Home rss business hindi टाटा टेक्नोलॉजीज के बिक गए 21 लाख शेयर, बेचने वाले का कंपनी...

टाटा टेक्नोलॉजीज के बिक गए 21 लाख शेयर, बेचने वाले का कंपनी से तगड़ा कनेक्शन

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Tata Technologies news: टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा टेक्नोलॉजीज को लेकर एक नई खबर आई है। टाटा टेक्नोलॉजीज के पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक पैट्रिक रेमन मैकगोल्ड्रिक ने बीएसई पर खुले सौदे के जरिये कंपनी में करीब 165 करोड़ रुपये के शेयर बेचकर अपनी हिस्सेदारी घटा दी।

किस भाव पर बेचे गए शेयर

जानकारी के मुताबिक मैकगोल्ड्रिक ने चार चरणों में 21 लाख शेयर बेचे, जो पुणे स्थित वैश्विक उत्पाद इंजीनियरिंग और डिजिटल सर्विस कंपनी में 0.51 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर हैं। डील के तहत शेयर 785 रुपये प्रति शेयर के औसत भाव पर बेचे गए, जिससे लेनदेन का कुल मूल्य 164.85 करोड़ रुपये रहा। शेयर बिक्री के बाद टाटा टेक्नोलॉजीज में मैकगोल्ड्रिक की हिस्सेदारी 1.13 प्रतिशत से घटकर 0.62 प्रतिशत रह गई। टाटा टेक्नोलॉजीज के शेयर की बात करें तो वर्तमान में 800 रुपये के स्तर पर है।

मैकगोल्ड्रिक ने कब छोड़ी कंपनी

मैकगोल्ड्रिक ने कंपनी के साथ 20 साल तक काम करने के बाद सितंबर 2014 में टाटा टेक्नोलॉजीज के सीईओ और एमडी पद से सेवानिवृत्ति ली थी। मैकगोल्ड्रिक की लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, वह फिलहाल आरएनटी एसोसिएट्स इंटरनेशनल पीटीई लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक हैं। यह रतन टाटा की कंपनी है, जो नई टेक्नोलॉजी और कारोबारी मॉडलों वाली कंपनियों को परामर्श सेवाएं देने के साथ उनमें निवेश करती है। मैकगोल्ड्रिक ने टाटा समूह में इंजीनियरिंग सेवा कंपनी के निर्माण और विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। नवंबर 2017 में उनकी जगह वॉरेन हैरिस ने ली थी।

मुनाफे में उछाल

चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड का नेट प्रॉफिट 6.2 प्रतिशत बढ़कर 180.75 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 170.28 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी की परिचालन आय बढ़कर 1,664.63 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 1,244.29 करोड़ रुपये थी।

ब्रेकआउट ईयर की उम्मीद

टाटा टेक्नोलॉजीज को भरोसा है कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 उसके लिए ‘बड़ी छलांग’ (ब्रेकआउट ईयर) वाला साल साबित होगा। बीते दिनों एक इंटरव्यू में कंपनी के सीईओ और एमडी वॉरेन हैरिस ने यह बात कही थी। उन्होंने कहा कि दुनिया भर की वाहन विनिर्माता कंपनियां नए उत्पादों के विकास में निवेश बढ़ा रही हैं और अधिक से अधिक कार्य बाहरी कंपनियों को सौंप रही हैं, जिसका सीधा लाभ टाटा टेक्नोलॉजीज को मिल रहा है।

हैरिस ने कहा कि कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कई पूर्ण वाहन प्रोग्राम प्रोजेक्ट्स हासिल की हैं। इनमें टेनेको के साथ 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर का कॉन्ट्रैक्ट भी शामिल है। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने मजबूत दो अंक की वार्षिक वृद्धि के लक्ष्य को लेकर आश्वस्त है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN