Source :- LIVE HINDUSTAN

अमेरिकी अरबपतियों के लिए शुक्रवार ब्लैक फ्राइडे साबित हुआ। एआई के रथ पर सवार टेक कंपनियों के मालिकों की संपत्ति में तब बहुत बड़ी सेंध लगी, जब इनके शेयर बुरी तरह टूट गए। दुनिया के टॉप-10 में शामिल सभी 9 अमेरिकी अरबपतियों को करीब 82 अरब डॉलर की चोट पहुंची। एक ओर अमेरिकी अरबपतियों की संपत्ति में सेंध लगी तो दूसरी ओर भारत के गौतम अडानी पर डॉलर की बरिश हो रही थी।

भारत के सबसे अमीर व्यक्ति अडानी रहे टॉप गेनर

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक शुक्रवार को अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी टॉप गेनर रहे। उनकी संपत्ति में 4.56 अरब डॉलर की बढ़त दर्ज की गई और अडानी का नेटवर्थ 120 अरब डॉलर पर पहुंच गया। जबकि, इस मामले में वॉरने बफेट दूसरे नंबर पर रहे, जिनकी संपत्ति 3 अरब डॉलर बढ़कर 146 अरब डॉलर पर पहुंच गई। हालांकि, अडानी और बफेट दोनों दुनिया के टॉप-10 अरबपतियों में शामिल नहीं हैं।

लैरी एलिसन सबसे बड़े लूजर

शुक्रवार को सबसे अधिक नुकसान लैरी एलिसन को हुआ। ओरेकल के मालिक एलिसन को एक ही दिन में 23.7 अरब डॉलर का झटका लगा। इस झटके से एलिसन दुनिया के अमीरों की रैंकिंग में चौथे से लुढ़ककर 5वें स्थान पर आ गए। उनका नेटवर्थ 267 अरब डॉलर रह गया है।

मस्क को करीब 20 अरब डॉलर का झटका

दूसरा बड़ा झटका एलन मस्क को लगा। दुनिया के सबसे रईस इस शख्स का नेटवर्थ एक ही दिन में 19.7 अरब डॉलर घटकर 703 अरब डॉलर रह गया। इनके अलावा माइकल डेल को 12 अरब डॉलर की तगड़ी चोट पहुंची और अब उनकी कुल संपत्ति 214 अरब डॉलर रह गई है।

इनके बाद मार्क जुकरबर्ग को 11.8 अरब डॉलर की चोट पहुंची और नेटवर्थ घटकर 211 अरब डॉलर रह गया। जेनसेन हुआंग भी 11 अरब डॉलर गंवाए और उनकी कुल संपत्ति 170 अरब डॉलर रह गई है।

इनको भी लगे झटके, लेकिन थोड़े हल्के रहे

झटका तो लैरी पेज, सर्गेई ब्रिन, जेफ बेजोस और स्टीव बाल्मर को भी लगे, लेकिन थोड़े हल्के थे। लैरी पेज को 2.69 अरब डॉलर का नुकसान हुआ। उनका नेटवर्थ 313 अरब डॉलर रह गया है। सर्गेई ब्रिन को 2.48 अरब डॉलर और जेफ बेजोस को 6 अरब डॉलर का फटका पड़ा है। जबकि, स्टीव बाल्मर ने 3.61 अरब डॉलर गंवाए हैं।

क्यों लगी दौलत में सेंध

दरअसल शुक्रवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में भारी बिकवाली और ब्याज दरों को लेकर बढ़ती चिंताओं ने निवेशकों की धारणा को झटका दिया। शुक्रवार को वॉल स्ट्रीट पर तकनीकी शेयरों में तेज बिकवाली देखने को मिली। नैस्डैक में अप्रैल 2025 के बाद सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मेटा, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, अल्फाबेट, डेल, ओरेकल, एनवीडिया जैसे शेयर धड़ाम हो गए। नैस्डैक 100 इंडेक्स 4.8% टूट गया। इसका असर इन अरबपतियों के नेटवर्थ पर पड़ा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN