड स्तर के पदों से हटने जा रहे हैं। वह 4 कंपनियों ट्रेंट, वोल्टास, टाटा इन्वेस्टमेंट कार्पोरेशन और टाटा इंटरनेशनल के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन पद छोड़ेंगे। इसके अलावा टाटा स्टील और टाइटन में वाइस चेयरमैन के पद से भी उनकी विदाई होगी।

इन पदों से हटने के बाद नोएल टाटा को चेयरमैन एमेरिटस बनाया जाएगा। हालांकि, वह टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन बने रहेंगे और टाटा संस के बोर्ड में ट्रस्ट्स के नॉमिनी डायरेक्टर के रूप में भी काम करते रहेंगे। टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की करीब 66% हिस्सेदारी है।

इन कंपनियों में नए चेयरमैन की नियुक्ति

नोएल टाटा के हटने के बाद टाटा इंटरनेशनल की कमान टाटा स्टील के मैनेजिंग डायरेक्टर टीवी नरेंद्रन संभालेंगे। वहीं, वोल्टास का चेयरमैन सुनील डिसूजा को बनाया गया है। ट्रेट के चेयरमैन पद के लिए एजीबी एंड पार्टनर्स के को-फाउंडर बहराम वकील को नामित किया गया है।

वोल्टास में मैनेजिंग डायरेक्टर मुकुंदन मेनन सीपी का कार्यकाल 24 मई 2027 को पूरा होगा। इसके बाद 25 मई 2027 से जयंत बालान पांच साल के लिए कंपनी के नए MD की जिम्मेदारी संभालेंगे।

रिटायरमेंट पॉलिसी के तहत फैसला

टाटा ग्रुप के मुताबिक, नेाएल टाटा का इन पदों से हटना ग्रुप की स्थापित रिटायरमेंट पॉलिसी का हिस्सा है। इसका टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस के बीच चल रहे मतभेदों से कोई संबंध नहीं है। इससे पहले रतन टाटा ने भी 70 साल की उम्र पूरी होने पर ग्रुप की रिटायरमेंट पॉलिसी के तहत एग्जीक्यूटिव पद छोड़ दिए थे।

नोएल टाटा ने जून में ट्रेंट की सालाना आम बैठक (AGM) के दौरान ही चेयरमैन पद छोड़ने के अपने इरादे का संकेत दिया था। इसके बाद वोल्टास के AGM में भी उन्होंने कहा था कि यह कंपनी के चेयरमैन के तौर पर उनकी आखिरी बैठक होगी।

टाटा ग्रुप में नेतृत्व को लेकर मतभेद भी चर्चा में

हालांकि, यह बदलाव ऐसे समय हो रहा है जब टाटा ग्रुप में नेतृत्व और गवर्नेंस को लेकर मतभेद सामने आए हैं। टाटा के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को फिर से पांच साल का कार्यकाल देने के प्रस्ताव का नोएल टाटा ने विरोध किया था। टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट कराने के प्रस्ताव पर भी उन्होंने आपत्ति जताई थी।

इसके अलावा उन्होंने फैसले लेने की प्रक्रिया और टाटा ट्रस्ट्स की ओर से नामित डायरेक्टर्स की भूमिका पर भी सवाल उठाए थे।

ऐसे में नोएल टाटा का छह कंपनियों के बोर्ड स्तर के पदों से हटना भले ही रिटायरमेंट पॉलिसी के तहत बताया जा रहा है, लेकिन यह बदलाव टाटा ग्रुप के भीतर नेतृत्व और गवर्नेंस को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच काफी अहम माना जा रहा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN